14 गिरफ्तार, 82 पर FIR, कई पुलिसवाले भी नपे; खगड़िया बवाल में बड़ा ऐक्शन
बच्ची की रेप के बाद हत्या मामले में खगड़िया में कलेक्ट्रेट परिसर में तोड़फोड़, हंगामा और बवाल के मामले में 14 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। जब 82 के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। आठ पुलिसकर्मी और चौकीदार को सस्पेंड कर दिया गया है, जबकि चार थानाध्यक्ष से शोकॉज जारी हुआ है।
चार साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या मामले में खगड़िया में 8 जनवरी को असमाजिक तत्वों द्वारा महिलाओं और युवकों की भीड़ जमाकर कलेक्ट्रेट परिसर व सभाकक्ष में हंगामा करने एवं तोड़फोड़ करने के मामले में पुलिस ने 14 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि इस मामले में शहर के चित्रगुप्तनगर थानाध्यक्ष के बयान पर थाने में 82 नामजद व अन्य अज्ञात के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया है। एसपी राकेश कुमार ने शुक्रवार को बताया कि कलेक्ट्रेट परिसर में जबरदस्ती घुसकर प्रदर्शन करने एवं सभाकक्ष में घुस कर हंगामा कर रहे लोगों को सदर एसडीपीओ वन मुकुल रंजन, चित्रगुप्त नगर, नगर थानाध्यक्ष द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए सभी को बाहर निकाला गया था।
भीड़ में शामिल लोगों द्वारा पीड़िता के फोटो और नाम को भी सार्वजनिक कर दिया गया जो पॉक्सो अधिनियम की धारा 23 व भारतीय नागरिक संहिता की धारा 72 का उल्लंघन है। इस मामले में एफआईआर दर्ज करते हुए 14 को गिरफ्तार किया गया है। वहीं ड्यूटी में लापरवाही बरतने के आरोप में शहर के राजेन्द्र चौक, कलेक्ट्रेट रोड, कलेक्ट्रेट परिसर में तैनात आठ पुलिस कर्मियों, ट्रैफिक पुलिस व संबंधित चौकीदारों को सस्पेंड कर दिया गया है।
एसपी राकेश कुमार ने शुक्रवार को बताया कि इन तैनात पुलिस कर्मियों द्वारा भीड़ देखने के बावजूद भी वरीय अधिकारियों को ससमय न तो सूचना दे सके और न ही नियंत्रित कर सके। इसके कारण कलेक्ट्रेट परिसर में घुसकर हंगामा किया गया। कलेक्ट्रेट परिसर में हंगामा के कारण अफरा तफरी की स्थिति उत्पन्न हो गई थी। आलम यह था कि इस भीड़ में शामिल लोग, युवाओं ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में भी घुसकर हंगामा किया था।
वहीं अधिकारियों की कुर्सी पर भी बैठकर सेल्फी समेत अन्य अव्यवहारिक आचरण कर रहे थे। एसपी राकेश कुमार ने हंगामा मामले में पूरी तरह से सख्ती बरतते हुए नगर थाना, चित्रगुप्तनगर थाना, अलौली थाना समेत चार थानाध्यक्षों से स्पष्टीकरण तलब किया गया है। क्योंकि आसूचना संकलन में कमी, अनावश्यक भीड़ जमा होने के बावजूद भी किसी भी प्रकार की तत्परता नहीं बरतने को लेकर स्पष्टीकरण तलब किया गया है।
वहीं एसपी ने कहा कि जांच जारी है। अगर और भी कोई पुलिस कर्मी अथवा पुलिस पदाधिकारी की सुस्ती सामने आई तो चिन्हित कर कार्रवाई की जाएगी। एसपी ने बताया कि फेसबुक, व्हाटसएप, इंस्टाग्राम आदि सोशल मीडिया पर जिस भी व्यक्ति अथवा समूह ने इसे प्रदर्शित किया है। सभी को चिन्हित किया गया है। पोस्ट करने के बाद भी जिसने भी उसे सोशल मीडिया पर डिलीट कर दिया है। उसे भी चिन्हित किया जा चुका है। सूची तैयार की जा रही है। आईटी एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज होगी और दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी।
वहीं सदर विधायक बबलू मंडल ने डीएम को पत्र भेजकर गंगौर थाना क्षेत्र के एक गांव में चार वर्षीया मासूम बच्ची के साथ हुई नृशंस घटना मामले में स्पीडी ट्रायल चलाकर सजा दिलाने की बात कही है। उन्होंने भेज पत्र में कहा कि इस घटना में शामिल बदमाश गिरफ्तार किए गए है। सरकार भी ऐसे बदमाश को लेकर काफी सख्त है। स्पीडी ट्रायल चलाकर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना सभी की मांग है।





