
12000 फीट लंबा रनवे, 90 एकड़ जमीन; संसद में दरभंगा एयरपोर्ट को इंटरनेशनल घोषित करने की मांग
दरभंगा एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय दर्जा देने की मांग राज्यसभा सांसद संजय झा ने बुधवार को संसद में उठाई। दरभंगा एयरपोर्ट के रनवे का विस्तार 12000 फीट तक किया जाना है। इसके लिए 90 एकड़ जमीन अतिरिक्त अधिग्रहित की जा रही है।
संसद के बजट सत्र के दौरान बिहार के दरभंगा एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा घोषित करने की मांग की गई। जनता दल यूनाइडेट (JDU) के कार्यकारी अध्यक्ष एवं सांसद संजय झा ने राज्यसभा में कहा कि दरभंगा एयरपोर्ट बिहार में उड़ान योजना का सबसे सफलतम हवाई अड्डा है। पिछले पांच सालों में यहां से 30 लाख यात्री सफर कर चुके हैं। उन्होंने केंद्र सरकार से सभी मंत्रालयों के साथ समन्वय स्थापित कर इसे जल्द से जल्द अंतरराष्ट्रीय दर्जा देने का अनुरोध किया।
झा ने बुधवार को सदन में दरभंगा एयरपोर्ट का मुद्दा उठाते हुए हा कि बिहार सरकार ने 18 सितंबर 2024 और 26 दिसंबर 2025 को केंद्र के नागरिक उड्डयन मंत्रालय को इस संबंध में प्रस्ताव भेजा था। इसमें दरभंगा एयरपोर्ट पर वाइड बॉडी (बड़े) विमानों के संचालन हेतु रनवे विस्तार करने और अंतरराष्ट्रीय फ्लाइट शुरू करने की मांग की गई थी।
सांसद ने बताया कि वर्तमान में दरभंगा एयरपोर्ट भारतीय सेना के नियंत्रण में है। इसलिए विस्तार के लिए केंद्र सरकार के समन्वय की जरूरत है। भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) ने 18 अक्टूबर 2024 को अंतरराष्ट्रीय मानक के अनुरूप दरभंगा एयरपोर्ट के रनवे को 12000 फीट तक विस्तार करने के लिए 90 एकड़ अतिरिक्त भूमि की जरूरत बताई थी।
उन्होंने कहा कि इसके लिए बिहार सरकार द्वारा 13 नवंबर 2024 को रक्षा मंत्रालय से अनापत्ति पत्र का अनुरोध किया गया। रक्षा मंत्रालय ने 9 दिसंबर को सैद्धांतिक स्वीकृति भी दे दी। फिर बिहार कैबिनेट 10 जनवरी 2025 को अतिरिक्त जमीन को अधिग्रहित करने के लिए 245 करोड़ की राशि आवंटित की। दरभंगा जिला प्रशासन को यह राशि दे दी गई है। साथ ही भूमि अधिग्रहण का काम अंतिम चरण में है।
संजय झा ने कहा कि दरभंगा एयरपोर्ट मिथिला समेत समूचे उत्तर बिहार और नेपाल तक के लोगों को अहम हवाई अड्डा है। इसके इटंरनेशनल एयरपोर्ट बनने से पूरे क्षेत्र को फायदा होगा। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में पैदा होने वाले मखाना को कार्गो सेवा के जरिए देश और दुनिया भर में भेजा जा सकेगा। साथ ही मिथिला और नेपाल को अंतरराष्ट्रीय संपर्क मिलेगा।
दरभंगा एयरपोर्ट के पास बनेगा कार्गो हब और लॉजिस्टिक पार्क
बिहार सरकार ने हालिया बजट में दरभंगा एयरपोर्ट के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा बनाने का संकल्प लिया है। इसके लिए रनवे विस्तार और सिविल एन्क्लेव निर्माण के लिए राशि का प्रावधान किया गया है। इसके अलावा नीतीश सरकार ने दरभंगा एयरपोर्ट के पास एक लॉजिस्टिक पार्क और कार्गो हब बनाने की भी घोषणा की है। इससे मिथिला एवं उत्तर बिहार के कृषि आधारित उत्पादों के हवाई कार्गो परिवहन में बढ़ोतरी होगी। इससे क्षेत्र का आर्थिक विकास हो सकेगा।

लेखक के बारे में
Jayesh Jetawatजयेश जेतावत बिहार में राजनीतिक, सामाजिक और आपराधिक घटनाओं पर गहराई से नजर रखते हैं। बीते 10 सालों से स्थानीय मुद्दों को कवर कर रहे हैं। बिहार में पर्यटन एवं इंफ्रास्ट्रक्चर के मुद्दे पर भी गहरी पकड़ रखते हैं। जयेश मूलरूप से मेवाड़ क्षेत्र (राजस्थान) के रहने वाले हैं और लाइव हिन्दुस्तान में 4 साल से बिहार टीम का हिस्सा हैं। इससे पहले ईटीवी भारत, इंडिया न्यूज, वे2न्यूज और टाइम्स ऑफ इंडिया में विभिन्न पदों पर काम कर चुके हैं। समाचार लेखन के अलावा साहित्यिक पठन-लेखन में रुचि है।
और पढ़ें



