बिहार में स्कूली वैन पलटने से बच्ची की मौत के बाद बवाल, ड्राइवर पर टूट पड़ी भीड़; पुलिस ने बचाया
नवादा के गोविंदपुर में एक स्कूली वैन पलटने से 10 साल की छात्रा आरोही कुमारी की मौत हो गई और करीब 25 बच्चे घायल हो गए। ग्रामीणों ने ड्राइवर पर शराब पीकर गाड़ी चलाने का आरोप लगाया और उसकी पिटाई कर दी। पुलिस ने ड्राइवर को हिरासत में ले लिया है और सभी घायलों का इलाज अस्पताल में जारी है।

Bihar News: बिहार के नवादा जिले के गोविंदपुर थाना क्षेत्र के हर नारायणपुर गांव के पास बच्चों से भरी एक स्कूली वैन अनियंत्रित होकर पलट गई। इस दर्दनाक हादसे में 10 वर्षीय छात्रा आरोही कुमारी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 20 से 25 बच्चे घायल हो गए हैं। घटना के बाद इलाके में चीख-पुकार मच गई और गुस्साए ग्रामीणों ने ड्राइवर की जमकर पिटाई कर दी।
नशे में धुत था ड्राइवर
हादसे के बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि स्कूली वैन का ड्राइवर शराब के नशे में धुत था। चश्मदीदों के अनुसार, वैन की रफ्तार काफी तेज थी और नशे में होने के कारण ड्राइवर ने संतुलन खो दिया, जिससे गाड़ी सड़क किनारे पलट गई। आक्रोशित भीड़ ने ड्राइवर को पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। सूचना मिलते ही गोविंदपुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद ड्राइवर को भीड़ के चंगुल से छुड़ाकर थाने ले गई। फिलहाल पुलिस मामले की आधिकारिक पुष्टि और जांच में जुटी है।
परिजनों में कोहराम, अस्पताल में भर्ती घायल बच्चे
इस हादसे में जान गंवाने वाली छात्रा आरोही कुमारी गोविंदपुर के दर्शन गांव की रहने वाली थी। बेटी की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया है। वहीं, घायल बच्चों को तुरंत स्थानीय अस्पताल और नवादा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घायलों में आमिर खान, रोशन कुमार, नैंसी कुमारी, संध्या कुमारी, तन्नू, गौरव, कृष और दीपेश समेत दो दर्जन बच्चे शामिल हैं, जिनमें से ज्यादातर कटैया और दर्शन गांव के निवासी हैं।
स्कूली वाहनों की सुरक्षा पर उठे सवाल
यह हादसा एक बार फिर स्कूलों और परिवहन विभाग की लापरवाही को उजागर करता है। ग्रामीणों का कहना है कि अगर पुलिस की गश्त और चेकिंग सही होती, तो नशे में धुत ड्राइवर बच्चों की जिंदगी से खिलवाड़ नहीं कर पाता। फिलहाल पुलिस ने वैन को कब्जे में ले लिया है और घायलों की सूची तैयार कर उनके परिजनों को सूचित किया जा रहा है।


