इस कंपनी ने किया 28.6 लाख कारें वापस बुलाने का फैसला, कहीं आपकी गाड़ी तो नहीं? ऐसे करें चेक

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

फॉक्सवैगन ग्रुप ने दुनियाभर में बेची गई अपनी करीब 28.6 लाख कारों को वापस बुलाने का बड़ा फैसला लिया है। कंपनी ने यह कदम कारों के स्टीयरिंग सिस्टम में आई एक बड़ी खराबी की वजह से एहतियातन उठाया है।

volkswagen group has issued a global recall for 2-86 million cars
फॉक्सवैगन ग्रुप ग्लोबल रिकॉल

फॉक्सवैगन ग्रुप ने दुनियाभर में बेची गई अपनी करीब 28.6 लाख फॉक्सवैगन और ऑडी कारों को वापस बुलाने का बड़ा फैसला लिया है। कंपनी ने यह कदम कारों के स्टीयरिंग सिस्टम में आई एक बड़ी खराबी की वजह से एहतियातन उठाया है। इस रिकॉल लिस्ट में फॉक्सवैगन की गोल्फ, टिगुआन, टूरान, कैडी और ऑडी के कई पॉपुलर मॉडल शामिल हैं। अच्छी बात यह है कि जर्मनी की सड़क परिवहन एजेंसी (KBA) के अनुसार, इस खराबी के कारण अभी तक किसी भी दुर्घटना, चोट या नुकसान की कोई खबर सामने नहीं आई है। आइए जानते हैं पूरी खबर के बारे में विस्तार से।

क्या है असली समस्या?

यह पूरा मामला कार के स्टीयरिंग रैक को फ्रंट सबफ्रेम से जोड़ने वाले एक बोल्ट से जुड़ा हुआ है। सालों तक सड़कों पर चलने, धूल-मिट्टी और खासकर सर्दियों में सड़कों पर पड़ने वाले नमक के संपर्क में आने से इस बोल्ट में जंग लगने का खतरा बन जाता है। अगर जंग बहुत ज्यादा बढ़ जाए तो यह बोल्ट बीच से टूट सकता है। इससे स्टीयरिंग रैक हाउसिंग को नुकसान पहुंच सकता है। ऐसी स्थिति में ड्राइवर का गाड़ी के स्टीयरिंग पर से कंट्रोल अचानक कम हो सकता है या पूरी तरह खत्म हो सकता है।

कौन-कौन सी गाड़ियां हैं प्रभावित?

इस ग्लोबल रिकॉल के तहत फॉक्सवैगन की करीब 21.6 लाख गाड़ियां और ऑडी की 6.96 लाख से ज्यादा Q3 SUV शामिल हैं। इनमें सितंबर, 2013 से जुलाई, 2024 के बीच बनी फॉक्सवैगन की कारें और अक्टूबर 2017 से मई 2024 के बीच बनी ऑडी Q3 शामिल हैं। भारत जैसे मार्केट्स की बात करें तो यहां टिगुआन और ऑडी Q3 काफी समय से बेची जा रही हैं। हालांकि, सिर्फ मॉडल का नाम लिस्ट में होने का मतलब यह नहीं है कि आपकी कार में भी यह खराबी होगी। यह उत्पादन की तारीख और पार्ट के कॉम्बिनेशन पर निर्भर करता है।

कार मालिक कैसे करें पहचान?

अगर आपके पास भी फॉक्सवैगन या ऑडी की कार है, तो पैनिक होने की बिल्कुल जरूरत नहीं है। अपनी कार के प्रभावित होने की सही जानकारी के लिए आप अपनी गाड़ी के 17-अंकों वाले VIN (व्हीकल आइडेंटिफिकेशन नंबर) को कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट पर डाल कर चेक कर सकते हैं। इसके अलावा, नजदीकी ऑथराइज्ड डीलरशिप से संपर्क कर सकते हैं। अगर आपकी गाड़ी इस रिकॉल लिस्ट में आती है, तो डीलरशिप बिना किसी चार्ज के पुराने बोल्ट को बदलकर नया बोल्ट लगा देगी। इस काम में करीब एक घंटे का समय लगता है।

क्यों गंभीरता से लेना है जरूरी?

स्टीयरिंग से जुड़ा कोई भी रिकॉल हमेशा गंभीर होता है क्योंकि इसका सीधा संबंध कार की सेफ्टी और कंट्रोल से होता है। सबसे बड़ी बात यह है कि बोल्ट में जंग लग रहा है या नहीं, इसे कार मालिक बाहर से देखकर आसानी से नहीं पहचान सकता। गाड़ी चलाने में बिल्कुल नॉर्मल लग सकती है, भले ही अंदर बोल्ट कमजोर हो रहा हो। बता दें कि रिकॉल का दायरा काफी बड़ा है। अकेले जर्मनी में करीब 9 लाख फॉक्सवैगन और 58,000 ऑडी Q3 प्रभावित हैं। जबकि अमेरिका में भी 2 लाख से ज्यादा गाड़ियां इसके दायरे में आई हैं।

Ashutosh Kumar

लेखक के बारे में

Ashutosh Kumar

देश-दुनिया की खबरों में रुचि पत्रकारिता में खींच लाई। IIMC, नई दिल्ली से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। पत्रकारिता की शुरुआत 2022 में ‘लाइव हिंदुस्तान’ से हुई। बीते करीब 4 सालों से आशुतोष बिजनेस और ऑटो सेक्शन में काम कर रहे हैं। राजनीति, बिजनेस और धर्म में खास रुचि है। लाइव हिंदुस्तान में बिजनेस, टेक, ऑटो, स्पोर्ट्स, एस्ट्रोलॉजी, करियर और न्यूज सेक्शन में लगातार काम करने का अनुभव है। लाइव हिंदुस्तान के लिए बिहार चुनाव 2025 का ग्राउंड पर जाकर पूरा वीडियो कवरेज किया है। बड़े नेताओं और लेखकों के साथ 50 से ज्यादा इंटरव्यू लेने का अनुभव भी रखते हैं। आशुतोष को उनकी रिपोर्टिंग के लिए संस्थान की ओर से प्रतिष्ठित ‘Digi journo of the Quarter’ अवार्ड भी मिल चुका है।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

Hindi Newsऑटो न्यूज़इस कंपनी ने किया 28.6 लाख कारें वापस बुलाने का फैसला, कहीं आपकी गाड़ी तो नहीं?