मार्केट में आ रही हैं ये 5 धाकड़ देसी SUV, इनमें इलेक्ट्रिक से हाइब्रिड तक शामिल; जानिए कब होंगी लॉन्च
महिंद्रा के पास इस समय सबसे ज्यादा सफल एसयूवी गाड़ियों का पोर्टफोलियो है। इस बादशाहत को बनाए रखने के लिए महिंद्रा आने वाले दिनों में एक के बाद एक 5 नए धांसू मॉडल्स लॉन्च करने जा रही है।

भारतीय मार्केट में देसी कार निर्माता महिंद्रा का दबदबा किसी से छिपा नहीं है। कंपनी के पास इस समय सबसे ज्यादा सफल एसयूवी गाड़ियों का पोर्टफोलियो है। मार्केट में अपनी इस बादशाहत को मजबूती से बनाए रखने के लिए महिंद्रा आने वाले महीनों और सालों में एक के बाद एक 5 नए धांसू मॉडल्स लॉन्च करने जा रही है। अगर आप भी महिंद्रा की नई कार खरीदने की सोच रहे हैं, तो आपके लिए ढेरों शानदार ऑप्शंस आने वाले हैं। इस लिस्ट में इलेक्ट्रिक और हाइब्रिड से लेकर ऑफ-रोड लाइफस्टाइल एसयूवी तक सब कुछ शामिल है। आइए जानते हैं महिंद्रा की इन 5 अपकमिंग गाड़ियों के बारे में।
महिंद्रा BE 6
महिंद्रा की इस ऑल-इलेक्ट्रिक एसयूवी को ज्यादा प्रीमियम और टेक-लोडेड बनाने के लिए बड़े अपडेट्स दिए जा रहे हैं। इसमें सबसे बड़ा बदलाव डैशबोर्ड पर दिखने वाला ट्रिपल-स्क्रीन सेटअप होगा। इसमें पैसेंजर के लिए अलग 12.3-इंच की स्क्रीन दी जाएगी। इसके अलावा, नए ब्लैक और टैन इंटीरियर थीम के साथ-साथ सेंटर कंसोल को नया लुक मिलेगा, जिससे वायरलेस चार्जर और यूएसबी पोर्ट्स का इस्तेमाल आसान हो जाएगा। हालांकि, मैकेनिकल तौर पर इसमें कोई बदलाव नहीं होगा। यह 59 kWh व 79 kWh बैटरी पैक के साथ ही आएगी।
महिंद्रा थार फेसलिफ्ट
महिंद्रा अपनी मशहूर 3-डोर थार को बड़ा अपडेट देने की तैयारी में है। इसे जल्द ही पेश किया जा सकता है। इसमें सबसे खास फीचर के तौर पर थार रॉक्स वाला ADAS (एडवांस्ड ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम) सुरक्षा सूट मिलेगा। इसमें ऑटोमैटिक इमरजेंसी ब्रेकिंग और लेन कीप असिस्ट जैसे फीचर्स शामिल होंगे। इसके अलावा, केबिन में 10.25-इंच का डिजिटल क्लस्टर, वेंटिलेटेड सीट्स, ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल और हरमन कार्डन का ऑडियो सिस्टम जोड़ा जाएगा। हालांकि, पावरट्रेन में कोई बदलाव नहीं होगा।
महिंद्रा विजन S
महिंद्रा एक बिल्कुल नई कॉम्पैक्ट लाइफस्टाइल एसयूवी 'विजन एस' पर काम कर रही है। इसे XUV 3XO के ऊपर रखा जाएगा। यह कार कंपनी के नए NU_IQ प्लेटफॉर्म पर बेस्ड होगी। इस पर पेट्रोल, डीजल, हाइब्रिड और इलेक्ट्रिक सभी तरह के इंजन फिट हो सकते हैं। इस एसयूवी का लुक काफी बॉक्सी और मस्कुलर होगा। इसमें 6-स्लेट ग्रिल, फ्लश डोर हैंडल्स, पैनोरमिक सनरूफ और पीछे टेलगेट पर लगा स्पेयर व्हील मिलेगा। इसे करीब 2027 तक मार्केट में उतारा जा सकता है।
महिंद्रा BE 07
यह महिंद्रा की Born Electric रेंज की एक बड़ी और ज्यादा प्रैक्टिकल फैमिली-ओरिएंटेड इलेक्ट्रिक एसयूवी होगी। इसे BE 6 के ऊपर पोजिशन किया जाएगा। इस कार में फ्रेमलेस डोर्स, फ्लश हैंडल और ग्लास रूफ जैसी प्रीमियम चीजें देखने को मिलेंगी। इंटीरियर की बात करें तो इसमें भी ट्रिपल-स्क्रीन डैशबोर्ड, हेड-अप डिस्प्ले, 360-डिग्री कैमरा और लेवल 2 ADAS जैसी आधुनिक तकनीक दी जाएगी। यह ईवी 59 kWh और 79 kWh बैटरी ऑप्शंस के साथ आएगी। यह फुल चार्ज पर 600 किमी से ज्यादा की रेंज दे सकती है।
महिंद्रा XUV 7XO हाइब्रिड
महिंद्रा XUV 7XO के माइलेज से जुड़ी ग्राहकों की शिकायत को दूर करने के लिए महिंद्रा इसका स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड वर्जन लाने की तैयारी में है। इसे 2027 के आसपास पेश किया जा सकता है। इसमें 1.5-लीटर पेट्रोल इंजन के साथ इलेक्ट्रिक मोटर और बैटरी पैक का इस्तेमाल किया जाएगा, जो करीब 180bhp की पावर जनरेट करेगा। इसकी सबसे बड़ी खासियत इसका शानदार माइलेज होगा, जो रियल-वर्ल्ड कंडीशन में 22 से 25 किमी प्रति लीटर तक मिल सकता है।



