पैसों का रखिए इंतजाम! सितंबर तक भारतीय मार्केट में आ रही हैं ये 5 शानदार कारें; लॉन्च कब?
भारत में फेस्टिव सीजन शुरू होने वाला है। कार कंपनियां ग्राहकों को लुभाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। अगले 2 से 3 महीनों में भारतीय ऑटो मार्केट में कई नई कारें दस्तक देने वाली हैं।

भारत में फेस्टिव सीजन शुरू होने वाला है। कार कंपनियां ग्राहकों को लुभाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। अगले 2 से 3 महीनों में भारतीय ऑटो मार्केट में कई नई कारें दस्तक देने वाली हैं। सिर्फ सितंबर तक ही शोरूम्स में 5 नए मॉडल्स लॉन्च होने की उम्मीद है। इनमें SUV, हैचबैक और सेडान तीनों सेगमेंट की गाड़ियां शामिल हैं। अगर आप भी इस फेस्टिवल सीजन में नई गाड़ी खरीदने का मन बना रहे हैं, तो आपके पास ढेरों बेहतरीन ऑप्शन मौजूद होंगे। आइए जानते हैं इन 5 मोस्ट-अवेटेड अपकमिंग कारों के बारे में विस्तार से।
महिंद्रा BE 6 स्पोर्टेक
महिंद्रा अपनी पॉपुलर इलेक्ट्रिक कार BE 6 का नया 'स्पोर्टेक' ट्रिम लॉन्च करने जा रही है। इस नए टॉप वैरिएंट में ग्राहकों को महिंद्रा की XEV 9S, XEV 9e और XUV 7XO जैसी गाड़ियों की तरह ही ट्रिपल-स्क्रीन सेटअप देखने को मिलेगा। इसके केबिन में ब्लैक और टैन रंग का नया डुअल-टोन कलर स्कीम दिया जाएगा। इसके अलावा, डैशबोर्ड को सेंटर कंसोल से जोड़ने वाले हिस्से में बदलाव किया गया है, जिससे कार के अंदर सामान रखने के लिए ज्यादा जगह मिलेगी।
नई स्कोडा स्लाविया
स्कोडा अपनी पॉपुलर सेडान स्लाविया को नए अवतार में पेश करने के लिए तैयार है। इस नए मॉडल में नई ग्रिल, नए बंपर, रीडिजाइन की गई हेडलाइट्स और टेललाइट्स के साथ नए 16-इंच के अलॉय व्हील्स मिलेंगे। कार के केबिन में 10.25-इंच का डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, अपग्रैडेड एसी और फ्रंट पार्किंग सेंसर जैसे फीचर्स दिए जाएंगे। खास बात यह है कि इसमें इस सेगमेंट में पहली बार 8-स्पीड ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन और रियर-सीट मसाज फंक्शन मिलने की उम्मीद है।
एमजी हेक्टर टोमाहॉक
एमजी मोटर अपनी नई 3-रो एसयूवी हेक्टर टोमाहॉक को मार्केट में उतारने जा रही है। इसे हेक्टर प्लस से ऊपर रखा जाएगा। शुरुआत में इस बड़ी एसयूवी को प्योर इलेक्ट्रिक पावरट्रेन के साथ पेश किया जाएगा, जो सीधे तौर पर महिंद्रा XEV 9S को टक्कर देगी। कंपनी इसे पूरी तरह से इलेक्ट्रिक अवतार में लाने के बाद, आने वाले कुछ महीनों में इसमें प्लग-इन हाइब्रिड (PHEV) सिस्टम का ऑप्शन भी जोड़ने की योजना बना रही है।
किआ सोरेंटो हाइब्रिड
किआ भारत में अपनी पहली हाइब्रिड गाड़ी के तौर पर सोरेंटो हाइब्रिड को लॉन्च करने जा रही है। कंपनी साउथ कोरिया से इसके नॉक-डाउन किट्स आयात करके भारत में ही असेंबल करेगी, ताकि इसकी कीमत को किफायती रखा जा सके। यह एक प्रीमियम डी-सेगमेंट एसयूवी होगी, जिसका सीधा मुकाबला बाजार में मौजूद स्कोडा कोडियाक, फॉक्सवैगन टेरॉन और टोयोटा फॉर्च्यूनर जैसी दमदार गाड़ियों से होगा।
नई मारुति बलेनो
मारुति सुजुकी अपनी पॉपुलर हैचबैक बलेनो का नया फेसलिफ्ट मॉडल लेकर आ रही है। इस अपडेटेड मॉडल में कुछ कॉस्मैटिक बदलाव देखने को मिलेंगे, जैसे कि नया फ्रंट बंपर, चौड़ी क्रोम स्लेट वाली नई ग्रिल और नया इंटीरियर फैब्रिक। हालांकि, इसके इंजन में कोई मैकेनिकल बदलाव नहीं किया जाएगा। चर्चा यह भी है कि इसमें कंपनी का नया 1.2-लीटर 3-सिलेंडर सीरीज-हाइब्रिड सिस्टम मिल सकता है, जो लगभग 35 किमी/लीटर का शानदार माइलेज देने में सक्षम होगा।



