पैसों का रखिए इंतजाम! मार्केट में दस्तक देने आ रही हैं ये 4 शानदार हैचबैक कारें; जानिए कब होंगी लॉन्च
भारतीय मार्केट में कॉम्पैक्ट और सब-कॉम्पैक्ट SUV गाड़ियों का क्रेज तेजी से बढ़ रहा हो। खासकर पहली बार कार खरीदने वालों और शहरों के भारी ट्रैफिक में रोज गाड़ी चलाने वालों के लिए ये आज भी पहली पसंद हैं।

भारतीय मार्केट में कॉम्पैक्ट और सब-कॉम्पैक्ट SUV गाड़ियों का क्रेज तेजी से बढ़ रहा हो। इसके बावजूद हैचबैक कारों की अपनी अलग ही धाक है। खासकर पहली बार कार खरीदने वालों और शहरों के भारी ट्रैफिक व तंग गलियों में रोज गाड़ी चलाने वालों के लिए ये आज भी पहली पसंद हैं। अपनी सहूलियत, शानदार माइलेज और बजट-फ्रेंडली कीमत के चलते इनकी मांग हमेशा बनी रहती है। बता दें कि अगले 12 महीनों में भारतीय ऑटो मार्केट में चार बेहतरीन और अपडेटेड हैचबैक कारें दस्तक देने जा रही हैं। आइए जानते हैं इन 4 अपकमिंग कारों के बारे में विस्तार से।
टोयोटा ग्लैंजा फेसलिफ्ट
टोयोटा जल्द ही अपनी पॉपुलर हैचबैक ग्लैंजा का नया फेसलिफ्ट वर्जन लॉन्च करने की तैयारी में है। इसमें टोयोटा की सिग्नेचर स्टाइलिंग के साथ नया फ्रंट लुक और आकर्षक नए अलॉय व्हील्स देखने को मिलेंगे। कार के अंदर 9-इंच इंफोटेनमेंट स्क्रीन के अलावा वेंटिलेटेड सीट्स, 360-डिग्री कैमरा, हेड-अप डिस्प्ले और लेवल 2 ADAS जैसे प्रीमियम सेफ्टी फीचर्स जोड़े जाएंगे। इसमें नया 1.2-लीटर Z12E-सीरीज 3-सिलेंडर पेट्रोल इंजन मिलेगा, जो मैनुअल और AMT ऑटोमैटिक गियरबॉक्स के साथ आएगा।
मारुति वैगनआर फेसलिफ्ट
हर घर की पसंद मानी जाने वाली मारुति वैगनआर भी नए अवतार में सड़कों पर टेस्टिंग के दौरान देखी जा चुकी है। इसका सिग्नेचर टॉल-बाय डिजाइन तो वैसा ही रहेगा, लेकिन इसके एक्सटीरियर और इंटीरियर में कुछ नए और मॉडर्न बदलाव देखने को मिलेंगे। सबसे बड़ा बदलाव इसके हुड के नीचे होगा, जहां पुराने 1.2-लीटर इंजन की जगह नया 1.2-लीटर Z-सीरीज 3-सिलेंडर पेट्रोल इंजन दिया जाएगा। इसके साथ ही CNG वैरिएंट में भी अब ग्राहकों को पहली बार AMT ऑटोमैटिक गियरबॉक्स का ऑप्शन मिल सकता है।
नई हुंडई ग्रैंड i10 निओस
हुंडई ने भारत के लिए न्यू-जनरेशन ग्रैंड i10 निओस पर काम शुरू कर दिया है। इसे अगले साल तक लॉन्च किया जा सकता है। यह नई हैचबैक बिल्कुल नए प्लेटफॉर्म पर बेस्ड होगी, जिससे इसका लुक और डिजाइन काफी हद तक बदल जाएगा। इसके केबिन में बड़ा इंफोटेनमेंट स्क्रीन, सनरूफ, वेंटिलेटेड सीट्स, ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल और डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले जैसे शानदार फीचर्स दिए जाएंगे। इसमें पहले वाला ही भरोसा मंद 1.2-लीटर पेट्रोल इंजन मिलेगा, जो मैनुअल, AMT और CNG ऑप्शंस में उपलब्ध होगा।
न्यू हुंडई i20
हुंडई की प्रीमियम हैचबैक i20 का चौथा जनरेशन मॉडल K3 प्लेटफॉर्म पर तैयार किया जा रहा है। इसका डिजाइन थोड़ा क्रॉसओवर जैसा और साइज में पहले से बड़ा होगा। इसके केबिन को पूरी तरह री-डिजाइन किया जाएगा, जिसमें डुअल 12.3-इंच स्क्रीन, लेवल 2 ADAS, वायरलेस चार्जिंग और कनेक्टेड कार टेक जैसे फीचर्स मिलेंगे। भारतीय मार्केट में इसे 2027 तक उतारे जाने की उम्मीद है। इसमें 1.2-लीटर नेचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल व 1.0-लीटर टर्बो-पेट्रोल इंजन का ऑप्शन मिलना जारी रहेगा।


