Tata की सभी इलेक्ट्रिक कारों के लिए आया BaaS मॉडल, 4.69 लाख रुपये हुई शुरुआती कीमत
टाटा कार्स ने अपनी पूरी इलेक्ट्रिक कार रेंज के लिए बैटरी-एज-ए-सर्विस (BaaS) मॉडल की शुरुआत कर दी है। इस सर्विस के साथ टाटा की इलेक्ट्रिक कार की शुरुआती कीमत 4.69 लाख रुपये हो गई है।

टाटा की इलेक्ट्रिक कार खरीदना चाहते हैं, तो आपके लिए बहुत बड़ी खुशखबरी है। टाटा कार्स ने अपनी पूरी इलेक्ट्रिक कार रेंज के लिए बैटरी-एज-ए-सर्विस (BaaS) मॉडल की शुरुआत कर दी है। पहले यह बेनिफिट टियागो ईवी और पंच ईवी जैसे मॉडल्स तक लिमिटेड था, लेकिन अब इसे कंपनी की प्रीमियम इलेक्ट्रिक कारों के लिए भी ले आया गया है। यानी अब ग्राहक नेक्सॉन ईवी, कर्व ईवी, सिएरा ईवी और फ्लैगशिप हैरियर ईवी को भी BaaS मॉडल के तहत खरीद सकते हैं। BaaS के साथ टाटा की इलेक्ट्रिक कारों की शुरुआती कीमत 4.69 लाख रुपये हो गई है।
कार और बैटरी की कीमत अलग होगी
BaaS मॉडल में कार और उसकी बैटरी की कीमत को अलग कर दिया जाता है। ग्राहक को शुरुआत में कार की पूरी कीमत और बैटरी की कीमत एक साथ नहीं चुकानी होती। इसके बजाय कार और बैटरी के लिए अलग-अलग फाइनेंसिंग की जाती है, जिससे शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत काफी कम हो जाती है। टाटा की वेबसाइट भी इसे ड्यूल-लोन फाइनेंस प्रोडक्ट बताती है, जो फाइनेंसर के अप्रूवल और तय शर्तों के साथ आता है। बैटरी के लिए ग्राहक को तय समय तक अलग से पेमेंट करना होता है। इसकी मंथली इंस्टॉलमेंट बैटरी की कैपेसिटी, डाउन पेमेंट और लोन पीरियड जैसी चीजों पर निर्भर करेगी। यानी बड़ी बैटरी वाले मॉडल में बैटरी की किस्त भी अलग हो सकती है।
मिलती जुलती गाड़ियाँ
और गाड़ियां देखें
Tata Sierra.ev
₹ 18.79 - 26.48 लाख
Tata Tigor EV
₹ 12.49 - 13.75 लाख
Tata Punch EV
₹ 9.69 - 12.59 लाख
Tata Nexon EV
₹ 12.49 - 17.89 लाख
Tata Curvv EV
₹ 17.19 - 19.69 लाख
Tata Harrier EV
₹ 21.79 - 30.54 लाख
बैटरी का भुगतान इस्तेमाल के हिसाब से
BaaS मॉडल में बैटरी से जुड़ा पेमेंट यूज पर भी निर्भर हो सकता है। इसका मतलब है कि ग्राहक को कार खरीदते समय कम अमाउंट देना होगा, लेकिन बाद में बैटरी इस्तेमाल के लिए तय शुल्क देना होगा। इसमें चार्जिंग, कार की सर्विस या रिपेयर का खर्च शामिल नहीं है। इसलिए ग्राहक को इन खर्चों का भुगतान अलग से करना होगा। कंपनी के अनुसार BaaS को पूरी रेंज में ऑफर करने का मकसद ग्राहकों को ज्यादा ऑप्शन देना है। ग्राहक चाहें तो कार और बैटरी को नॉर्मल तरीके से खरीद सकते हैं या कम शुरुआती कीमत के लिए BaaS ऑप्शन चुन सकते हैं।
इन यूजर्स के लिए फायदेमंद हो सकता है BaaS
BaaS मॉडल का फायदा खासतौर पर उन ग्राहकों को हो सकता है जो इलेक्ट्रिक कार खरीदते अपफ्रंट खर्च कम रखना चाहते हैं। हालांकि, इसका पूरा फायदा ग्राहक के डेली ड्राइविंग पैटर्न पर निर्भर करेगा। कम किलोमीटर चलाने वाले ग्राहकों के लिए कम शुरुआती कीमत आकर्षक हो सकती है, जबकि ज्यादा किलोमीटर चलाने वालों को लंबे समय में बैटरी इस्तेमाल की टोटल कॉस्ट का हिसाब जरूर लगाना चाहिए। टाटा ने इस मॉडल को लागू करने के लिए कई फाइनेंसिंग संस्थानों के साथ पार्टनरशिप की है।
मॉडल के हिसाब से कितनी है कीमत
टाटा टियागो ईवी की सामान्य शुरुआती कीमत 6.99 लाख रुपये है, जबकि BaaS मॉडल में इसकी शुरुआती कीमत 4.69 लाख रुपये हो जाती है। इसके साथ बैटरी इस्तेमाल के लिए 2.6 रुपये प्रति किलोमीटर का चार्ज देना होगा। इसमें 19kWh की बैटरी मिलती है। वहीं, टाटा पंच ईवी की सामान्य शुरुआती कीमत 9.79 लाख रुपये है। BaaS ऑप्शन के साथ इसकी कीमत 6.59 लाख रुपये से शुरू होती है और बैटरी यूज के लिए 2.6 रुपये प्रति किलोमीटर का चार्ज देना होगा। इसमें 30kWh की बैटरी दी गई है।
टाटा नेक्सॉन ईवी की नॉर्मल शुरुआती कीमत 14.34 लाख रुपये है, जबकि BaaS के साथ इसकी शुरुआती कीमत 8.99 लाख रुपये हो जाती है। इसके अलावा ग्राहक को बैटरी यूज के लिए 4.4 रुपये प्रति किलोमीटर का चार्ज देना होगा। नेक्सॉन ईवी में 45kWh की बैटरी मिलती है। दूसरी तरफ, टाटा कर्व ईवी की नॉर्मल शुरुआती कीमत 17.19 लाख रुपये है। BaaS मॉडल में इसकी कीमत 10.99 लाख रुपये से शुरू होगी। इसके साथ बैटरी यूज के लिए 5 रुपये प्रति किलोमीटर का चार्ज देना होगा। कर्व ईवी में 55kWh की बैटरी मिलती है।
टाटा सिएरा ईवी की जहां तक बात है, तो इसकी नॉर्मल शुरुआती कीमत 18.79 लाख रुपये है, जबकि BaaS ऑप्शन में इसे 11.99 लाख रुपये की शुरुआती कीमत पर खरीदा जा सकता है। इसके साथ 5.5 रुपये प्रति किलोमीटर का बैटरी यूज चार्ज देना होगा। इसमें आपको 63kWh की बैटरी मिलेगी। अगर आप टाटा हैरियर ईवी खरीदना चाह रहे हैं, तो इसकी नॉर्मल शुरुआती कीमत 21.79 लाख रुपये है। BaaS के साथ इसकी शुरुआती कीमत 14.49 लाख रुपये हो जाती है। बैटरी इस्तेमाल के लिए आपको 5.9 रुपये प्रति किलोमीटर का चार्ज देना होगा। हैरियर ईवी में 65kWh की बैटरी लगी है।


