Tata की छोटी सिएरा, 10 लाख रुपये से कम हो सकती है शुरुआती कीमत, फीचर भी टॉप क्लास
टाटा सिएरा का एक छोटा वेरिएंट आने वाला है। रिपोर्ट के अनुसार इसे मिनी सिएरा भी कहा जा रहा है। यह कंपनी की अपकमिंह कॉम्पैक्ट एसयूवी स्कारलेट (कोडनेम) का प्रोडक्शन वेरिएंट हो सकता है। इसके कई सारे फीचर सिएरा वाले हो सकते हैं।

टाटा सिएरा को मार्केट में तगड़ा रिस्पॉन्स मिल रहा है। कंपनी की इस मिड-साइज एसयूवी का डिजाइन ग्राहकों को खूब पसंद आ रहा है। अब कंपनी बायर्स के लिए एक और दमदार एसयूवी लाने की तैयारी कर रही है। मोटर ऑक्टेन की रिपोर्ट के अनुसार इसे मिनी सिएरा यानी छोटी सिएरा भी कहा जा रहा है। कुछ दिन पहले पुणे के टाटा प्रोडक्शन प्लांट के पास एक कैमोफ्लाज्ड टेस्ट म्यूल को देखा गया था। शेयर किए गए स्पाइशॉट्स में जो टेस्ट म्यूल दिखा था, वह सिएरा से काफी मेल खा रहा था। इसमें स्लिम और कनेक्टेड टेललाइट्स थीं। साथ ही इसका स्टांस भी अपराइट था। यह टेस्ट म्यूल मौजूदा सिएरा से काफी छोटा था। इसके टेललाइट एलिमेंट्स और बूट पैनल सिएरा से अलग थे। इससे माना जा रहा है कि यह मिनी सिएरा हो सकती है।
स्कारलेट के प्रोडक्शन वर्जन का टेस्ट म्यूल
कुछ दिन पहले खबर आई थी कि टाटा अपनी एक कॉम्पैक्ट SUV पर काम कर रहा है। इस कॉम्पैक्ट एसयूवी का कोडनेम स्कारलेट (Scarlet) है। इसका डिजाइन लैंग्वेज सिएरा से काफी मिलता-जुल्ता है। मोटर ऑक्टेन की रिपोर्ट के अनुसार यह स्कारलेट के प्रोडक्शन वर्जन का टेस्ट म्यूल है। यह एसयूवी टाटा नेक्सॉन से ज्यादा रगेड हो सकती है। इसके इलेक्ट्रिक वर्जन में कंपनी AWD भी ऑफर कर सकती है।
पावरट्रेन ऑप्शन
उम्मीद है कि इसमें नेक्सॉन वाला 1.2-लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन और 1.5-लीटर डीजल इंजन ऑफर किया जा सकता है। गियरबॉक्स ऑप्शन में 6-स्पीड MT, 7-स्पीड DCT (टर्बो-पेट्रोल के लिए) और 6-स्पीड AMT शामिल हो सकते हैं। टाटा अपनी अपकमिंग स्कारलेट में अपनी ड्यूल-सिलेंडर सीएनजी टेक्नोलॉजी भी दे सकती है। ज्यादातर टाटा मॉडल्स की तरह, इसका भी इलेक्ट्रिक वर्जन आएगा। स्कारलेट EV में 45kWh और 55kWh बैटरी पैक मिलने की उम्मीद है।
दोनों पैक लगभग 420-450 km की रेंज दे सकते हैं। ICE वर्शन में FWD ड्राइवट्रेन स्टैंडर्ड हो सकता है। वहीं, AWD सिर्फ इलेक्ट्रिक वर्जन में ऑफर किया जा सकता है। फिलहाल टाटा के पास अपने पेट्रोल और डीज़ल मॉडल्स के लिए AWD-कम्पैटिबल कॉम्पैक्ट प्लेटफॉर्म नहीं है। इसीलिए EV के लिए ड्यूल-मोटर AWD सेटअप लगाना ज्यादा आसान काम लगता है।
इतनी हो सकती है कीमत
स्कारलेट के कई पार्ट्स सिएरा जैसे ही होंगे। ऐसे में इसमें आपको ट्रिपल-स्क्रीन सेटअप देखने को मिल सकता है। इसके साथ ही इसमें लेवल 2 ADAS, पैनोरमिक सनरूफ, 360-डिग्री कैमरा और वायरलेस चार्जिंग जैसे फीचर भी देखने को मिल सकते हैं। अफवाह है कि स्कारलेट के ICE वर्शन की कीमत 9 लाख रुपये से 17 लाख रुपये (ऑन-रोड, मुंबई) के बीच होगी। EV वर्जन की कीमत थोड़ी ज्यादा, यानी 14 लाख रुपये से 21 लाख रुपये (ऑन-रोड, मुंबई) के बीच हो सकती है। बताते चलें कि स्कारलेट अभी डिवेलपमेंट के शुरुआती स्टेज में है। इसका प्रोडक्शन रेडी वेरिएंट साल 2027 के आखिर में आ सकता है।



