Hindi Newsऑटो न्यूज़These SUVs to be launched in 2019 with latest technology

लेटेस्ट टेक्नोलॉजी के साथ 2019 में लॉन्च होंगी ये एसयूवी

भारतीय कार ग्राहकों को एसयूवी कारें सबसे ज्यादा पसंद हैं। बड़े साइज, ऊंचे ग्राउंड क्लीयरेंस, दमदार डिजायन और सड़क पर अच्छी पकड़ के चलते ग्राहकों का रूझान एसयूवी की तरफ ज्यादा है। एसयूवी सेगमेंट में...

लेटेस्ट टेक्नोलॉजी के साथ 2019 में लॉन्च होंगी ये एसयूवी
नई दिल्ली। लाइव हिन्दुस्तान टीम Fri, 4 Jan 2019 05:17 PM
हमें फॉलो करें

भारतीय कार ग्राहकों को एसयूवी कारें सबसे ज्यादा पसंद हैं। बड़े साइज, ऊंचे ग्राउंड क्लीयरेंस, दमदार डिजायन और सड़क पर अच्छी पकड़ के चलते ग्राहकों का रूझान एसयूवी की तरफ ज्यादा है। एसयूवी सेगमेंट में ग्राहकों के पास अभी काफी सारे विकल्प मौजूद हैं, जल्द ही इस सेगमेंट में और भी नई कारों की एंट्री होने वाली है।

cardekho.com के मुताबिक, यहां हमने उन एसयूवी कारों की जानकारी साझा की है, जिन्हें 2019 में लॉन्च किया जाना है। तो आइए बढ़ते हैं आगे और जानते हैं इनके बारे में...

टाटा हैरियर

लॉन्च: 23 जनवरी 2019
संभावित कीमत: 13 लाख से 18 लाख रूपए
टाटा हैरियर इस समय सबसे ज्यादा सुर्खियों में है। यह होंडा सीआर-वी की तरह बड़ी एसयूवी होगी, लेकिन कीमत के मोर्चे पर यह हुंडई क्रेटा और जीप कंपास को टक्कर देगी।

निसान किक्स

लॉन्च: जनवरी 2019
संभावित कीमत: 10 लाख से 14 लाख रूपए
भारत में अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए निसान यहां किक्स एसयूवी को लाने की योजना बना रही है। यह प्रीमियम एसयूवी है। भारत आने वाली निसान किक्स अंतरराष्ट्रीय मॉडल से ज्यादा बड़ी और ज्यादा जगहदार होगी। इस में कुछ सेगमेंट फर्स्ट फीचर आएंगे, जिन में 360 डिग्री कैमरा जैसे फीचर फीचर शामिल होंगे।

महिन्द्रा एक्सयूवी300

लॉन्च: फरवरी 2019
संभावित कीमत: 8 लाख से 12 लाख रूपए
महिन्द्रा की सब 4-मीटर एसयूवी एक्सयूवी300 भी इन दिनों चर्चाओं में है। भारत में इसे फरवरी 2019 में लॉन्च किया जाएगा। इसका मुकाबला मारूति विटारा ब्रेज़ा, टाटा नेक्सन और फोर्ड ईकोस्पोर्ट से होगा। इसकी फीचर लिस्ट काफी लंबी-चौड़ी होगी। इस में कई सेगमेंट फर्स्ट फीचर आएंगे। इस लिस्ट में 7 एयरबैग और ड्यूल-जोन क्लाइमेट कंट्रोल जैसे फीचर शामिल होंगे। कंपनी का दावा है कि इस में सेगमेंट में सबसे पावरफुल इंजन मिलेगा।

2019 फोर्ड एंडेवर

लॉन्च: 2019 की पहली तिमाही
संभावित कीमत: 26 लाख से 34 लाख रूपए
फोर्ड ने पिछले साल थाईलैंड में फेसलिफ्ट एंडेवर से पर्दा उठाया था। इस में नया 2.0 लीटर डीज़ल इंजन, 10-स्पीड ऑटोमैटिक गियरबॉक्स के साथ दिया गया है। इस में कुछ कॉस्मेटिक बदलाव हुए हैं। चर्चाएं हैं कि भारत आने वाली फेसलिफ्ट एंडेवर में नया इंजन नहीं आएगा। भारत आने वाली 2019 एंडेवर में कुछ कॉस्मेटिक बदलाव के साथ कुछ नए फीचर दिए जा सकते हैं, जो इसे मुकाबले में मौजूद कारों से आगे ले जाएंगे। इसका मुकाबला टोयोटा फॉर्च्यूनर और महिन्द्रा अल्टुरस जी4 से होगा।

बीएमडब्ल्यू एक्स7

लॉन्च: 2019 की पहली तिमाही
संभावित कीमत: 85 लाख रूपए के आसपास
बीएमडब्ल्यू एक्स7 भारत में कंपनी की फ्लैगशिप एसयूवी होगी। इसका मुकाबला मर्सिडीज जीएलएस और ऑडी क्यू7 से होगा। यह 7-सीटर लेआउट में आएगी। एक्स7 को कंपनी भारत में ला चुकी है, जल्द ही इसकी यहां टेस्टिंग शुरू की जा सकती है। भारत में इसे 2019 की पहली तिमाही में लॉन्च किया जाएगा।

हुंडई कार्लिनो (क्यूएक्सआई)

लॉन्च: अप्रैल 2019
संभावित कीमत: 8 लाख से 12 लाख रूपए
हुंडई ने ऑटो एक्सपो-2016 में कार्लिनो कॉन्सेप्ट से पर्दा उठाया था। कंपनी ने इसके प्रोडक्शन मॉडल को क्यूएक्सआई (कोडनेम) नाम दिया है। यह सब कॉम्पैक्ट एसयूवी है, भारत में इसे 2019 में लॉन्च किया जाएगा। कई बार इसे टेस्टिंग के दौरान भी देखा जा चुका है। इसका मुकाबला मारूति विटारा ब्रेज़ा, फोर्ड ईकोस्पोर्ट, महिन्द्रा एक्सयूवी300 और टाटा नेक्सन से होगा।

एमजी बाउजुन 530

लॉन्च: जून 2019
संभावित कीमत: 14 लाख रूपए के आसपास
एमजी मोटर 2019 में भारत में अपनी पहली कार पेश करेगी। कंपनी सबसे पहले यहां एसयूवी उतारेगी, यह बाउजुन 530 पर बेस होगी। कंपनी का दावा है कि यह सीआर-वी से बड़ी होगी। इसकी कीमत जीप कंपास के आसपास होगी। कई बार इसे टेस्टिंग के दौरान भी देखा जा चुका है।

बीएमडब्ल्यू एक्स4

संभावित लॉन्च: 2019 के बीच में
संभावित कीमत: 60 लाख रूपए
बीएमडब्ल्यू की एक्स4 कूपे एसयूवी भी इसी साल आएगी। इसे एक्स3 वाले प्लेटफार्म पर तैयार किया जाएगा। इस में एक्स3 वाले इंजन मिलेंगे। कुछ समय पहले इसे भारत की सड़कों पर टेस्टिंग के दौरान देखा गया था।

मारूति विटारा ब्रेज़ा फेसलिफ्ट

संभावित लॉन्च: 2019 के बीच में
संभावित कीमत: 7.5 लाख रूपए से 10.5 लाख रूपए
मारूति जल्द ही विटारा ब्रेज़ा का फेसलिफ्ट अवतार लाने वाली है। इसके मुकाबले में जल्द ही हुंडई क्यूएक्सआई और महिन्द्रा एक्सयूवी300 भी आने वाली है। कयास लगाए जा रहे हैं कि कंपनी इसके बाहरी डिजायन में बड़ा बदलाव नहीं करेगी। इस में कुछ नए फीचर जोड़े जा सकते हैं जो इसे पहले से ज्यादा बेहतर बनाएंगे। फेसलिफ्ट मॉडल में पेट्रोल इंजन का विकल्प मिलने की संभावनाएं कम हैं।

जीप रेनेगेड

संभावित लॉन्च: 2019 के बीच में
संभावित कीमत: 10 लाख रूपए से 14 लाख रूपए
जीप जल्द ही अपनी रेंज में एक नई कार रेनेगेड को शामिल करने वाली है। इसे कंपास के नीचे पोजिशन किया जाएगा। इसका मुकाबला हुंडई क्रेटा, रेनो डस्टर और निसान किक्स से होगा। यह पेट्रोल और डीज़ल दोनों इंजन में आ सकती है।

स्कोडा कारॉक

संभावित लॉन्च: 2019 के बीच में
संभावित कीमत: 23 लाख रूपए के आसपास
स्कोडा कारॉक को येती की जगह उतारा जाएगा। यह स्कोडा कोडिएक, ऑक्टाविया और फॉक्सवेगन टिग्वॉन वाले प्लेटफार्म पर बनी होगी। इसका मुकाबला हुंडई ट्यूसॉन से होगा। यह 5-सीटर एसयूवी होगी। स्कोडा कारों की रेंज में इसे कोडिएक के नीचे पोजिशन किया जाएगा।

महिन्द्रा टीयूवी300 फेसलिफ्ट

संभावित लॉन्च: 2019 के बीच में
संभावित कीमत: 8 लाख रूपए से 11 लाख रूपए
महिन्द्रा अपनी लोकप्रिय सब कॉम्पैक्ट एसयूवी टीयूवी300 को भी अपडेट करेगी। इस में कुछ कॉस्मेटिक बदलाव किए जा सकते हैं। कुछ समय पहले इसे टेस्टिंग के दौरान देखा गया था। उस दौरान चर्चाएं रहीं कि कंपनी इसे बीएस6 पेट्रोल और डीज़ल इंजन के साथ टेस्ट कर रही है। अगर ये अफवाह सही है तो कंपनी इसे बीएस6 इंजन के साथ पेश कर सकती है।

जीप कंपास ट्रेलहॉक

संभावित लॉन्च: 2019 के बीच में
संभावित कीमत: 24 लाख रूपए
अगर रेग्यूलर जीप कंपास 4x4 आपकी उम्मीदों पर खरा नहीं उतरती है तो हम आपको इंतजार करने की सलाह देंगे। जीप जल्द ही कंपास का हार्डकोर वर्जन ट्रेलहॉक लाने वाली है। इसकी ऑफ-रोड क्षमता जीप कंपास से भी ज्यादा अच्छी होगी। इस में ऑटोमैटिक गियरबॉक्स का विकल्प भी मिलेगा। मौजूदा कंपास के डीज़ल वेरिएंट में ऑटोमैटिक गियरबॉक्स का अभाव है। कंपनी ने कंपास ट्रेलहॉक का प्रोडक्शन शुरू कर दिया है। इसे कंपनी के रंजनगांव स्थित प्लांट में तैयार किया जा रहा है। भारत में इसे 2019 के बीच में लॉन्च किया जा सकता है।

पोर्श मैकन फेसलिफ्ट

संभावित लॉन्च: 2019 के बीच में
संभावित कीमत: 81 लाख रूपए से 1.52 करोड़ रूपए
पोर्श इसी साल अपनी बेबी एसयूवी मैकन का फेसलिफ्ट अवतार लाएगी। इसे कंपनी ने कुछ समय पहले चीन में दिखाया था। अपडेट मैकन में बड़ी एलईडी लाइटें, नए अलॉय व्हील और बड़ा इंफोटेंमेंट सिस्टम दिया गया है। इस में कुछ नए सेफ्टी फीचर भी शामिल किए गए हैं।

किया एसपी कॉन्सेप्ट पर बनी एसयूवी

लॉन्च: सितंबर 2019
संभावित कीमत: 10 लाख रूपए से 16 लाख रूपए
किया मोटर्स की भारत में यह पहली कार होगी। इसे देश में ही तैयार किया जाएगा। इसका प्रोडक्शन 2019 के बीच में शुरू होगा। इसका मुकाबला हुंडई क्रेटा और निसान किक्स से होगा। इस में हुंडई क्रेटा वाले पेट्रोल और डीज़ल इंजन दिए जा सकते हैं।

नई जीप रैंग्लर

संभावित लॉन्च: 2019 के बीच में
संभावित कीमत: 56 लाख से 71.59 लाख रूपए
जीप रैंग्लर भारत में कंपनी की महंगी ऑफ-रोड एसयूवी है। इसे इंपोर्ट करके बेचा जा रहा है। यही वजह है कि भारत में इसके दाम ज्यादा है। जीप ने पिछले साल नई रैंग्लर से पर्दा उठाया था। नई रैंग्लर में डीज़ल इंजन दिया जा सकता है। इसकी फीचर लिस्ट भी पहले से ज्यादा लंबी-चौड़ी होगी।

हुंडई कोना इलेक्ट्रिक

लॉन्च: 2019 के बीच में
संभावित कीमत: 25 लाख रूपए
हुंडई की यह देश में पहली इलेक्ट्रिक कार होगी। भारत में इसे एसेंबल करके बेचा जाएगा। कयास लगाए जा रहे हैं कि एक सिंगल चार्ज में यह 200 किमी का सफर तय करेगी। इसकी कीमत 25 लाख रूपए के आसपास हो सकती है। भारत में इसे 2019 के बीच में लॉन्च किया जाएगा।

नई रेनो डस्टर

संभावित लॉन्च: 2019 के बीच में
संभावित कीमत: 8 लाख रूपए से 13 लाख रूपए
रेनो की लोकप्रिय कॉम्पैक्ट एसयूवी डस्टर भी अपडेट होने वाली है। अपडेट डस्टर को पुराने मॉडल वाले प्लेटफार्म पर तैयार किया जाएगा। इसके बाहरी डिजायन और केबिन में कुछ अहम बदलाव होंगे। इसकी फीचर लिस्ट भी पहले से ज्यादा लंबी-चौड़ी होगी। इस में एलईडी हैडलैंप्स, टेल लैंप्स, 360 डिग्री कैमरा, प्रीमियम केबिन और अपडेट इंफोटेंमेंट सिस्टम दिया जा सकता है।

नई ऑडी क्यू3

संभावित लॉन्च: 2019 के बीच में
संभावित कीमत: 35 लाख रूपए से 45 लाख रूपए
ऑडी ने 2018 में नई जनरेशन की क्यू3 से पर्दा उठाया था। यह फॉक्सवेगन ग्रुप के एमक्यूबी प्लेटफार्म पर बेस है। साइज में यह पहले से ज्यादा बड़ी होगी, इस वजह से इसके केबिन में भी पहले से ज्यादा स्पेस मिलेगा। इसका मुकाबला मर्सिडीज़-बेंज जीएलए, बीएमडब्ल्यू एक्स1 और वोल्वो एक्ससी40 से होगा।

नई रेंज रोवर ईवोक

संभावित लॉन्च: 2019 के बीच में
संभावित कीमत: 50 लाख रूपए से 70 लाख रूपए
नई रेंज रोवर ईवोक को नए प्लेटफार्म पर तैयार किया जाएगा। इस में पेट्रोल और डीज़ल दोनों इंजन के साथ माइल्ड-हाइब्रिड टेक्नोलॉजी आएगी। इसका मुकाबला मर्सिडीज-बेंज जीएलसी, वोल्वो एक्ससी60, ऑडी क्यू5 और लेक्सस एनएक्स 300एच से होगा।

नई बीएमडब्ल्यू एक्स5

संभावित लॉन्च: 2019 के बीच में
संभावित कीमत: 70 लाख रूपए से 85 लाख रूपए
नई बीएमडब्ल्यू एक्स5 को 2019 के बीच में लॉन्च किया जा सकता है। यह बीएमडब्ल्यू के क्लस्टर आर्किटेक्चर (सीएलएआर) प्लेटफार्म पर बनी होगी। इसी प्लेटफार्म पर 5-सीरीज भी बनी है। कद-काठी के मामले में यह पहले से ज्यादा बड़ी होगी। इसकी फीचर लिस्ट भी पहले से ज्यादा लंबी-चौड़ी होगी।

ऑडी क्यू8

संभावित लॉन्च: 2019 के आखिर में
संभावित कीमत: एक करोड़ रूपए के आसपास
ऑडी क्यू8 को क्यू7 से रिप्लेस किया जाएगा। यह कूपे एसयूवी होगी। इसका मुकाबला बीएमडब्ल्यू एक्स6 से होगा। ऑडी क्यू8 को कुछ समय पहले भारत में टेस्टिंग के दौरान देखा गया था। कंपनी ने अभी तक इसकी लॉन्चिंग तारीख का खुलासा नहीं किया है। कयास लगाए जा रहे हैं कि इसे 2019 के आखिर तक लॉन्च किया जाएगा।

ऐप पर पढ़ें