Hindi NewsAuto NewsOla Electric Hero Electric Okinawa sales crater in May after a spate of fire and other incidents

इस इलेक्ट्रिक स्कूटर की बिक्री का लगा जैकपॉट; लोगों ने Ola, Hero, Okinawa से मुंह मोड़ा

इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर की बैटरी में आग लगने वाली घटनाओं का असर इनकी सेल्स पर भी हुआ है। खासकर जिन कंपनियों को ई-स्कूटर में आग लगी उनकी सेल्स पर काफी बुरा असर हुआ है।

इस इलेक्ट्रिक स्कूटर की बिक्री का लगा जैकपॉट; लोगों ने Ola, Hero, Okinawa से मुंह मोड़ा
Narendra Jijhontiya लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्लीThu, 2 June 2022 07:25 PM
हमें फॉलो करें

इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर की बैटरी में आग लगने वाली घटनाओं का असर इनकी सेल्स पर भी हुआ है। खासकर जिन कंपनियों को ई-स्कूटर में आग लगी उनकी सेल्स पर काफी बुरा असर हुआ है। मिनिस्ट्री ऑफ रोड ट्रांसपोर्ट एंड हाईवे की नेशनल रजिस्टर ई-सर्विस वाहन (VAHAN) के आंकड़ों के मुताबिक, ओला इलेक्ट्रिक (Ola Electric), हीरो इलेक्ट्रिक (Hero Electric) और ओकिनावा (Okinawa) की सेल्स में बड़ी गिरावट आई है। अप्रैल 2022 की तुलना में इनकी बिक्री 58% तक गिर गई। हालांकि, इस बीच एथर एनर्जी (Ather Energy) के इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर की डिमांड बढ़ गई। कंपनी को अप्रैल की तुलना में 26% की ग्रोथ मिली है।

एथर की सेल्स को लगा जैकपॉट
मई में एथर ने कुल 3,098 इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर बेचे। अप्रैल में कंपनी ने 2,450 स्कूटर बेचे थे। यानी उसने बीते महीने 26.45% की ग्रोथ के साथ 648 स्कूटर ज्यादा बेचे। कंपनी के लिए ये किसी भी महीने की सबसे ज्यादा सेल्स भी है। 27 मई को एथर एनर्जी के चेन्नई एक्सपीरियंस सेंटर में आग लग गई थी। घटना एथर एनर्जी के नुंगमबक्कम एक्सपीरियंस सेंटर में हुई। आग लगते ही एथर एक्सपीरियंस सेंटर के कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। कंपनी के मुताबिक आग लगने की घटना की वजह शॉर्ट-सर्किट था। इससे पहले ओकिनावा के शोरूम में भी आग लगी थी।

हीरो इलेक्ट्रिक और ओला को बड़ा झटका
मई में इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर बेचने वाली जिन दो कंपनियों को सबसे ज्यादा नुकसान हुआ है उसमें हीरो इलेक्ट्रिक और ओला इलेक्ट्रिक हैं। हीरो इलेक्ट्रिक ने पिछले महीने 2,739 इलेक्ट्रिक स्कूटर बेचे। कंपनी ने अप्रैल में 6,578 स्कूटर बेचे थे। यानी 58.36% की गिरावट के साथ उसकी 3,839 यूनिट कम बिकीं। इधर, ओला इलेक्ट्रिक ने पिछले महीने 8,681 इलेक्ट्रिक स्कूटर बेचे। कंपनी ने अप्रैल में 12,702 स्कूटर बेचे थे। यानी 31.66% की गिरावट के साथ उसकी 4,021 यूनिट कम बिकीं। इसी तरह, ओकिनावा ने पिछले महीने 8,888 इलेक्ट्रिक स्कूटर बेचे। कंपनी ने अप्रैल में 11,011 स्कूटर बेचे थे। यानी 19.28% की गिरावट के साथ उसकी 2,123 यूनिट कम बिकीं।

ऐप पर पढ़ें