647Km की रेंज और 28 मिनट में 80% चार्ज, स्कोडा लाई पीक इलेक्ट्रिक कार; फीचर्स ने हुंडई, किआ की बढ़ाई 'टेंशन'
कंपनी ने अपनी ग्लोबल लाइनअप में पीक को अपनी फ्लैगशिप इलेक्ट्रिक SUV के तौर पर पेश किया है। यह चेक कंपनी के पूरी तरह से इलेक्ट्रिक पोर्टफोलियो में सबसे ऊपर है। इसे किआ EV9, हुंडई आयोनिक 9 और वोल्वो EX90 जैसी फुल-साइज eSUV को टक्कर देने के लिए बनाया गया है।

स्कोडा भारत और ग्लोबल मार्केट में अलग-अलग स्ट्रैटजी के साथ आगे बढ़ रही है। कंपनी भारतीय बाजार में जहां अभी ICE व्हीकल पर फोकस कर ही है। तो देश के बाहर वो इलेक्ट्रिक फोर-व्हीलर सेगमेंट में भी कमाल दिखा रही है। दरअसल, कंपनी ने अपनी ग्लोबल लाइनअप में पीक (Peaq) को अपनी फ्लैगशिप इलेक्ट्रिक SUV के तौर पर पेश किया है। यह चेक कंपनी के पूरी तरह से इलेक्ट्रिक पोर्टफोलियो में सबसे ऊपर है, जिसमें एपिक (Epiq), एलरोक (Elroq) और एन्याक (Enyaq) जैसे मॉडल शामिल हैं। इसे किआ EV9, हुंडई आयोनिक 9 और वोल्वो EX90 जैसी फुल-साइज eSUV को टक्कर देने के लिए बनाया गया है।
60, 90 और 90x वैरिएंट में मिलेगी
स्कोडा पीक EV तीन वैरिएंट में उपलब्ध होगी, जिसमें 60, 90 और 90x शामिल हैं। 60 वैरिएंट में 63kWh की बैटरी है, जिसकी रेंज 459km तक बताई गई है। इसमें पीछे के पहियों को चलाने वाली (RWD) एक इलेक्ट्रिक मोटर है, जो 204hp की पावर देती है। 90 वैरिएंट में बड़ी 91kWh बैटरी है, जिसकी रेंज 647km तक बताई गई है। इसमें ज्यादा पावरफुल सिंगल-मोटर RWD सेटअप है, जो 286hp की पावर देता है। वहीं, सबसे ऊपर 90x वैरिएंट है, जिसमें 91kWh बैटरी के साथ डुअल-मोटर ऑल-व्हील-ड्राइव (AWD) सिस्टम दिया गया है। यह 299hp की पावर देता है। इसकी रेंज 613km तक है।
28 मिनट में 80% तक चार्ज होगी
पीक EV की रेंज में परफॉर्मेंस धीरे-धीरे बेहतर होती दिख रही है। 90x सबसे तेज है, जो 0-100kmph की स्पीड 6.7 सेकंड में पकड़ लेती है। इसके बाद, 90 वैरिएंट है, जो 7.1 सेकंड में यह स्पीड पकड़ता है। जबकि, 60 वैरिएंट को इसमें 8.6 सेकंड लगते हैं। 199kW DC फास्ट चार्जर का इस्तेमाल करके 91kWh बैटरी को 28 मिनट में 10 से 80% तक चार्ज किया जा सकता है, जबकि 63kWh बैटरी को 160kW DC चार्जर से इतनी ही चार्जिंग के लिए 27 मिनट लगते हैं।
स्कोडा पीक का एक्सटीरियर
पीक, एपिक के बाद स्कोडा की दूसरी EV है, जो कंपनी की नई मॉडर्न सॉलिड डिजाइन लेंग्वेज पर बेस्ड है। एपिक को मई 2026 में पेश किया गया था। इसमें LED वर्टिकल स्लैट्स के साथ ग्लॉस-ब्लैक टेक डेक फेस दिया गया है। इसमें टी-शेप की मैट्रिक्स LED हेडलाइट्स और आइब्रो-शेप की DRLs भी मिलती हैं। इसकी ग्रिल बंद है और बंपर में EV के अंदरूनी हिस्सों को ठंडा रखने के लिए काम करने वाले एयर वेंट्स दिए गए हैं। इस eSUV में 19 से 21 इंच के एयरो-ऑप्टिमाइज्ड एलॉय व्हील और पावर्ड फ्लश-टाइप डोर हैंडल मिलते हैं।
इसका डिजाइन देखने में सिंपल है, जिसमें एक फ्लैट बेल्टलाइन मिलता है। व्हील आर्च और बॉडी के निचले हिस्से पर एक ग्लॉस ब्लैक स्ट्रिप दी गई है। पीछे की तरफ, इसमें पतली टी-शेप की LED टेललाइट्स हैं, जो हेडलाइट के डिजाइन जैसी ही दिखती हैं। साथ ही, एक तराशा हुआ रियर बंपर है जिसका निचला हिस्सा ब्लैक है। इसमें एक रूफ-माउंटेड स्पॉइलर दिया है, जो एयरोडायनामिक्स को बेहतर बनाने में मदद करता है। पिछली सीटों को फोल्ड करने पर इसमें 935 लीटर का बूट स्पेस मिलता है।
| स्कोडा पीक डायमेंशन और अन्य स्पेसिफिकेशंस | |
|---|---|
| लंबाई | 4,874mm |
| चौड़ाई | 1,867mm |
| ऊंचाई | 1,664mm |
| व्हीलबेस | 2,965mm |
| ग्राउंड क्लियरेंस | 184mm |
| बूट स्पेस | 299 लीटर |
| फ्रंक स्पेस | 37 लीटर |
| व्हील साइज | 19 to 21 इंच |
स्कोडा पीक का इंटीरियर और सेफ्टी
पीक के इंटीरियर और फीचर्स की बात करें तो इसमें डुअल-टोन डैशबोर्ड थीम देखने को मिलती है, जिसमें 13.6-इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, 10-इंच का डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले और ब्रांड के नाम वाला हीटेड टू-स्पोक स्टीयरिंग व्हील दिया गया है। ज्यादातर फंक्शन टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम से कंट्रोल होते हैं, लेकिन पीक के सेंटर कंसोल पर कुछ फिजिकल बटन भी दिए गए हैं।
इसमें 16-स्पीकर वाला सोनोस (Sonos) साउंड सिस्टम, डुअल वायरलेस फोन चार्जर, पैनोरमिक सनरूफ और तीनों लाइनों में USB चार्जिंग पोर्ट मिलते हैं। यह बाय-डायरेक्शनल चार्जिंग को भी सपोर्ट करती है, जिससे यह इलेक्ट्रिक इक्युपमेंट और यहां तक कि घर के ग्रिड को भी पावर दे सकती है। कार को स्मार्टफोन या स्मार्टवॉच से लॉक और अनलॉक कर सकते हैं।
सेफ्टी की बात करें तो स्कोडा ने अपनी इस पीक इलेक्ट्रिक कार में स्टैंडर्ड तौर पर 10 एयरबैग, 360-डिग्री कैमरा, एडवांस्ड ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम (ADAS) सुइट और ऑटो पार्क असिस्ट दिया है। वाइपर के साथ ही वॉशर भी इंटीग्रेटेड हैं। ऐसा फीचर पाने वाली यह पहली स्कोडा कार भी है। इसमें ऑप्शनल तौर पर ऑगमेंटेड रियलिटी (AR) बेस्ड हेड-अप डिस्प्ले (HUD) भी मिलेगा।



