609 KM तक रेंज और 4.5 सेकेंड में 100 की रफ्तार! भारत आई Range Rover Sport EV, बुकिंग भी शुरू
जगुआर लैंड रोवर ने भारत में अपनी नई ऑल-इलेक्ट्रिक रेंज रोवर स्पोर्ट इलेक्ट्रिक से पर्दा उठा दिया है। कंपनी ने इसकी बुकिंग्स भी शुरू कर दी हैं। यह रेंज रोवर की पहली पूरी तरह से बिजली से चलने वाली स्पोर्ट SUV है।

जगुआर लैंड रोवर ने भारत में अपनी नई ऑल-इलेक्ट्रिक रेंज रोवर स्पोर्ट इलेक्ट्रिक से पर्दा उठा दिया है। कंपनी ने इसके लिए बुकिंग्स भी शुरू कर दी हैं। यह रेंज रोवर की पहली पूरी तरह से बिजली से चलने वाली स्पोर्ट SUV है। इसमें दो पावरफुल इलेक्ट्रिक मोटर, ऑल-व्हील ड्राइव और बड़ा 118.5 kWh का बैटरी पैक दिया गया है। यह कार 550bhp की पावर और 850 Nm का टॉर्क जनरेट करती है। कंपनी का दावा है कि एक बार फुल चार्ज करने पर यह कार 609 किमी तक की दूरी तय कर सकती है। आइए जानते हैं इस धाकड़ लग्जरी SUV के बारे में विस्तार से।
रफ्तार और पावर का असली मजा
परफॉर्मेंस की बात करें तो यह लग्जरी EV किसी स्पोर्ट्स कार से कम नहीं है। बता दें कि 'डायनेमिक लॉन्च' मोड में यह कार महज 4.5 सेकेंड में 0 से 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार पकड़ लेती है। कंपनी का कहना है कि 850Nm का टॉर्क रेंज रोवर स्पोर्ट सीरीज में अब तक का सबसे ज्यादा है। इसकी पावर बड़े वाले मॉडल से 50 पर्सेंट ज्यादा तेजी से डिलीवर होती है। ड्राइविंग के मजे को दोगुना करने के लिए इसमें एडवांस्ड एयर सस्पेंशन और ऑल-व्हील स्टीयरिंग जैसे शानदार फीचर्स भी दिए गए हैं।
सुपरफास्ट चार्जिंग और रेंज की नो-टेंशन
बैटरी और चार्जिंग के मामले में कंपनी ने कोई कसर नहीं छोड़ी है। इसमें 800V का हाई-टेक इलेक्ट्रिकल सिस्टम मिलता है जो 350 kW की डीसी फास्ट चार्जिंग को सपोर्ट करता है। इससे कार सिर्फ 22 मिनट में 10 से 80 पर्सेंट तक चार्ज हो जाती है। अगर आप जल्दी में हैं, तो सिर्फ 10 मिनट की चार्जिंग में यह कार 220 किमी तक चलने लायक चार्ज हो जाएगी। वहीं, घर पर 22 kW के नॉर्मल एसी चार्जर से इसे फुल चार्ज होने में करीब 7 घंटे लगते हैं।
ऑफ-रोडिंग में भी सबकी बाप
इलेक्ट्रिक होने के बावजूद यह कार ऑफ-रोडिंग के मामले में भी काफी मजबूत है। यह 900 mm गहरे पानी को आसानी से पार कर सकती है और 45 डिग्री की सीधी चढ़ाई चढ़ने का दम रखती है। कंपनी ने इसकी टेस्टिंग इटली की पथरीली खदानों और बेहद खतरनाक रास्तों पर की है। इसके अलावा, कार की बैटरी को माइनस 40 डिग्री की कड़ाके की ठंड से लेकर 90 डिग्री की झुलसाने वाली गर्मी तक में टेस्ट किया गया है, ताकि रास्ते में कोई लोचा न हो।
लुक, फीचर्स और वारंटी
दिखने में यह SUV काफी एयरोडायनामिक और मॉडर्न लगती है। इसमें नई ग्रिल, नए अलॉय व्हील्स और कार की अपनी खास साउंड दी गई है। कंपनी इसकी बैटरी पर 8 साल या 1,60,000 किमी की दमदार वारंटी दे रही है। साथ ही, इसमें remote बैटरी-हेल्थ मॉनिटरिंग सिस्टम भी है, जिससे आप फोन पर ही बैटरी की सेहत चेक कर सकते हैं। यह SUV चार अलग-अलग ट्रिम्स में ग्राहकों के लिए उपलब्ध होगी।


