इस कंपनी के करीब 6.42 लाख यूनिट SUV में आई खराबी, अब जारी हुई रिकॉल; जानिए क्या है वजह
निसान कार चालकों के लिए बड़ी खबर है। कंपनी ने अपनी पॉपुलर एसयूवी Nissan Rogue को बड़े पैमाने पर रिकॉल करने का फैसला किया है। बता दें कि एसयूवी में आ रही तकनीकी खामियों की वजह से यह फैसला लिया गया है।

निसान कार चालकों के लिए बड़ी खबर सामने आई है। बता दें कि कंपनी ने अपनी पॉपुलर एसयूवी Nissan Rogue को बड़े पैमाने पर रिकॉल करने का फैसला किया है। अमेरिकी रोड सेफ्टी एजेंसी नेशनल हाईवे ट्रैफिक सेफ्टी एडमिनिस्ट्रेशन (NHTSA) के अनुसार, निसान दो अलग-अलग तकनीकी खामियों की वजह से कुल 6,42,698 यूनिट SUV को वापस बुला रही है। इन खामियों से गाड़ी की ड्राइव पावर खत्म हो सकती है। वहीं, कुछ मामलों में आग लगने का खतरा भी बन सकता है। यही वजह है कि कंपनी ने एहतियातन अमेरिकी ग्राहकों के लिए यह कदम उठाया है।






मिलती जुलती गाड़ियाँ
और गाड़ियां देखें
पहले रिकॉल की ये रही बड़ी वजह
पहला रिकॉल करीब 3,18,781 यूनिट एसयूवी से जुड़ा है। इनमें थ्रॉटल बॉडी के गियर टूटने की समस्या सामने आई है। आसान भाषा में समझें तो थ्रॉटल वही सिस्टम होता है जो एक्सीलेटर दबाने पर इंजन को पावर देने का काम करता है। अगर इसका गियर खराब हो जाए तो गाड़ी ठीक से रफ्तार नहीं पकड़ पाती। कई बार एक्सीलेटर दबाने के बावजूद कार सुस्त हो जाती है या अचानक पावर कम हो सकती है। हाईवे पर या तेज रफ्तार में ऐसी स्थिति ड्राइवर के लिए काफी खतरनाक साबित हो सकती है।
दूसरा रिकॉल ज्यादा गंभीर
दूसरा रिकॉल इससे भी ज्यादा गंभीर माना जा रहा है। इसमें 3,23,917 यूनिट एसयूवी शामिल हैं। इन गाड़ियों में इंजन बेयरिंग खराब होने का खतरा बताया गया है। अगर इंजन बेयरिंग डैमेज होती है तो इंजन के अंदर का गर्म ऑयल बाहर निकल सकता है। इससे इंजन को बड़ा नुकसान पहुंच सकता है और आग लगने का खतरा भी बढ़ जाता है। इसके अलावा, चलते वाहन में अचानक पावर खत्म हो सकती है, जिससे सड़क पर हादसे की आशंका बढ़ जाती है।
समस्या को मुफ्त में ठीक करेगी कंपनी
राहत की बात यह है कि निसान इस समस्या को मुफ्त में ठीक करेगी। कंपनी ने कहा है कि डीलरशिप पर गाड़ियों के इंजन कंट्रोल सॉफ्टवेयर को अपडेट किया जाएगा और जरूरत पड़ने पर खराब पार्ट्स बदले जाएंगे। इसके लिए ग्राहकों से कोई पैसा नहीं लिया जाएगा। कंपनी प्रभावित कार मालिकों से खुद संपर्क करेगी और उन्हें सर्विस सेंटर बुलाया जाएगा। भले ही इतने बड़े पैमाने पर रिकॉल से कंपनी की छवि को झटका लगे, लेकिन समय रहते गाड़ियों को वापस बुलाकर समस्या ठीक करना ग्राहकों की सुरक्षा के लिहाज से सही और जरूरी कदम माना जा रहा है।
लेखक के बारे में
Ashutosh Kumarदेश-दुनिया की खबरों में रुचि पत्रकारिता में खींच लाई। IIMC, नई दिल्ली से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। पत्रकारिता की शुरुआत 2022 में ‘लाइव हिंदुस्तान’ से हुई। बीते करीब 4 सालों से आशुतोष बिजनेस और ऑटो सेक्शन में काम कर रहे हैं। राजनीति, बिजनेस और धर्म में खास रुचि है। लाइव हिंदुस्तान में बिजनेस, टेक, ऑटो, स्पोर्ट्स, एस्ट्रोलॉजी, करियर और न्यूज सेक्शन में लगातार काम करने का अनुभव है। लाइव हिंदुस्तान के लिए बिहार चुनाव 2025 का ग्राउंड पर जाकर पूरा वीडियो कवरेज किया है। बड़े नेताओं और लेखकों के साथ 50 से ज्यादा इंटरव्यू लेने का अनुभव भी रखते हैं। आशुतोष को उनकी रिपोर्टिंग के लिए संस्थान की ओर से प्रतिष्ठित ‘Digi journo of the Quarter’ अवार्ड भी मिल चुका है।
और पढ़ेंलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


