इस 7-सीटर के टॉप वैरिएंट की कीमत अर्टिगा के बेस के बराबर, ₹5.65 लाख में 30+ सेफ्टी फीचर्स भी मिलेंगे

Feb 18, 2026 11:08 am ISTNarendra Jijhontiya लाइव हिन्दुस्तान
share

निसान मोटर इंडिया ने 7-सीटर ऑल न्यू ग्रेवाइट MPV की कीमतों का एलान कर दिया है। भारतीय बाजार में इसका मुकाबला मारुति अर्टिगा से भी होने वाला है। ऐसे में हम यहां ग्रेवाइट और अर्टिगा के फीचर्स, स्पेसिफिकेशंस, इंजन और कीमतों का कम्पेरिजन करने वाले हैं।

इस 7-सीटर के टॉप वैरिएंट की कीमत अर्टिगा के बेस के बराबर, ₹5.65 लाख में 30+ सेफ्टी फीचर्स भी मिलेंगे

निसान मोटर इंडिया ने ऑफिशियली अपनी ऑल न्यू ग्रेवाइट लॉन्च कर दी है। इसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 5.65 लाख रुपए है। सब-4 मीटर, थ्री-रो वाली 7-सीटर MPV के तौर पर पेश की गई ग्रेवाइट, मैग्नाइट के बाद भारत में निसान का दूसरा प्रोडक्ट है। इसे उन फैमिली के लिए बनाया गया है जो जगह, प्रैक्टिकैलिटी और अफॉर्डेबल प्राइस वाली बड़ी कार खरीदना चाहते हैं। यह रेनो ट्राइबर वाला प्लेटफॉर्म और इंजन शेयर करती है। वैसे, भारतीय बाजार में इसका मुकाबला मारुति अर्टिगा से भी होने वाला है। ऐसे में हम यहां ग्रेवाइट और अर्टिगा के फीचर्स, स्पेसिफिकेशंस, इंजन और कीमतों का कम्पेरिजन करने वाले हैं।

पसंदीदा मॉडल्स पर सीमित समय की शानदार डील

डिजाइन और एक्सटीरियर: ग्रेवाइट Vs अर्टिगा

ग्रेवाइट असल में रेनो ट्राइबर प्लेटफॉर्म पर तैयार की गई है, लेकिन इसमें निसान-स्पेसिफिक स्टाइलिंग देखने को मिलती है। इसके फ्रंट में बड़ी ग्रिल, ज्यादा एंगुलर बंपर और अलग LED DRL ट्रीटमेंट है। दिखाए गए कलर ऑप्शन में फॉरेस्ट ग्रीन, ओनिक्स ब्लैक, मेटैलिक ग्रे, ब्लेड सिल्वर और स्टॉर्म व्हाइट शामिल हैं। कार में आपको LED सेक्शन देखने को नहीं मिलेंगे। वहीं, इसमें आपको ट्राइबर की झलक देखने को मिलती है। ग्रेवाइट की लंबाई 3987mm है।

दूसरी तरफ, अर्टिगा की बात करें तो ये एक स्टाइलिश और बड़ी 7-सीटर MPV है। अपने मॉडर्न डिजाइन की वजह से इसकी डिमांड सेगमेंट में सबसे ज्यादा है। कार में एक बोल्ड फ्रंट क्रोम ग्रिल, प्रोजेक्टर हेडलाइट्स और पीछे की तरफ 3D टेल लैंप्स दिए गए हैं। HEARTECT प्लेटफॉर्म पर आधारित यह कार अपने कम्फर्टेबल केबिन और प्रीमियम लुक्स के लिए जानी जाती है। खास बात ये है कि इसकी लंबाई 4435mm है। यानी ये ग्रेवाइट की तुलना में 448mm लंबी है।

इंटीरियर और फीचर्स: ग्रेवाइट Vs अर्टिगा

निसान ग्रेवाइट Vs मारुति अर्टिगा

सबसे पहले बात करें ग्रेवाइट के इंटीरियर की तो ये एक प्रैक्टिकल 7-सीटर लेआउट वाली MPV देता है। इसकी सबसे बड़ी खास बात ये है कि इसकी थर्ड-रो में रिमूवेबल सीट मिलती हैं। दूसरी-रो की सीटों में फ्लेक्सिबिलिटी के लिए स्लाइडिंग और रिक्लाइनिंग फंक्शन हैं। इस तरह इस कार के स्पेस और कम्फर्ट को बढ़ा जा सकता है। कंपनी के दावे के मुताबिक ट्राइबर की तरह सीट को 100 तरह से एडजेट्स कर सकते हैं। सीट हटाने के बाद इसका बूट स्पेस काफी बढ़ जाता है।

बात करें ग्रेवाइट के फीचर्स की तो इसमें वायरलेस एंड्रॉयड ऑटो और एपल कारप्ले के साथ 8-इंच (20.32 cm) का इंफोटेनमेंट सिस्टम मिलता है, जिसे JBL स्पीकर्स के साथ कनेक्ट किया गया है। इसमें डुअल डैश कैम, एम्बिएंट लाइटिंग, एयर प्यूरीफायर, वायरलेस चार्जर, रेन सेंसिंग वाइपर्स, फ्रंट और रियर पार्किंग सेंसर्स, क्रूज कंट्रोल, वॉक-अवे लॉक / वॉक-टू-कार अप्रोच फीचर और इंटीग्रेटेड DRLs के साथ ऑटो LED हेडलैंप्स दिए हैं। लिमिटेड लॉन्च एडिशन गर्दन और लंबर सपोर्ट जैसे एक्स्ट्रा कम्फर्ट मिलते हैं।

अब बात करें अर्टिगा के इंटीरियर की तो इसे यूजफुल डिजाइन मिलता है। कपनी ने दूसरी रो के AC वेंट की जगह बदल दी है। अब ये छत पर नहीं, बल्कि सेंटर कंसोल के पीछे हैं। जहां आमतौर पर ज्यादातर कारों में देखते हैं। सेंटर कंसोल पर लगे AC वेंट ब्रांड के दूसरे प्रोडक्ट में पहले से ही उपलब्ध थे। थर्ड रो में बैठने वालों को अब ब्लोअर कंट्रोल के साथ अपने अलग वेंट मिलते हैं। ब्रांड ने USB टाइप-C पोर्ट भी जोड़े हैं। जो दूसरी और तीसरी रो में देखने को मिलते हैं।

अर्टिगा के मुख्य फीचर्स में 7-इंच टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम मिलता है। ग्रेवाइट की तरह ये भी एंड्रॉयड ऑटो और एपल कारप्ले को सपोर्ट करता है। इसमें आर्कमिस प्रीमियम साउंड सिस्टम, वायरलेस एंड्रॉइड ऑटो और एपल कारप्ले और कलर TFT इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर के साथ MID शामिल हैं। इसमें रिमूवेबल सीट को नहीं मिलती, लेकिन इन्हें पूरी तरह रिक्लाइन करने के बाद बूट स्पेस को बढ़ाया जा सकता है। इंटीरियर के लिहाज से दोनों कार लगभग एक जैसी नजर आती हैं।

सेफ्टी और NCAP रेटिंग: ग्रेवाइट Vs अर्टिगा

निसान ग्रेवाइट Vs मारुति अर्टिगा

निसान ग्रेवाइट में 30+ स्टैंडर्ड सेफ्टी फीचर्स मिलते हैं। इसमें 6 एयरबैग, EBD के साथ ABS, इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी कंट्रोल (ESC) और टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम (TPMS) शामिल हैं। इसमें रियर पार्किंग सेंसर, रिवर्स कैमरा, हिल स्टार्ट असिस्ट और शुरुआती मॉडल्स के लिए, एक फ्रंट/रियर डैशकैम के साथ एक पूरा, बजट-फ्रेंडली सेफ्टी पैकेज देता है। चाइल्ड सेफ्टी के लिए ISOFIX चाइल्ड सीट मिलती है। इसमें ऑटो हेडलैंप और रेन-सेंसिंग वाइपर्स शामिल हैं। अभी इसका BNCAP या कोई दूसरा NCAP क्रैश टेस्ट नहीं हुआ है, लेकिन इसे ट्राइबर के प्लेटफॉर्म पर तैयार किया है जिसे GNCAP में 4-स्टार रेटिंग मिली है।

अब बात करें अर्टिगा की सेफ्टी किट की तो इसमें 6 एयरबैग स्टैंडर्ड, इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी प्रोग्राम, हिल होल्ड, ABS के साथ EBD और ब्रेक असिस्ट, रियर पार्किंग सेंसर, रियर पार्किंग कैमरा और सेंट्रल लॉकिंग शामिल हैं। टॉप वैरिएंट में सुजुकी कनेक्ट के जरिए कई कनेक्टिविटी फीचर्स भी मिलते हैं। कार में टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम (TPMS) भी दिया है। खास बात ये है कि अभी अर्टिगा के भी भारत NCAP टेस्ट नहीं हुआ है, लेकिन 2024 ग्लोबल NCAP टेस्ट में इसे एडल्ट सेफ्टी के लिए 1-स्टार और चाइल्ड सेफ्टी के लिए 2-स्टार रेटिंग मिली थी।

CNG ऑप्शन: ग्रेवाइट Vs अर्टिगा

ग्रेवाइट 7-सीटर MPV होने के बाद भी भारतीय बाजार में मिलने वाली कई 5-सीटर हैचबैक से सस्ती है, जबकि असली 7-सीट प्रैक्टिकैलिटी देती है। ये एंट्री-लेवल MPV ग्राहकों और बजट का ध्यान रखने वाले SUV चाहने वालों को भी टारगेट करेगी। इसमें डीलरएंड पर CNG किट फिट करके दी जाएगी, जिस पर RTO और वारंटी जैसे डॉक्युमेंट भी मिलेंगे। ऐसे में डुअल सिलेंडर CNG की शुरुआत, 10 साल तक की एक्सटेंडेड वारंटी और 5 साल के लिए जीरो सर्विस कॉस्ट खरीदारों का भरोसा बनाने में अहम भूमिका निभा सकती है।

दूसरी तरफ, मारुति अर्टिगा फैक्ट्री फिटेड CNG सिलेंडर के साथ आती है। अर्टिगा CNG की डिमांड काफी ज्यादा है। खासकर कमर्शियल सेगमेंट में इसके आसपास कोई दूसरी 7-सीटर MPV मॉडल नहीं है। अर्टिगा की कामयाबी का रास्ता उसका माइलेज भी तय करता है। हालांकि, इसमें CNG सिलेंडर को बूट स्पेस में लगाया गया है जिसके चलते सामान रखने का जगह खत्म हो जाती है। ये अर्टिगा ग्राहकों के लिए बड़ी कमी भी है। इस लिए कई लोग इस कार में लगेज कैरियर का इस्तेमाल भी करते हैं।

इंजन और ट्रांसमिशन: ग्रेवाइट Vs अर्टिगा

निसान ग्रेवाइट 8 वैरिएंट में उपलब्ध है, जिसमें विसिया, एसेंटा, एन-कनेक्टा, टेक्ना और एक लिमिटेड लॉन्च एडिशन शामिल है। ट्रांसमिशन ऑप्शन में 5-स्पीड मैनुअल और एक EZ-शिफ्ट AMT शामिल हैं। ग्रेवाइट में 1.0-लीटर 3-सिलेंडर नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन है जो 72 PS और 96 Nm का टॉर्क देता है। कंपनी के दावा के मुताबिक, इसका EZ-Shift AMT का माइलेज 19.6 kmpl और मैनुअल का माइलेज 19.3 kmpl है। अभी CNG के माइलेज को लेकर कोई जानकारी नहीं है।

बात करें मारुति अर्टिगा की तो इसमें 1.5-लीटर, फोर-सिलेंडर नैचुरली एस्पिरेटेड इंजन दिया गया है। यह 102 बीएचपी का पावर और 136 एनएम का टॉर्क जनरेट करता है। इसमें CNG का ऑप्शन भी उपलब्ध है। जहां तक माइलेज की बात करें तो पेट्रोल पर ये 20.51 Km/Lऔर CNG पर करीब 26.11 Km/Kg का माइलेज देती है। ये सबसे ज्यादा माइलेज देने वाली 7-सीटर MPV भी है। ग्रेवाइट और अर्टिगा के इंजन के पावर में बड़ा अंतर है। वहीं, अर्टिगा का माइलेज भी ग्रेवाइट से ज्यादा है।

एक्स-शोरूम कीमतें: ग्रेवाइट Vs अर्टिगा

निसान ग्रेवाइट की वैरिएंट वाइज एक्स-शोरूम कीमतें (लाख रुपए में)
वैरिएंटपेट्रोल MTपेट्रोल AMT
विसिया5.65-
एसेंटा6.59-
एन-कनेक्टा7.27.8
टेक्ना7.918.49
लॉन्च एडिशन8.358.93
मारुति अर्टिगा की वैरिएंट वाइज एक्स-शोरूम कीमतें (लाख रुपए में)
वैरिएंटपेट्रोल MTपेट्रोल AMTCNG MT
स्मार्ट हाइब्रिड LXI8.8--
स्मार्ट हाइब्रिड VXI9.8611.2110.77
स्मार्ट हाइब्रिड ZXI0.92 11.83
स्मार्ट हाइब्रिड ZXI+11.6--
स्मार्ट हाइब्रिड ZXI 6AT-12.27-
स्मार्ट हाइब्रिड ZXI+ 6AT-12.95-
Narendra Jijhontiya

लेखक के बारे में

Narendra Jijhontiya

नरेंद्र जिझोतिया देश के ऑटोमोबाइल सेक्टर में अपनी लेखनी के लिए चर्चित नाम बन चुके हैं। गाड़ियों का रिव्यू, फर्स्ट राइडिंग इम्प्रेशन, कम्पेरिजन, सेल्स एनालिसिस, यूटिलिटी (DIY, How To Do) जैसे विषयों पर उनकी शानदार पकड़ है। अपने एक्सक्लूसिव कंटेंट को लेकर वो लगातार सुर्खियों में रहते हैं। वे लाइव हिन्दुस्तान के साथ असिस्टेंट न्यूज एडिटर के तौर पर पिछले 4 सालों से जुड़े हुए हैं। 2008 में जीवाजी यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता पूरी की। अपने 18 साल के लंबे करियर के दौरान जी 24 घंटे छत्तीसगढ़, बंसल न्यूज, दैनिक भास्कर डिजिटल समेत 5 संस्थानों में काम कर चुके हैं। वे स्पोर्ट्स, बॉलीवुड, खबर जरा हटके, यूटिलिटी, बिजनेस, टेक्नोलॉजी, ऑटो समेत कई सेक्शन में काम कर चुके हैं। उन्हें दैनिक भास्कर में यूरेका अवॉर्ड, हाईफाइव अवॉर्ड, बेस्ट स्टोरी अवॉर्ड और लाइव हिन्दुस्तान में डिजी स्टार अवॉर्ड का सम्मान मिल चुका है। उन्हें क्रिकेट, सिगिंग, साइकिलिंग पसंद है।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।