डुकाटी की यह सुपरबाइक भारत में नए अवतार में हुई लॉन्च, कीमत ₹13.99 लाख; जानिए खासियतें
लक्जरी बाइक बनाने वाली मशहूर कंपनी डुकाटी ने भारतीय मार्केट में अपनी नई मॉन्स्टर को लॉन्च कर दिया है। इसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 13.99 लाख रुपये रखी गई है।

लक्जरी बाइक बनाने वाली मशहूर कंपनी डुकाटी ने भारतीय मार्केट में अपनी नई मॉन्स्टर को लॉन्च कर दिया है। इसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 13.99 लाख रुपये रखी गई है। अपने पुराने मॉडल की तुलना में थोड़ी ही महंगी होने के बावजूद, नई जनरेशन की इस बाइक में री-इंजीनियर इंजन, हल्का चेसिस और काफी शार्प डिजाइन देखने को मिलता है। कंपनी ने इसे रोजाना चलाने वाले राइडर्स के साथ-साथ स्पोर्ट्स बाइक लवर्स की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया है। आइए जानते हैं कि इस नई बाइक में क्या-क्या खास फीचर्स और बदलाव दिए गए हैं।
कुछ ऐसा है बाइक के पावरट्रेन
इस नई बाइक के पावरट्रेन की बात करें तो इसमें 890cc का बिल्कुल नया V-ट्विन इंजन दिया गया है। हालांकि, पुराना मॉडल 937cc का था, लेकिन साइज में थोड़े छोटे होने के बावजूद इसके परफॉर्मेंस में कोई कमी नहीं आई है। यह पावरफुल इंजन 9,000 rpm पर 111bhp की पावर और 7,250 rpm पर 91.1Nm का टॉर्क जनरेट करता है। इसमें दी गई 'इंटेक वेरिएबल टाइमिंग' (IVT) तकनीक की मदद से बाइक को कम और ज्यादा रफ्तार में भी आसानी से पिकअप मिलता है, जिससे इसे चलाना बहुत आसान हो जाता है।
5 किग्रा तक कम हुआ वजन
डुकाटी ने इस नई बाइक के वजन को करीब 5 किलोग्राम तक घटा दिया है। इसके लिए इसमें नया एल्यूमीनियम मोनोकॉक चेसिस इस्तेमाल किया गया है। वजन कम होने से बाइक को मोड़ना और ट्रैफिक में संभालना काफी आसान हो गया है। कंपनी ने राइडर्स की सुविधा के लिए इसकी सीट की ऊंचाई 815 mm रखी है, जिसे एक्सेसरीज की मदद से 795 mm या 775 mm तक घटाया जा सकता है। इसमें आगे की तरफ 43 mm के शोवा USD फोर्क्स और पीछे मोनोशॉक सस्पेंशन दिए गए हैं।
इतनी है बाइक की कीमत
डिजाइन के मामले में इसे दो वैरिएंट्स स्टैंडर्ड मॉन्स्टर और मॉन्स्टर+ में पेश किया गया है। दोनों में इंजन और फीचर्स एक जैसे हैं, लेकिन मॉन्स्टर+ में हेडलाइट काउल और पैसेंजर सीट कवर जैसे स्पोर्टी एक्स्ट्रा एलिमेंट्स मिलते हैं। यह बाइक डुकाटी रेड, आइसबर्ग व्हाइट और स्पोर्ट्स लिवरी जैसे तीन आकर्षक रंगों में उपलब्ध है। वैरिएंट और रंग के आधार पर इसकी कीमत 13.99 लाख रुपये से शुरू होकर 14.45 लाख रुपये तक जाती है, ताकि ग्राहक अपनी पसंद और स्टाइल के हिसाब से सही मॉडल चुन सकें।
ढेरों मॉडर्न फीचर्स से लैस है बाइक
बाइक में सेफ्टी और सहूलियत के लिए ढेरों मॉडर्न फीचर्स दिए गए हैं। इसमें 5-इंच का टीएफटी डिस्प्ले, फुल एलईडी लाइटें, क्विकशिफ्टर, ट्रैक्शन कंट्रोल, व्हीली कंट्रोल और कॉर्नरिंग एबीएस जैसे फीचर्स मिलते हैं। इसके अलावा, कंपनी ने इसके मेंटेनेंस को भी काफी किफायती बनाया है। इसमें वाल्व क्लीयरेंस सर्विस अब 45,000 किमी पर होगी और रेगुलर सर्विसिंग साल में एक बार या 15,000 किमी पर करानी होगी। साथ ही कंपनी इस पर दो साल की अनलिमिटेड किलोमीटर वारंटी भी दे रही है।



