ग्राहकों को खूब पसंद आ रही MG की यह नई EV, लॉन्च के दो महीने के अंदर बुकिंग 10 हजार यूनिट के पार
MG Hector Tomahawk EV को ग्राहकों से जबरदस्त रिस्पॉन्स मिल रहा है। लॉन्च के दो महीने से भी कम समय में इसकी बुकिंग 10,000 यूनिट के पार पहुंच गई है।

JSW MG की नई इलेक्ट्रिक एसयूवी - MG Hector Tomahawk EV को इंडियन मार्केट में जबरदस्त रिस्पॉन्स मिल रहा है। लॉन्च के दो महीने से भी कम समय में इसकी बुकिंग 10 हजार यूनिट के पार पहुंच गई है। हालांकि, बुकिंग का मतलब ग्राहकों को कार की डिलीवरी मिलना नहीं हैं। इनमें से कुछ बुकिंग ग्राहक का मन बदलने पर कैंसिल भी हो सकती हैं। इसके बावजूद यह कंपनी के लिए बड़ी उपलब्धि है। सितंबर में MG की सभी कारों की टोटल होलसेल बिक्री 8,018 यूनिट रही थी।
19.49 लाख रुपये से शुरू होती है कीमत
एमजी हेक्टर टॉमाहॉक ईवी की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 19.49 लाख रुपये है। इस कीमत में बैटरी की कॉस्ट भी शामिल है। कंपनी इसके साथ Battery-as-a-Service (BaaS) का ऑप्शन भी दे रही है। इस स्कीम के तहत ग्राहक 13.99 लाख रुपये की शुरुआती कीमत पर एसयूवी खरीद सकते हैं। हालांकि, इसके बाद बैटरी इस्तेमाल करने के लिए 4.90 रुपये प्रति किलोमीटर के हिसाब से चार्ज पे करना होगा। यह ऑफर लिमिटेड बुकिंग के लिए उपलब्ध है।
517km की रेंज और 5-7 सीटों का विकल्प
हेक्टर टॉमाहॉक ईवी में 69.2kWh का बैटरी पैक दिया गया है। कंपनी के मुताबिक यह एक बार फुल चार्ज होने पर 517km तक की रेंज ऑफर कर सकती है। इसमें 5-सीटर और 7-सीटर, दोनों ऑप्शन मिलते हैं। एसयूवी की लंबाई 4,745mm और व्हीलबेस 2,810mm है, जिससे केबिन में फैमिली के लिए अच्छा स्पेस मिलेगा।
फीचर्स की बात करें, तो इसमें 15.6-इंच का टचस्क्रीन इन्फोटेनमेंट सिस्टम, Level 2 ADAS और 80 से ज्यादा कनेक्टेड कार फीचर्स मिलते हैं। इसमें Vehicle-to-Home (V2H) टेक्नोलॉजी भी दी गई है, जिसकी मदद से जरूरत पड़ने पर कार की बैटरी से घर को इलेक्ट्रिसिटी दी जा सकती है। कंपनी पहले ओनर को शर्तों के साथ बैटरी पर लाइफटाइम वॉरंटी भी दे रही है। इसकी कस्टमर डिलीवरी सितंबर में शुरू हो चुकी है।
नवंबर से शुरू होगी हाइब्रिड मॉडल की डिलीवरी
हेक्टर टॉमाहॉक रेंज में प्लग-इन हाइब्रिड (PHEV) मॉडल भी शामिल है। इसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 25.69 लाख रुपये है, जिसमें बैटरी की कॉस्ट शामिल है। इसमें 20.5kWh का बैटरी पैक दिया गया है, जो 115km से ज्यादा की इलेक्ट्रिक-ओनली रेंज के क्लेम के साथ आता है। पेट्रोल टैंक और बैटरी फुल होने पर इसकी टोटल रेंज 1,100km से ज्यादा बताई गई है। इस हाइब्रिड मॉडल की कस्टमर डिलीवरी नवंबर से शुरू होगी। बताते चलें कि कंपनी ने 13 अक्टूबर को भारत में विंडसर ईवी का नया एडिशन - Windsor EV Indulge Edition भी लॉन्च किया है। इसकी कीमत 17.99 लाख रुपये है।
(Photo: Shutter Drives)

