अर्टिगा से लेकर बलेनो और फ्रॉन्क्स तक, Maruti Suzuki ला रही इन 5 कारों का धांसू फेसलिफ्ट
मारुति सुजुकी अपने मौजूदा मॉडल्स को तगड़ा अपडेट देने वाली है। इनमें बलेनो, फ्रॉन्क्स, अर्टिगा, इन्विक्टो और ग्रैंड विटारा के फेसलिफ्ट शामिल हैं। इन अपडेट्स में डिजाइन बदलाव के साथ नए फीचर्स भी देखने को मिल सकते हैं।

मारुति सुजुकी की गाड़ियों को पसंद करने वाले ग्राहकों के लिए आने वाले दिन बेहद एक्साइटिंग रहने वाले हैं। कंपनी अपने मौजूदा मॉडल्स को तगड़ा अपडेट देने वाली है। इनमें बलेनो, फ्रॉन्क्स, अर्टिगा, इन्विक्टो और ग्रैंड विटारा के फेसलिफ्ट शामिल हैं। इन अपडेट्स में डिजाइन बदलाव के साथ नए फीचर्स और कुछ गाड़ियों में पावरट्रेन से जुड़े बदलाव भी देखने को मिल सकते हैं। तो आइए जानते हैं मारुति के इन टॉप 5 अपकमिंग फेसलिफ्ट्स के बारे में।
Maruti Baleno Facelift
मारुति सुजुकी अगले महीने बलेनो का फेसलिफ्ट मॉडल लॉन्च करने वाली है। इसमें नए फ्रंट ग्रिल, अपडेटेड हेडलैंप, नए बंपर और नए डिजाइन के अलॉय व्हील मिल सकते हैं। केबिन में बड़ी इन्फोटेनमेंट स्क्रीन, वेंटिलेटेड सीट्स और Level 1 ADAS जैसे फीचर्स जोड़े जाने की उम्मीद है। सबसे बड़ा बदलाव CNG-AMT कॉम्बिनेशन हो सकता है, जो पहली बार बलेनो में मिल सकता है। कंपनी इसमें स्विफ्ट वाला नया थ्री-सिलेंडर इंजन भी देती है।
Maruti Fronx Facelift
फ्रॉन्क्स को भी इस साल फेसलिफ्ट अपडेट मिलने की उम्मीद है। इसमें एक्सटीरियर डिजाइन में बदलाव के साथ टर्बो वेरिएंट में रेड एक्सेंट दिए जा सकते हैं। केबिन में बड़ी इन्फोटेनमेंट स्क्रीन, वेंटिलेटेड सीट्स और Level 1 ADAS जैसे फीचर्स जोड़े जा सकते हैं। इंजन ऑप्शन्स में 1.2-लीटर नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल और 1.0-लीटर टर्बो-पेट्रोल इंजन कंटिन्यू रहने की उम्मीद है। हालांकि, 1.2-लीटर 4-सिलेंडर इंजन की जगह इसमें तीन-सिलेंडर यूनिट दिए जाने की भी उम्मीद की जा रही है।
Maruti Ertiga Facelift
अर्टिगा के मौजूदा मॉडल को नई जनरेशन आने से पहले फेसलिफ्ट अपडेट मिल सकता है। इसमें नए एक्सटीरियर डिजाइन के अलावा 360-डिग्री कैमरा और बड़ी इन्फोटेनमेंट स्क्रीन जैसे फीचर्स शामिल किए जा सकते हैं। इंजन और गियरबॉक्स ऑप्शन्स में बड़े बदलाव की उम्मीद नहीं है। इसमें मौजूदा मैनुअल और ऑटोमैटिक ऑप्शन जारी रह सकते हैं। कंपनी अर्टिगा में अंडरबॉडी CNG टैंक भी दे सकती है।
Maruti Invicto Facelift
टोयोटा इनोवा हाइक्रॉस पर बेस्ड मारुति इन्विक्टो को भी फेसलिफ्ट में कुछ अपडेट मिल सकते हैं। मौजूदा इन्विक्टो में हाइक्रॉस की तुलना में कई फीचर्स नहीं दिए गए हैं, जिससे इसकी कीमत को कॉम्पेटिटिव रखा गया है। अब देखना होगा कि मारुति फेसलिफ्ट में इसे ज्यादा फीचर-लोडेड बनाती है या बदलाव सिर्फ डिजाइन तक ही सीमित रखती है।
Maruti Grand Vitara Facelift
मारुति ग्रैंड विटारा को भी इस साल फेसलिफ्ट मिलने की उम्मीद है। इसमें नए हेडलैंप और ग्रिल के साथ अपडेटेड फ्रंट डिजाइन, नए अलॉय व्हील और बदले हुए टेललैंप मिल सकते हैं। केबिन में बड़ी इन्फोटेनमेंट स्क्रीन और नया ड्राइवर डिस्प्ले भी दिया जा सकता है। पावरट्रेन में बदलाव की उम्मीद नहीं है और इसमें 1.5-लीटर नैचुरली एस्पिरेटेड माइल्ड-हाइब्रिड तथा 1.5-लीटर स्ट्रॉन्ग-हाइब्रिड पेट्रोल इंजन ही दिया जा सकता है।



