Maruti Suzuki की इस छोटी कार के जरूरी पार्ट में गड़बड़ी, फ्री में ठीक कर रही कंपनी
मारुति सुजुकी इग्निस को रिकॉल किया गया है। कार के एक पार्ट में गड़बड़ी पाई हई है, जिसके कारण इसे रिकॉल किया गया है। कंपनी बिना किसी खर्च इस पार्ट को रिप्लेस करेगी।

मारुति सुजुकी की हैचबैक - Ignis में एक गड़बड़ी सामने आई है। इसके चलते कंपनी ने इग्निस को रिकॉल किया है। ऑटोकार इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार कार की यह प्रॉब्लम रियर पार्किंग सेंसर से जुड़ी है। रिपोर्ट में यह नहीं बताया गया है कि इस समस्या से कितनी इग्निस प्रभावित है। साथ ही रिपोर्ट में मैन्युफैक्चरिंग टाइमलाइन की जानकारी भी नहीं दी गई है। ऑटोकार इंडिया को एक ऑथराइज्ड डीलर से एकडॉक्यूमेंट मिला है। इस डॉक्यूमेंट के अनुसार कारमेकर ने रियर पार्किंग सेंसर में आई गड़बड़ी का कारण कंट्रोलर असेंब्ली को बताया। इसमें प्रॉब्लम होने के चलते रियर पार्किंग सेंसर कई बार सही से काम नहीं करता।
बिना किसी खर्च के बदला जाएगा खराब पार्ट
ग्राहकों को इस गड़बड़ी से परेशानी का सामना न करना पड़े इसके लिए कंपनी पहले ही खराब पार्ट को रिप्लेस करने का फैसला किया है। मारुति सुज़ुकी ने प्रभावित कारों के मालिकों से संपर्क किया है और उनसे ऑथराइज्ड वर्कशॉप जाकर इसे खामी को ठीक कराने की रिक्वेस्ट की है। खराब पार्ट को बिना किसी खर्च के बदला जाएगा। संबंधित ग्राहकों से कहा गया है कि वे अपॉइंटमेंट लेने और आगे की मदद पाने के लिए सर्विस सेंटर से संपर्क करें।
मारुति सुजुकी की इग्निस हो चुकी है डिस्कंटिन्यू
कंपनी ने अपनी इस पॉप्युलर और किफायती हैचबैक को डिस्कंटिन्यू कर दिया है। इसकी कीमत 5.35 लाख रुपये से 7.55 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) के बीच थी। इसे नेक्सा (Nexa) शोरूम से सेल किया जाता था। 2020 में इसका फेसलिफ्ट भी आया था। यह फेसलिफ्ट तीन मेन ट्रिम्स - डेल्टा, जेटा और अल्फा में उपलब्ध था। सिग्मा वेरिएंट को कंपनी ने पहले ही बंद कर दिया था। इग्निस में कई शानदार फीचर्स मिलते थे।
इसमें ऐंड्रॉयड ऑटो और ऐपल कारप्ले के साथ 7-इंच का 'स्मार्ट प्ले' टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, 6-स्पीकर ऑडियो सिस्टम, क्लाइमेट कंट्रोल, ORVM के लिए इलेक्ट्रिक एडजस्टमेंट और हायर ट्रिम्स में पुश-बटन स्टार्ट जैसे फीचर्स शामिल थे। एयरक्राफ्ट स्टाइल के 'टॉगल टाइप' स्विच इस डिजाइन की सबसे बड़ी खूबी थी।
इग्निस में जरूरी सेफ्टी फीचर्स जैसे - ABS, EBD, ISOFIX माउंट्स और एयरबैग्स भी मिलते थे। यह हैचबैक लाइटवेट 5th जेनरेशन के हार्टेक्ट प्लेटफॉर्म पर बेस्ड थी। इसमें 1.2 लीटर का नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन लगा था, जो 83 हॉर्सपावर और 113 एनएम का टॉर्क जनरेट करता था। इस इंजन में 'ड्यूलजेट टेक्नोलॉजी' नहीं थी। इसमें दो ट्रांसमिशन ऑप्शन- 5-स्पीड मैनुअल और 5-स्पीड AMT ऑटोमैटिक (जिसे सुजुकी एजीएस कहती है) ऑफर किए जाते थे।



