
मारुति सुजुकी का मेगा प्लान, गुजरात में 35000 करोड़ के निवेश से बनेगा नया कार प्लांट; 12000+ लोगों को मिलेगा रोजगार
मारुति सुजुकी ने गुजरात में एक और बड़ा निवेश करने का ऐलान किया है। कंपनी गुजरात के खोराज (Khoraj) में एक नया मेगा कार मैन्युफैक्चरिंग प्लांट स्थापित करेगी जिसमें करीब 35,000 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा।
मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड (MSIL) ने गुजरात में एक और बड़ा निवेश करने का ऐलान किया है। इससे देश के ऑटोमोबाइल सेक्टर को नई रफ्तार मिलने वाली है। कंपनी गुजरात के खोराज (Khoraj) में एक नया मेगा कार मैन्युफैक्चरिंग प्लांट स्थापित करेगी जिसमें करीब 35,000 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा। इस नए प्लांट की सालाना उत्पादन क्षमता 10 लाख गाड़ियां होगी। शनिवार को गांधीनगर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान मारुति सुजुकी के मैनेजिंग डायरेक्टर हिसाशी टेकुची ने मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल को निवेश पत्र सौंपा।






12000 से ज्यादा लोगों को मिलेगा रोजगार
मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी साझा करते हुए कहा कि, “इस प्रोजेक्ट से गुजरात में 12,000 से ज्यादा लोगों को सीधे रोजगार मिलेगा। इसके साथ ही ऑटो कंपोनेंट, सहायक इकाइयों और MSME सेक्टर को भी बड़ा बढ़ावा मिलेगा जिससे राज्य में एक मजबूत ऑटो मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर तैयार होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मेक इन इंडिया, मेक फॉर द वर्ल्ड’ विजन के तहत गुजरात देश के मैन्युफैक्चरिंग इकोसिस्टम को लगातार मजबूत कर रहा है”।
मिलती जुलती गाड़ियाँ
और गाड़ियां देखें
गुजरात निवेशकों के लिए पसंदीदा डेस्टिनेशन
उन्होंने आगे कहा कि गुजरात में मारुति सुजुकी की मौजूदगी भारत-जापान के भरोसेमंद साझेदारी संबंधों को और गहरा करती है। यह निवेश इस बात का सबूत है कि वैश्विक कंपनियों को गुजरात की नीति आधारित गवर्नेंस, वर्ल्ड-क्लास इंफ्रास्ट्रक्चर और उद्योग-हितैषी माहौल पर पूरा भरोसा है। मुख्यमंत्री के मुताबिक, गुजरात अब देश के प्रमुख ऑटोमोबाइल हब के रूप में उभर चुका है और ग्लोबल निवेशकों के लिए एक पसंदीदा डेस्टिनेशन बन गया है।
1750 एकड़ जमीन पर बनेगा प्लांट
एनडीटीवी ऑटो के अनुसार, मारुति सुजुकी का यह नया प्लांट गुजरात इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (GIDC) द्वारा उपलब्ध कराई गई करीब 1,750 एकड़ जमीन पर बनाया जाएगा। इससे पहले इसी हफ्ते कंपनी ने जानकारी दी थी कि उसके बोर्ड ने गुजरात में मैन्युफैक्चरिंग क्षमता बढ़ाने के लिए जमीन खरीदने पर 4,960 करोड़ रुपये के निवेश को मंजूरी दी है।
मारुति के लिए शानदार रहा 2025
बता दें कि साल 2025 मारुति सुजुकी के लिए रिकॉर्ड ब्रेकिंग रहा। कंपनी ने इस दौरान 22.55 लाख गाड़ियों का उत्पादन किया जो अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा है। वहीं, एक्सपोर्ट के मोर्चे पर भी कंपनी ने 3.95 लाख गाड़ियां विदेश भेजीं। यह 2024 के मुकाबले 21 पर्सेंट से ज्यादा की बढ़ोतरी को दिखाता है। यह नया प्लांट मारुति सुजुकी की भविष्य की ग्रोथ स्ट्रैटजी में एक अहम कड़ी साबित होगा।

लेखक के बारे में
Ashutosh Kumarलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




