मारुति की इस SUV ने तोड़े सारे रिकॉर्ड, 38 महीनों में 2 लाख एक्सपोर्ट का आंकड़ा पार; कीमत ₹6.85 लाख
मारुति की गाड़ियों का जलवा विदेशी मार्केट में भी सिर चढ़कर बोल रहा है। कंपनी की पॉपुलर क्रॉसओवर मारुति सुजुकी फ्रोंक्स (Maruti Suzuki Fronx) ने नया इतिहास रच दिया है।

भारतीय मार्केट में मारुति सुजुकी का दबदबा तो हमेशा से ही रहा है। अब कंपनी की गाड़ियों का जलवा विदेशी मार्केट में भी सिर चढ़कर बोल रहा है। कंपनी की पॉपुलर कॉम्पैक्ट क्रॉसओवर मारुति सुजुकी फ्रोंक्स (Maruti Suzuki Fronx) ने एक नया इतिहास रच दिया है। भारत से एक्सपोर्ट के मामले में इस गाड़ी ने 2 लाख यूनिट्स का आंकड़ा पार कर लिया है। सबसे खास बात यह है कि निर्यात शुरू होने के महज 38 महीनों से भी कम समय में यह उपलब्धि हासिल की गई है। इसके साथ ही फ्रोंक्स भारत से सबसे तेजी से 2 लाख एक्सपोर्ट का आंकड़ा छूने वाली देश की पहली SUV बन गई है।
38 महीनों में 2 लाख का आंकड़ा पार
मारुति सुजुकी ने जून 2023 में फ्रोंक्स का एक्सपोर्ट शुरू किया था। देखते ही देखते इस 'मेड-इन-इंडिया' SUV ने विदेशी मार्केट में अपनी अलग पहचान बना ली। फिलहाल भारत में बनी यह कार दुनिया भर के करीब 90 देशों में भेजी जा रही है। घरेलू मार्केट और एक्सपोर्ट दोनों ही जरूरतों को पूरा करने के लिए इसका प्रोडक्शन मारुति सुजुकी के गुजरात स्थित हंसलपुर मैन्युफैक्चरिंग प्लांट में किया जा रहा है।
दूसरा 1 लाख महज 13 महीनों में
फ्रोंक्स की एक्सपोर्ट ग्रोथ में सबसे दिलचस्प बात इसकी रफ्तार रही है। इस SUV ने अपने शुरुआती 1 लाख एक्सपोर्ट का आंकड़ा लगभग 25 महीनों में पूरा किया था। लेकिन उसके बाद अगले 1 लाख एक्सपोर्ट जोड़ने में इसे सिर्फ 13 महीने का वक्त लगा। इससे साफ पता चलता है कि ग्लोबल मार्केट में इसकी मांग कितनी तेजी से बढ़ी है। फ्रोंक्स के प्रमुख एक्सपोर्ट मार्केट की बात करें तो जापान इसमें सबसे अहम देशों में से एक है।
बनी नंबर-1 एक्सपोर्ट कार
कंपनी के आंकड़ों के मुताबिक, वित्तीय वर्ष 2024-25 से ही मारुति सुजुकी फ्रोंक्स भारत की सबसे ज्यादा एक्सपोर्ट होने वाली पैसेंजर व्हीकल बनी हुई है। मारुति सुजुकी की कुल विदेशी बिक्री को बढ़ाने में इस कॉम्पैक्ट क्रॉसओवर का सबसे बड़ा योगदान रहा है। कंपनी के विदेशी कारोबार को मजबूती देने में इस मॉडल ने एक गेम-चेंजर की भूमिका निभाई है। इसकी लगातार बढ़ती मांग ने भारतीय ऑटो इंडस्ट्री का नाम दुनिया भर में ऊंचा किया है।
कंपनी के एमडी ने जताई खुशी
इस बड़ी उपलब्धि पर मारुति सुजुकी इंडिया के मैनेजिंग डायरेक्टर और सीईओ हिसाशी ताकेउची ने खुशी जताते हुए कहा कि फ्रोंक्स का दूसरा लाख एक्सपोर्ट इतनी जल्दी पूरा होना इस बात का सबूत है कि ग्लोबल मार्केट में इस मॉडल की मांग बहुत तेजी से बढ़ रही है। भारतीय मार्केट में मारुति फ्रोंक्स की एक्स-शोरूम कीमत 6.85 लाख से लेकर 11.98 लाख रुपये तक जाती है।



