मार्केट में जल्द लॉन्च होंगी ये 2 सस्ती हाइब्रिड कारें, 35 KM+ मिलेगा माइलेज! जानिए खासियत
भारतीय मार्केट में हाइब्रिड कारों को काफी पसंद किया जा रहा है। इस डिमांड को देखते हुए दिग्गज कार निर्माता कंपनियां आने वाले समय में अपने हाइब्रिड पोर्टफोलियो को बड़ा करने की तैयारी में हैं।

भारतीय मार्केट में हाइब्रिड कारों को काफी पसंद किया जा रहा है। इस डिमांड को देखते हुए मारुति सुजुकी, टाटा मोटर्स, महिंद्रा, हुंडई और किआ जैसी बड़ी कार कंपनियां आने वाले समय में अपने हाइब्रिड पोर्टफोलियो को बड़ा करने की तैयारी में हैं। इसी कड़ी में साल 2027 में मारुति सुजुकी और रेनॉल्ट दो बहुत ही सस्ती और तगड़ा माइलेज देने वाली हाइब्रिड एसयूवी कारें मार्केट में उतारने जा रही हैं। इनमें मारुति की फ्रोंक्स हाइब्रिड और रेनॉल्ट की नई सब-4 मीटर एसयूवी शामिल हैं। आइए जानते हैं इन दोनों ही मोस्ट-अवेटेड हाइब्रिड कारों के बारे में विस्तार से।
फ्रोंक्स का नया हाइब्रिड अवतार
मारुति सुजुकी अपनी पॉपुलर एसयूवी फ्रोंक्स के नए मॉडल को सीरीज हाइब्रिड टेक्नोलॉजी के साथ लॉन्च करने जा रही है। खास बात यह है कि इस टेक्नोलॉजी को कंपनी ने खुद अपने देश में ही बनाया है। इसकी वजह से इसकी कीमत टोयोटा के एटकिंसन स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड सिस्टम के मुकाबले काफी कम होगी। इस हाइब्रिड सेट-अप में मारुति का पुराना और भरोसेमंद 1.2-लीटर, 3-सिलेंडर Z-सीरीज पेट्रोल इंजन मिलेगा, जो रेंज एक्सटेंडर का काम करेगा और इलेक्ट्रिक मोटर व बैटरी पैक के साथ मिलकर चलेगा।
35 KM+ मिल सकता है माइलेज
मारुति फ्रोंक्स का यह नया हाइब्रिड सेट-अप करीब 35 किमी प्रति लीटर से भी ज्यादा का माइलेज दे सकता है। यह माइलेज पसंद करने वालों के लिए बड़ी खुशखबरी है। अगर कार के लुक्स और डिजाइन की बात करें तो इसका बाहरी और अंदरूनी लुक काफी हद तक नॉर्मल फ्रोंक्स जैसा ही रहेगा। हालांकि, इसे रेगुलर मॉडल से अलग लुक देने के लिए कार के बाहर और अंदर 'Hybrid' की बैजिंग दी जा सकती है।
रेनॉल्ट की नई ब्रिजर हाइब्रिड
दूसरी ओर रेनॉल्ट इंडिया अपनी बिल्कुल नई सब-4 मीटर हाइब्रिड एसयूवी पेश करने जा रही है। यह इसके ब्रिजर कॉन्सेप्ट पर बेस्ड होगी। यह कार कंपनी के लोकल RGMP प्लेटफॉर्म पर बनेगी, जो पेट्रोल-डीजल (ICE), हाइब्रिड और इलेक्ट्रिक तीनों तरह के इंजन को सपोर्ट करता है। रेनॉल्ट इंडिया जैसे मार्केट के लिए एक खास मल्टी-मोड हाइब्रिड सिस्टम तैयार कर रही है। इस नई एसयूवी में 1.2-लीटर पेट्रोल इंजन के साथ मल्टी-मोड इलेक्ट्रिक मोटर हाइब्रिड ड्राइव मिलेगी।
बाहर से कुछ ऐसी दिखेगी कार
लुक के मामले में रेनॉल्ट की यह नई कार अपने कॉन्सेप्ट मॉडल की तरह ही एक बॉक्सी, ऊंचे लुक और ज्यादा ग्राउंड क्लीयरेंस के साथ आएगी। इसके कई डिजाइन एलिमेंट्स नई रेनॉल्ट डस्टर से भी लिए जा सकते हैं। कंपनी का दावा है कि इस कॉम्पैक्ट एसयूवी में अपनी कैटेगरी में सबसे बेस्ट 200 मिमी का रियर नी-रूम और 400 लीटर का बड़ा बूट स्पेस देखने को मिलेगा। इससे सफर काफी आरामदायक रहेगा।

