महिंद्रा की इन इलेक्ट्रिक SUV पर टूटे ग्राहक, 1 लाख यूनिट बिक्री का आंकड़ा पार; 683 KM है रेंज

लाइव हिन्दुस्तान
share

भारतीय मार्केट में महिंद्रा के इलेक्ट्रिक गाड़ियों की जबरदस्त मांग देखने को मिल रही है। कंपनी के INGLO प्लेटफॉर्म पर बनी XEV 9e, BE 6 और XEV 9S ने मिलकर 1 लाख बिक्री का आंकड़ा पार कर लिया है।

mahindra xev 9e xev 9s be 6 cross the 1 lakh unit sales mark
महिंद्रा XEV 9e, BE 6 और XEV 9S ने 1 लाख बिक्री का आंकड़ा पार किया

भारतीय कार मार्केट में महिंद्रा की नई इलेक्ट्रिक गाड़ियों की जबरदस्त मांग देखने को मिल रही है। कंपनी के INGLO प्लेटफॉर्म पर बनी इलेक्ट्रिक एसयूवी रेंज XEV 9e, BE 6 और XEV 9S ने मिलकर 1 लाख बिक्री का बड़ा आंकड़ा पार कर लिया है। इस उपलब्धि को कंपनी के एग्जीक्यूटिव चेयरमैन आनंद महिंद्रा ने X पर एक सेलिब्रेशन पोस्ट के जरिए शेयर किया। महिंद्रा के लिए यह एक बड़ी कामयाबी है, क्योंकि XEV 9e और BE 6 के नवंबर, 2024 में डेब्यू करने के दो साल से भी कम समय में यह मुकाम हासिल हुआ है। आइए जानते हैं इन गाड़ियों की बिक्री और खासियतों के बारे में विस्तार से।

शुरुआती दिनों से ही भारी डिमांड

इन इलेक्ट्रिक गाड़ियों की पॉपुलैरिटी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि बुकिंग के पहले ही दिन XEV 9e और BE 6 को 30,179 गाड़ियों के ऑर्डर मिल गए थे। इसके बाद कंपनी ने तेजी से डिलीवरी देना शुरू किया। बता दें कि पिछले साल अप्रैल तक 3,000 से ज्यादा गाड़ियां सड़कों पर उतार दीं। वहीं, नवंबर तक यह आंकड़ा 30,000 के पार पहुंच गया था। गाड़ियों की इस बढ़ती मांग को देखते हुए महिंद्रा ने इस साल जनवरी में 7-सीटर ऑप्शन के तौर पर XEV 9S की डिलीवरी भी शुरू कर दी।

लंबी रेंज का कमाल

परफॉर्मेंस की बात करें तो महिंद्रा ने इन गाड़ियों में पावर और रेंज का बेहतरीन कॉम्बिनेशन दिया है। महिंद्रा BE 6 और XEV 9e में 59 kWh और 79 kWh की LFP बैटरी के ऑप्श मिलते हैं। बड़ी बैटरी वाला मॉडल 286bhp की पावर देता है। वहीं, छोटी बैटरी वाला मॉडल 231bhp जनरेट करता है। एक बार फुल चार्ज करने पर BE 6 करीब 683 किलोमीटर और XEV 9e लगभग 656 किलोमीटर तक चल सकती है। फास्ट चार्जर की मदद से इनकी बड़ी बैटरी महज 20 मिनट में 20 से 80 पर्सेंट तक चार्ज हो जाती है।

मॉडर्न फीचर्स से लैस है कार

कंपनी ने अपनी तीनों गाड़ियों में महिंद्रा के खास INGLO स्केटबोर्ड आर्किटेक्चर का इस्तेमाल किया है। नई XEV 9S की बात करें तो यह तीन पंक्तियों वाली पारिवारिक गाड़ी है जिसमें 70 kWh बैटरी का भी ऑप्शन जोड़ा गया है। अंदर के केबिन में ट्रिपल स्क्रीन, लेवल 2+ एडवांस्ड सेफ्टी फीचर्स (ADAS) और 16-स्पीकर वाला हरमन कार्डन का शानदार म्यूजिक सिस्टम मिलता है।

भविष्य में आएगी महिंद्रा की BE 7

सफलता के इस सफर को आगे बढ़ाते हुए महिंद्रा अब अपनी अगली इलेक्ट्रिक एसयूवी BE 7 को लाने की तैयारी कर रही है। यह नई 5-सीटर इलेक्ट्रिक एसयूवी कंपनी के BE.07 कॉन्सेप्ट पर बेस्ड होगी और इसका लुक काफी हद तक BE 6 जैसा होगा। यह गाड़ी साल 2027 तक भारतीय मार्केट में दस्तक दे सकती है। टेस्टिंग के दौरान इसकी जो तस्वीरें सामने आई हैं, उनसे साफ है कि यह साइज में काफी बड़ी होगी।

Ashutosh Kumar

लेखक के बारे में

Ashutosh Kumar

देश-दुनिया की खबरों में रुचि पत्रकारिता में खींच लाई। IIMC, नई दिल्ली से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। पत्रकारिता की शुरुआत 2022 में ‘लाइव हिंदुस्तान’ से हुई। बीते करीब 4 सालों से आशुतोष बिजनेस और ऑटो सेक्शन में काम कर रहे हैं। राजनीति, बिजनेस और धर्म में खास रुचि है। लाइव हिंदुस्तान में बिजनेस, टेक, ऑटो, स्पोर्ट्स, एस्ट्रोलॉजी, करियर और न्यूज सेक्शन में लगातार काम करने का अनुभव है। लाइव हिंदुस्तान के लिए बिहार चुनाव 2025 का ग्राउंड पर जाकर पूरा वीडियो कवरेज किया है। बड़े नेताओं और लेखकों के साथ 50 से ज्यादा इंटरव्यू लेने का अनुभव भी रखते हैं। आशुतोष को उनकी रिपोर्टिंग के लिए संस्थान की ओर से प्रतिष्ठित ‘Digi journo of the Quarter’ अवार्ड भी मिल चुका है।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

Hindi Newsऑटो न्यूज़महिंद्रा की इन इलेक्ट्रिक SUV पर टूटे ग्राहक, 1 लाख यूनिट बिक्री का आंकड़ा पार