Mahindra ने दिया तगड़ा झटका, महंगी हो गई कंपनी की यह दमदार SUV
स्कॉर्पियो खरीदने की सोच रहे हैं, तो अब आपको ज्यादा पैसे देने पड़ेंगे। रिपोर्ट के अनुसार महिंद्रा ने अपनी स्कॉर्पियो क्लासिक को महंगा कर दिया है। इसकी कीमत में 8500 रुपये तक की बढ़ोतरी की गई है। आइए जानते हैं डीटेल।

महिंद्रा ने ग्राहकों को तगड़ा झटका दिया है। कारवाले की रिपोर्ट के अनुसार कंपनी ने अपनी पुरानी स्कॉर्पियो यानी स्कॉर्पियो क्लासिक की कीमतों में 8500 रुपये तक की बढ़ोतरी कर दी है। नई कीमतें लागू हो गई हैं। कंपनी ने स्कॉर्पियो क्लासिक के अलग-अलग डीजल वेरिएंट को महंगा किया है। कीमतों में बढ़ोतरी के बाद अब इस एसयूवी की एक्स-शोरूम कीमत 13.43 लाख रुपये से 17.48 लाख रुपये के बीच हो गई है।
स्कॉर्पियो के इन वेरिएंट की कीमत बढ़ी
महिंद्रा स्कॉर्पियो के टॉप-स्पेक S11 डीजल मैन्युअल 7-सीटर वेरिएंट की कीमत में 8,500 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। वहीं, S डीजल मैन्युअल 9-सीटर वेरिएंट अब 7,000 रुपये महंगा हो गया है। इसके अलावा S डीजल मैन्युअल 7-सीटर वेरिएंट की कीमत में 6,500 रुपये का इजाफा हुआ है। बाकी वेरिएंट की कीमतों में बदलाव की जानकारी फिलहाल उपलब्ध नहीं है।
आने वाला है स्कॉर्पियो क्लासिक का फेसलिफ्ट
स्कॉर्पियो लंबे समय से अपने सेगमेंट की फेवरेट एसयूवी में से एक है और दो दशक से ज्यादा समय बीतने के बाद भी इसकी जबरदस्त डिमांड है। इसी डिमांड को देखते हुए कंपनी अब भारत में स्कॉर्पियो क्लासिक का फेसलिफ्ट लॉन्च करने की तैयारी कर रही है। उम्मीद है कि इसमें बदला हुआ बंपर, नई फॉग लैंप हाउसिंग, काले रंग के फाइव-स्पोक अलॉय व्हील्स, अपडेटेड बॉडी क्लैडिंग, रूफ-माउंटेड स्पॉइलर और बदली हुई टेल-लैंप्स मिलेंगी। इसमें इलेक्ट्रिक सनरूफ होने की भी उम्मीद है। मेकैनिकली यह वैसी ही रहेगी और इसमें मैन्युअल गियरबॉक्स के साथ मौजूदा 2.2-लीटर mHawk टर्बोचार्ज्ड डीजल इंजन मिलेगा।
जल्द लॉन्च होंगी महिंद्रा की ये नई गाड़ियां
महिंद्रा आने वाले समय में कई नए मॉडल इंडियन मार्केट में लॉन्च करने की तैयारी कर रही है। इनमें सबसे पहले XUV 3XO CNG लॉन्च हो सकती है, जिसे अगले हफ्ते इंट्रोड्यूस किए जाने की उम्मीद है। इसके अलावा कंपनी की Vision S और Vision T कॉन्सेप्ट पर बेस्ड मॉडल्स, स्कॉर्पियो लाइफस्टाइलर पिकअप और BE.07 इलेक्ट्रिक एसयूवी को भी लॉन्च करने की तैयारी में है।
कुल मिलाकर देखा जाए तो स्कॉर्पियो की कीमतों में यह बढ़ोतरी सीमित है, लेकिन एसयूवी खरीदने की सोच रहे ग्राहकों को अब वेरिएंट के हिसाब से ज्यादा कीमत चुकानी होगी। ध्यान रहे कि सभी कीमतें एक्स-शोरूम हैं। ऑन-रोड कीमत शहर और टैक्स के हिसाब से अलग हो सकती हैं। बताते चलें कि कंपनी ने पिछले महीने थार OG को लॉन्च किया है। इसकी शुरुआती कीमत 10.32 लाख रुपये है। इसमें कंपनी ने डिजाइन में बड़े बदलाव किए हैं। साथ ही इसके इंटीरियर में भी आपको नयापन दिखेगा।
(Photo: Motor Beam)

