नए अवतार में आई यह धाकड़ ऑफ-रोडिंग SUV, गजब लग रहा नया कलर, फीचर भी कमाल के
जीप रैंग्लर वाइटकैप मोजिटो लिमिटेड एडिशन को भारत में रिवील कर दिया है। यह रैंग्लर के रुबिकॉन वेरिएंट पर बेस्ड है। इसमें एक्सटीरियर से लेकर केबिन तक कई खास कॉस्मेटिक बदलाव किए गए हैं।

जीप इंडिया (Jeep India) अपनी पॉपुलर ऑफ-रोडिंग एसयूवी रैंग्लर (Wrangler) नया स्पेशल एडिशन लाई है। इसे वाइटकैप मोजिटो लिमिटेड एडिशन (Whitecap Mojito Limited Edition) नाम दिया गया है। यह रैंग्लर के रुबिकॉन वेरिएंट पर बेस्ड है। इसमें एक्सटीरियर से लेकर केबिन तक कई खास कॉस्मेटिक बदलाव किए गए हैं। मौजूदा रैंग्लर रुबिकॉन की एक्स-शोरूम कीमत 70.8 लाख रुपये है, ऐसे में स्पेशल एडिशन की कीमत इससे थोड़ी ज्यादा हो सकती है।
मोजिटो ग्रीन कलर में खास लुक
वाइटकैप मोजिटो एडिशन को खास ब्राइट-ग्रीन 'मोजिटो' कलर में पेश किया गया है। इसके साथ रूफ को वाइट फिनिश दी गई है। फ्रंट में ग्रिल के चारों तरफ भी वाइट सराउंड मिलता है, जो इसे स्टैंडर्ड रैंग्लर से अलग लुक देता है। साइड प्रोफाइल पर '1941' डेकल्स दिए गए हैं। यह नंबर उस साल को दर्शाता है, जब ओरिजिनल विलीज एमबी जीप को पेश किया गया था। इसके अलावा बॉडी-कलर्ड फेंडर्स और टेलगेट पर वाइट '4 व्हील ड्राइव' स्टिकर भी मिलता है।
डैशकैम और खास ग्रैब हैंडल
केबिन में भी वाइटकैप मोजिटो एडिशन को कुछ खास टच दिए गए हैं। इसमें बिल्ट-इन डैशकैम और मजबूत ग्रैब हैंडल मिलते हैं। इसके अलावा बाकी फीचर्स रैंगलर रुबिकॉन जैसे ही हैं। एसयूवी में 12.3-इंच टचस्क्रीन इन्फोटेनमेंट सिस्टम, 12-वे पावर्ड फ्रंट सीट्स, ADAS, 6 एयरबैग, ड्यूल-जोन क्लाइमेट कंट्रोल और सबवूफर के साथ 9-स्पीकर अल्पाइन साउंड सिस्टम दिया गया है। इसके अलावा 7-इंच ड्राइवर डिस्प्ले भी मिलता है।
272hp का टर्बो-पेट्रोल इंजन
मेकैनिकली रैंग्लर वाइटकैप मोजिटो में कोई बदलाव नहीं किया गया है। इसमें रुबिकॉन वाला ही 2.0-लीटर 4-सिलेंडर डायरेक्ट-इंजेक्शन टर्बो-पेट्रोल इंजन मिलता है। यह इंजन 272hp की पावर और 400Nm का टॉर्क जनरेट करता है। इंजन को 8-स्पीड ऑटोमैटिक गियरबॉक्स से पेयर किया गया है, जो पावर को चारों व्हील्स तक पहुंचाता है। एसयूवी में स्टैंडर्ड 4x4 सिस्टम मिलता है, जिससे इसका ऑफ-रोडिंग फोकस बरकरार रहता है। कुल मिलाकर, वाइटकैप मोजिटो लिमिटेड एडिशन में रैंग्लर रुबिकॉन की वही ऑफ-रोडिंग कैपेसिटी बरकरार रखते हुए इसे एक अलग और ज्यादा आकर्षक लुक देने की कोशिश की गई है।
पिछले महीने आया था जीप कंपस का 85th एनिवर्सरी एडिशन
जीप ने पिछले महीने यानी अगस्त में कंपस के 85th एनिवर्सरी एडिशन को लॉन्च किया था। इसमें कई सारे एक्सक्लूसिव डिजाइन अपडेट दिए गए हैं, जो इसे स्टैंडर्ड मॉडल से अलग करते हैं। बायर्स 85th एनिवर्सरी AXS पैकेज के साथ एसयूवी को और भी खास बना सकते हैं। इन पैकेज में एम्बिएंट लाइटिंग, स्काईलाउंज सनरूफ इल्यूमिनेशन, डिजिटल IRVM और फ्रंट व रियर डैशकैम जैसे फीचर्स शामिल हैं।
(Photo: Autox)


