गाड़ियों के लिए BS-VII एमिशन नॉर्म्स को लागू करने की तैयारी, अप्रैल 2029 से हो सकती है शुरुआत
सरकार नए BS-VII एमिशन नॉर्म्स लागू करने की तैयारी कर रही है। ये नियम यूरोप के Euro 7 नॉर्म्स की तरह होंगे और अप्रैल 2029 से तीन फेज में लागू किए जा सकते हैं।

भारत में गाड़ियों से होने वाले पॉल्यूशन को कम करने के लिए सरकार नए BS-VII एमिशन नॉर्म्स लागू करने की तैयारी कर रही है। टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, ये नियम यूरोप के Euro 7 नॉर्म्स की तरह होंगे। इन्हें अप्रैल 2029 से तीन फेज में लागू किया जा सकता है। इस बदलाव के तहत कंपनियों को इंजन और एमिशन कंट्रोल सिस्टम को अपग्रेड करना होगा।
अप्रैल 2035 तक चलेगा पूरा रोलआउट
रिपोर्ट के मुताबिक, रोड ट्रांसपोर्ट मिनिस्ट्री (सड़क परिवहन मंत्रालय) ने नए स्टैंडर्ड्स के लिए प्रस्तावित टाइमलाइन को मंजूरी दे दी है। पूरा रोलआउट अप्रैल 2035 तक चलेगा, ताकि ऑटोमेकर्स और टेस्टिंग एजेंसियों को तैयारी के लिए पर्याप्त समय मिल सके। तीन तरह की गाड़ियों के लिए ड्राफ्ट नोटिफिकेशन आने वाले दिनों में जारी किए जा सकते हैं। पहले फेज में अप्रैल 2029 से बनने वाली नई कारों और एसयूवी को BS-VII स्टैंडर्ड्स के तहत लाया जाएगा। इसके बाद 2030 से समॉल गुड्स डिलिवरी व्हीकल्स (छोटे मालवाहक वाहनों) और पिकअप वैन पर ये नियम लागू होंगे। बसों और हेवी कमर्शियल व्हीकल्स को अप्रैल 2031 से नए स्टैंडर्ड्स का पालन करना होगा। टू-व्हीलर्स के लिए नए स्टैंडर्ड्स के लागू होने की तारीख की ऐलान बाद में किया जाएगा।
इंजन और पॉल्यूशन कंट्रोल सिस्टम होंगे अपग्रेड
BS-VII लागू होने पर ऑटोमेकर्स को अपने इंजन और एग्जॉस्ट से निकलने वाले पॉल्यूशन को कंट्रोल करने वाले सिस्टम में बदलाव करने पड़ सकते हैं। हालांकि, BS-VI की तरह इस बार पेट्रोल और डीजल की क्वालिटी के लिए रिफाइनरी इंफ्रास्ट्रक्चर में बड़े बदलाव की जरूरत नहीं होगी। कारों और एसयूवी में पॉल्यूशन के ज्यादातर स्टैंडर्ड BS-VI जैसे ही रहने का प्रस्ताव है। हालांकि, पार्टिकुलेट नंबर यानी बेहद छोटे प्रदूषण कणों को मापने के नियम सख्त होंगे। इनके लिए पार्टिकुलेट नंबर को 23 नैनोमीटर से घटाकर 10 नैनोमीटर करने का प्रस्ताव है। इससे पहले के मुकाबले छोटे और नुकसान पहुंचा सकने वाले कणों की पहचान हो सकेगी।
ट्रकों और भारी वाहनों पर ज्यादा असर
नए नियमों का सबसे ज्यादा असर ट्रकों और हेवी कमर्शियल व्हीकल्स पर पड़ने की उम्मीद है। रिपोर्ट के अनुसार, अलग-अलग पॉल्यूटेंट्स के एमिशन में 20 से 50 प्रतिशत तक कमी लाने का टारगेट रखा जा सकता है। इसके अलावा, पहली बार ब्रेक के घिसने और टायरों की रगड़ से होने वाले प्रदूषण को भी नियमों के दायरे में लाया जाएगा। यानी अब सिर्फ इंजन से निकलने वाले धुएं पर ही ध्यान नहीं दिया जाएगा।
सड़क पर चलाकर भी होगी गाड़ियों की जांच
BS-VII में टेस्टिंग लैब तक सीमित नहीं रहेग। गाड़ियों को रियल रोड और ड्राइविंग कंडीशन्स में भी चेक किया जाएगा। इसके साथ बाजार में पहले से चल रही गाड़ियों की चेकिंग के लिए इंडिपेंडेंट एजेंसियों के जरिए निगरानी की व्यवस्था भी करने का प्लान है। कुल मिलाकर कहा जाए, तो BS-VII नियमों का मकसद गाड़ियों से होने वाले प्रदूषण को और कम करना है।
(Photo: Google Gemini AI)


