Honda की बड़ी तैयारी, दिसंबर में आ रही यह नई eSUV, क्रेटा इलेक्ट्रिक को दे सकती है टक्कर

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

होंडा दिसंबर में बड़ा धमाका करने वाली है। कंपनी ने कन्फर्म कर दिया है कि वह 2 दिसंबर को भारत में अपनी नई इलेक्ट्रिक एसयूवी लॉन्च करेगी। इस एसयूवी की कई दिनों से टेस्टिंग चल रही थी। यह क्रेटा इलेक्ट्रिक को टक्कर दे सकती है।

Honda new electric SUV launching soon
होंडा की नई इलेक्ट्रिक एसयूवी जल्द होगी लॉन्च

होंडा इंडियन मार्केट में अपनी पकड़ को तेजी से मजबूत कर रही है। कंपनी ने हाल में एलिवेट के फेसलिफ्ट को लॉन्च किया है। अब कंपनी अपनी एक और एसयूवी लाने वाली है। यह एक इलेक्ट्रिक एसयूवी है। इसका नाम 0 Alpha है। रशलेन की रिपोर्ट के अनुसार कंपनी ने कन्फर्म कर दिया है कि इंडियन मार्केट में इसकी एंट्री 2 दिसंबर 2026 को होगी। इसे पहली बार अक्टूबर 2025 में जापान मोबिलिटी शो में प्रोटोटाइप के तौर पर शोकेस किया गया था। इसके बाद से भारत में इसकी टेस्टिंग चल रही है। खास बात यह है कि होंडा इस इलेक्ट्रिक एसयूवी का प्रोडक्शन भारत में ही करेगी। यहां इसे सेल करने के साथ ही कंपनी इसे दूसरे देशों में एक्सपोर्ट भी किया जाएगा।

भारत में कई तरह के रास्तों पर हुई टेस्टिंग

होंडा ने मार्च 2026 में राजस्थान के टपूकड़ा के अपने प्लांट से 0 Alpha का पैन-इंडिया टेस्टिंग प्रोग्राम शुरू किया था। इस एसयूवी को हाईवे, सिटी ट्रैफिक और खराब रास्तों पर चलाकर टेस्ट किया जा रहा है। कंपनी का फोकस इसकी सॉलिड बिल्ड क्वॉलिटी, राइड और हैंडलिंग, एफिशिएंसी और रिलायबल परफॉर्मेंस को टेस्ट करने पर है। टेस्टिंग में तेज गर्मी, भारी बारिश और अलग-अलग चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर की कंडीशन्स को भी शामिल किया गया है। जून में इसका एक प्रोटोटाइप मनाली में नजर आया था। हाल ही में इसे टपूकड़ा के पास खराब सड़कों पर भी टेस्टिंग के दौरान देखा गया।

कॉन्सेप्ट जैसा बॉक्सी डिजाइन

टेस्टिंग के दौरान दिखी 0 Alpha में कॉन्सेप्ट मॉडल जैसी ऊंची रूफलाइन और अपराइट बॉडी डिजाइन नजर आता है। इसमें स्क्वेयर व्हील आर्च, क्लोज्ड फ्रंट ग्रिल, अलग डिजाइन की लाइटिंग और बड़ा फ्रंट बंपर दिया गया है। इसके बड़े ग्लास एरिया और ऊंचे रूफ से केबिन में ज्यादा स्पेस मिलने की उम्मीद है। पीछे की तरफ सीधा टेलगेट, बड़ी रियर विंडस्क्रीन, रूफ-माउंटेड स्पॉयलर और लेयर्ड बंपर देखने को मिलता है। हालांकि, प्रोडक्शन मॉडल के डिजाइन में कुछ बदलाव हो सकते हैं।

केबिन में मिलेगी बड़ी टचस्क्रीन

स्पाई फोटोज के मुताबिक, होंडा 0 Alpha में लैंडस्केप स्टाइल बड़ी सेंट्रल टचस्क्रीन, अलग डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर और मल्टीफंक्शन स्टीयरिंग व्हील मिल सकता है। डैशबोर्ड का डिजाइन काफी क्लीन नजर आता है। हालांकि, कंपनी ने अभी इसके प्रोडक्शन मॉडल के केबिन और पूरे फीचर लिस्ट के बारे में जानकारी नहीं दी है।

क्रेटा इलेक्ट्रिक और BE 6 से होगा मुकाबला

होंडा ने अभी 0 Alpha की बैटरी कैपेसिटी, मोटर की पावर, सर्टिफाइड रेंज, चार्जिंग स्पीड और कीमत की जानकारी भी नहीं दी है। इन्हीं आंकड़ों से इसकी असली कैपेबिलिटी का पता चलेगा। भारतीय बाजार में इसका मुकाबला हुंडई क्रेटा इलेक्ट्रिक, टाटा सिएरा EV और महिंद्रा BE 6 जैसी इलेक्ट्रिक एसयूवी से हो सकता है।

Kumar Prashant Singh

लेखक के बारे में

Kumar Prashant Singh

प्रशांत को पत्रकारिता से जुड़े 13 साल से ज्यादा हो गए हैं। प्रशांत ने करियर की शुरुआत टीवी न्यूज चैनल से की थी। इन्होंने टीवी चैनल के प्रोग्रामिंग, आउटपुट और प्रोमो डिपार्टमेंट में काम किया है। करीब 8 साल से यह डिजिटल मीडिया से जुड़े हैं। प्रशांत अब डिजिटल मीडिया का जाना-माना नाम बन चुके हैं। इनकी टेक्नोलॉजी और ऑटोमोबाइल में खास रुचि है। इन्हें गैजेट्स और गाड़ियों के बारे में लिखना और पढ़ना काफी पसंद है। इनकी गैजेट्स और ऑटोमोबाइल की खबरें पाठकों को काफी पसंद आती हैं। साथ ही इनके रिव्यू पाठकों को नया गैजेट लेने या नई गाड़ी खरीदने में काफी मदद करते हैं। प्रशांत ने मास कम्यूनिकेशन की पढ़ाई गुरु जंभेश्वर यूनिवर्सिटी से की है। खाली समय में प्रशांत वेब सीरीज और मूवी देखते हैं। ड्राइविंग का काफी शौक है और मौका मिलते ही प्रशांत पहाड़ों की तरफ निकल जाते हैं। साथ ही फोन से अच्छे फोटो-वीडियो कैप्चर करना भी इनको काफी पसंद है। प्रशांत लाइव हिन्दुस्तान में बतौर डिप्टी चीफ कॉन्टेंट प्रोड्यूसर काम कर रहे हैं। इससे पहले प्रशांत नवभारत टाइम्स ऑनलाइन में टेक सेक्शन के लिए लिखा करते थे।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

Hindi Newsऑटो न्यूज़दिसंबर में आ रही होंडा की यह नई eSUV, क्रेटा इलेक्ट्रिक को दे सकती है टक्कर