नई बजाज पल्सर NS200 से लेकर हीरो Xtreme 160R 4V तक, जल्द आ सकती हैं ये 5 नई बाइक
भारत में कई नई बाइक्स की एंट्री होने वाली है। इनमें बजाज और हीरोकॉर्प की की बाइक्स के साथ हार्ले-डेविडसन की भी एक बाइक है। कंपनियां अगले कुछ महीनों में इन बाइक को मार्केट में लॉन्च कर सकती है।

बाइक लवर्स के लिए आने वाले दिन काफी एक्साइटिंग रहने वाले हैं। कंपनियां मार्केट में अपनी कई नई बाइक्स को लॉन्च करने वाली हैं। हीरो मोटोकॉर्प नई Xtreme 160R 4V का टीजर रिलीज कर चुकी है। वहीं, बजाज अपनी दो पॉप्युलर पल्सर बाइक को अपडेट करने की तैयारी में है। बजाज की पहली एडवेंचर बाइक भी जल्द बाजार में आ सकती है। इनके अलावा Harley-Davidson Sprint 440 भी इस साल के आखिर तक मार्केट में धमाकेदार एंट्री कर सकती है। आइए जानते हैं इन अपकमिंग बाइक्स के बारे में।
नई हीरो Xtreme 160R 4V
हीरो मोटोकॉर्प ने नई Xtreme 160R 4V का टीजर रिलीज किया है। इसमें बाइक के एग्जॉस्ट और रियर पार्ट की झलक दिखाई गई है। हालांकि, कंपनी ने अभी इसके डिजाइन और फीचर्स की पूरी जानकारी नहीं दी है। नए मॉडल में TFT इंस्ट्रूमेंट कंसोल मिलने की उम्मीद है। इसके अलावा स्टाइलिंग में कुछ बदलाव भी किए जा सकते हैं। मौजूदा Xtreme 160R 4V में राइडिंग मोड्स, USD फ्रंट फोर्क्स और ड्रैग टाइमर जैसे फीचर्स मिलते हैं। नए मॉडल में इन फीचर्स के साथ ज्यादा मॉडर्न इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर दिया जा सकता है। इसकी लॉन्च डेट और कीमत का ऐलान अभी नहीं हुआ है।
अपडेटेड बजाज पल्सर NS200
बजाज पल्सर NS200 को नए फीचर्स के साथ अपडेट करने जा रही है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कुछ डीलरशिप पर इसकी बुकिंग भी शुरू हो गई है। अपडेटेड बाइक में 5-इंच का TFT डिस्प्ले, क्विकशिफ्टर, चार राइडिंग मोड्स और ट्रैक्शन कंट्रोल जैसे फीचर्स मिल सकते हैं। इसके अलावा रेडियल टायर, एडजस्टेबल लीवर्स और USB Type-C चार्जिंग पोर्ट भी दिए जाने की उम्मीद है। टेस्टिंग के दौरान इसका नया Nardo Grey कलर भी नजर आया है। इसमें मौजूदा 199cc लिक्विड-कूल्ड इंजन कंटिन्यू रह सकता है। हालांकि, कुछ रिपोर्ट्स में इसकी पावर बढ़कर 25.5hp होने की बात भी कही गई है। नए फीचर्स के कारण इसकी कीमत मौजूदा मॉडल से ज्यादा हो सकती है।
अपडेटेड बजाज पल्सर RS200
बजाज अपनी फुली-फेयर्ड पल्सर RS200 को भी अपडेट करने की तैयारी में है। टेस्टिंग के दौरान बाइक में USD फ्रंट फोर्क्स और 5-इंच TFT इंस्ट्रूमेंट कंसोल दिखाई दिए हैं। बाइक के सस्पेंशन और टेक्नोलॉजी में बदलाव की उम्मीद है। इसमें मौजूदा 199.5cc लिक्विड-कूल्ड इंजन जारी रह सकता है, जो 24.5hp की पावर और 18.7Nm का टॉर्क देता है। नए स्विचगियर और एडजस्टेबल लीवर्स भी मिल सकते हैं।
बजाज की पहली एडवेंचर बाइक
बजाज की पहली एडवेंचर बाइक को भारत और ब्राजील में टेस्टिंग के दौरान देखा गया है। इसमें अपराइट राइडिंग पोजिशन, फ्रंट बीक, फोर्क गैटर्स और वायर-स्पोक व्हील्स दिए गए हैं। इनसे पता चलता है कि बाइक खराब सड़कों और हल्की-फुल्की ऑफ-रोडिंग के लिए डिवेलप की जा रही है। इसमें 249cc का एयर/ऑयल-कूल्ड इंजन मिल सकता है, जो पल्सर N250 से लिया जा सकता है। N250 में यह इंजन 24.5PS की पावर और 21.5Nm का टॉर्क देता है। टेस्टिंग मॉडल में TFT डिस्प्ले भी नजर आया है। इस एडवेंचर बाइक को 2026 के आखिर या 2027 की शुरुआत में लॉन्च किया जा सकता है।
हार्ले-डेविडसन स्प्रिंट 440
हार्ले-डेविडसन स्प्रिंट 440 का डिजाइन कंपनी की ट्रेडिशनल बाइक जैसा हो सकता है। X440 के रोडस्टर डिजाइन के मुकाबले इसमें लंबा और लो स्टांस, टियरड्रॉप शेप फ्यूल टैंक, पीछे की ओर मुड़े हुए हैंडलबार और डीपली स्कूप्ड राइडर सीट मिलेगी। इसमें 440cc का सिंगल-सिलेंडर इंजन दिए जाने की उम्मीद है, जो 27hp की पावर और 38Nm का टॉर्क जेनरेट करता है। इंजन के साथ 6-स्पीड गियरबॉक्स मिल सकता है। इस बाइक का प्रोडक्शन भारत में हीरो मोटोकॉर्प करेगी। इसे 2026 के आखिर तक लॉन्च किया जा सकता है।


