BYD लाई इस धाकड़ इलेक्ट्रिक SUV का जबरदस्त फेस्टिव एडिशन, बिकेंगी सिर्फ 150 यूनिट
बीवाईडी सीलायन 7 का फेस्टिव एडिशन भारत में लॉन्च हो गया है। इसकी कीमत स्टैंडर्ड प्रीमियम वेरिएंट से 50,000 रुपये ज्यादा है। कंपनी इस स्पेशल एडिशन की सिर्फ 150 यूनिट सेल करेगी। इसके इंटीरियर में आपको कई बदलाव देखने को मिलेंगे।

बीवाईडी इंडिया (BYD India) ने अपनी इलेक्ट्रिक एसयूवी Sealion 7 का नया Festive Edition लॉन्च किया है। इसकी एक्स-शोरूम कीमत 50.60 लाख रुपये रखी गई है। कंपनी इस स्पेशल एडिशन की सिर्फ 150 यूनिट बेचेगी। यह एसयूवी के मिड-स्पेक प्रीमियम वेरिएंट पर बेस्ड है। इसकी कीमत स्टैंडर्ड प्रीमियम वेरिएंट से 50,000 रुपये ज्यादा है। आइए जानते हैं डीटेल।
नया टैन और ब्लैक इंटीरियर
बीवाईडी सीलायन 7 फेस्टिव एडिशन में स्टैंडर्ड मॉडल के मुकाबले सबसे बड़ा बदलाव इसके इंटीरियर में किया गया है। इसमें नया टैन और ब्लैक कलर कॉम्बिनेशन मिलता है, जबकि स्टैंडर्ड मॉडल में ऑल-ब्लैक या Tahiti Blue इंटीरियर का ऑप्शन दिया जाता है। फीचर्स की बात करें, तो इसमें 19-इंच के अलॉय व्हील, ड्राइवर अटेंशन वॉर्निंग, हेड-अप डिस्प्ले (HUD), हैंड्स-फ्री पावर्ड टेलगेट और मेमोरी फंक्शन के साथ ORVM का ऑटो-टिल्ट फीचर मिलता है। इसके अलावा लेदर-रैप्ड स्टीयरिंग व्हील, लेदर सीट्स, ड्राइवर सीट के लिए मेमोरी फंक्शन, एम्बिएंट लाइटिंग और 12-स्पीकर म्यूजिक सिस्टम भी दिया गया है। एसयूवी में 15.6-इंच की रोटेटिंग टचस्क्रीन, पैनोरमिक सनरूफ और 11 एयरबैग जैसे फीचर्स भी मिलते हैं।
567km की रेंज और 308bhp की पावर
सीलायन 7 फेस्टिव एडिशन में 82.56kWh का बैटरी पैक दिया गया है। इसके साथ सिंगल इलेक्ट्रिक मोटर मिलती है, जो 308bhp की पावर और 380Nm का टॉर्क जेनरेट करती है। कंपनी के मुताबिक, यह इलेक्ट्रिक एसयूवी एक बार फुल चार्ज होने पर 567km तक की रेंज दे सकती है। यह रेंज NEDC टेस्ट साइकिल पर बेस्ड है।
आने वाली हैं BYD Seal U DM-i और ऐटो 2
कंपनी आने वाली दिनों में भारत में अपनी Seal U DM-i और ऐटो 2 को भी लॉन्च करेगी। सील U DM-i भारत में कंपनी की DM-i प्लग-इन हाइब्रिड एसयूवी के तौर पर एंट्री करेगी। टेस्ट कंडीशन में इसकी क्लेम्ड रेंज 1200km से ज्यादा है। सील U DM-i में 1.5-लीटर टर्बो-पेट्रोल इंजन के साथ 18.3kWh Blade Battery और इलेक्ट्रिक मोटर्स मिलने की उम्मीद है। इसकी प्योर इलेक्ट्रिक रेंज करीब 200km तक हो सकती है। यह इस साल के आखिर तक भारत में लॉन्च हो सकती है।
ऐटो 2 की बात करें, तो यह बीवाईडी की छोटी इलेक्ट्रिक एसयूवी होगी। इस एसयूवी को भारत में टेस्टिंग के दौरान पहले ही स्पॉट किया जा चुका है। यह मिड-साइज इलेक्ट्रिक एसयूवी सेगमेंट में आएगी। इसका इंटरनेशनल मॉडल बीवाईडी के e-Platform 3.0 पर बेस्ड है और अलग-अलग बैटरी ऑप्शन के साथ आता है। बड़े बैटरी पैक वाले मॉडल की क्लेम्ड रेंज करीब 420km है। इसका इलेक्ट्रिक मोटर करीब 174bhp की पावर और 290Nm का टॉर्क जेनरेट करता है। इसकी एंट्री भी इस साल के अंत तक हो सकती है।

