पैनोरमिक सनरूफ वाली चार शानदार कार, कीमत 15 लाख रुपये से कम, लिस्ट में नेक्सॉन भी
पैनोरमिक सनरूफ वाली कार खरीदने की सोच रहे हैं और बजट 15 लाख तक का है, तो टेंशन न लीजिए। हम आपको यहां पैनोरमिक सनरूफ वाली कुछ शानदार कारों के बारे में बता रहे हैं, जो 15 लाख से कम की कीमत में आती हैं।

अगर आप नई कार खरीदने की सोच रहे हैं और उसमें पैनोरमिक सनरूफ चाहते हैं, तो हम आपको कुछ बेस्ट ऑप्शन्स के बारे में बता रहे हैं। यहां हम आपको पैनोरमिक सनरूफ वाली जिन कारों के बारे में बता रहे हैं, उनकी कीमत 15 लाख रुपये से कम है। हमारी इस लिस्ट में टाटा नेक्सॉन से लेकर किआ सिरोस जैसी कारें शामिल हैं। आइए डीटेल में जानते हैं इन कारों के बारे में।
टाटा नेक्सॉन
टाटा नेक्सॉन के Pure Plus PS वेरिएंट में पैनोरमिक सनरूफ मिलता है। इसकी एक्स-शोरूम कीमत 9.72 लाख रुपये से शुरू होती है। यह वेरिएंट Pure Plus से ऊपर है। अगर आप एक ऐसे ग्राहक हैं, जो पैनोरमिक सनरूफ चाहते हैं, लेकिन इसके लिए महंगे वेरिएंट पर खर्च नहीं करना चाहते, तो उनके लिए यह अच्छा ऑप्शन हो सकता है। इस वेरिएंट में टर्बो-पेट्रोल इंजन के साथ मैन्युअल गियरबॉक्स मिलता है। इसके अलावा 6-स्पीड AMT का ऑप्शन भी है। ग्राहक डीजल इंजन को मैन्युअल और AMT गियरबॉक्स के साथ चुन सकते हैं। इसमें CNG का ऑप्शन भी मिलता है।
महिंद्रा XUV 3XO
महिंद्रा XUV 3XO के REVX EDGE (O) वेरिएंट में भी पैनोरमिक सनरूफ दिया गया है। इसकी एक्स-शोरूम कीमत 9.89 लाख रुपये से शुरू होती है। इस वेरिएंट में इन्फोटेनमेंट सिस्टम और डेली यूज के कई जरूरी फीचर्स मिलते हैं। यह उन ग्राहकों के लिए अच्छा विकल्प है, जो कम बजट में सनरूफ के साथ एसयूवी खरीदना चाहते हैं। इसमें पेट्रोल और डीजल, दोनों इंजन के ऑप्शन मिलते हैं। साथ ही ग्राहक अपनी जरूरत के हिसाब से मैनुअल या ऑटोमैटिक गियरबॉक्स चुन सकते हैं। इस तरह सनरूफ के लिए इंजन या ट्रांसमिशन के ऑप्शन्स से समझौता नहीं करना पड़ता।
एमजी एस्टर
एमजी एस्टर के शाइन वेरिएंट में पैनोरमिक सनरूफ मिलता है। इसकी एक्स-शोरूम कीमत 11.34 लाख रुपये से शुरू होती है। यह एस्टर का बेस वेरिएंट से ऊपर वाला मॉडल है और इसमें सनरूफ के अलावा करीब-करीब सभी जरूरी फीचर्स भी मिलते हैं। हालांकि, इसमें सिर्फ 2 एयरबैग दिए गए हैं। एस्टर शाइन में 1.5-लीटर नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन मिलता है। इस वेरिएंट में केवल मैन्युअल गियरबॉक्स का ऑप्शन दिया गया है और इसलिए इंजन और ट्रांसमिशन के ऑप्शन लिमिटेड हैं।
किआ सिरोस
किआ सिरोस अपने सेगमेंट की फीचर-लोडेड एसयूवी में से एक है। इसके HTK Plus वेरिएंट में पैनोरमिक सनरूफ मिलता है। इसकी एक्स-शोरूम कीमत 10.76 लाख रुपये से शुरू होती है। सिरोस का सनरूफ इसके साइज के हिसाब से काफी बड़ा है। इस वेरिएंट में फीचर्स, सेफ्टी और डेली यूज से जुड़े कई फीचर्स मिलते हैं। खास बात यह है कि सिरोस HTK Plus में कंपनी की तरफ से ऑफर किए जा रहे सभी पावरट्रेन का ऑप्शन मिलता है। इससे ग्राहक अपनी ड्राइविंग जरूरत और बजट के हिसाब से सही इंजन और गियरबॉक्स सेलेक्ट कर सकते हैं।
बताते चलें कि यहां दी गई सभी कीमतें एक्स-शोरूम हैं। शहर, वेरिएंट और पावरट्रेन के हिसाब से कीमतों में बदलाव हो सकता है। इसलिए सटीक जानकारी के लिए अपने नजदीकी डीलरशिप से जरूर संपर्क करें।


