
मुजफ्फरनगर में पूर्व मंत्री हाजी याकूब कुरैशी की बंद मीट फैक्ट्री के चौकीदार को बंधक बनाकर लूट करने वाले तीन बदमाश मुठभेड़ में गिरफ्तार हुए। पुलिस की गोली से तीनों घायल हो गए। उनके पास से पांच तमंचे, कारतूस, विद्युत तार, 125 किलो एल्युमिनियम पार्ट्स और दो कारें बरामद हुईं।

मुरादाबाद के निजी स्कूल में 12वीं के चार छात्रों ने नौवीं कक्षा के छात्र को टॉयलेट में ले जाकर अश्लील हरकत की। शिकायत पर स्कूल प्रशासन ने चारों की टीसी काटकर निष्कासित कर दिया। शनिवार को परिजनों ने हंगामा किया, जिसके बाद पुलिस पहुंची। बाद में छात्र की मां ने लिखित समझौता दे दिया।

आगरा पुलिस लाइन परेड ग्राउंड में 28 वर्षीय सिपाही अनुज पंवार का शव लोहे की सीढ़ी पर फंदे से लटका मिला। पास में सल्फास का पैकेट और पानी की बोतल मिली। जेब से मिले सुसाइड नोट में लिखा था कि भगवान ने बुलाया है। खुदकुशी की वजह साफ नहीं हो सकी।

सपा सांसद डिंपल यादव ने भाजपा सरकार पर संवैधानिक मर्यादाओं के उल्लंघन और भ्रष्टाचार के आरोप लगाए। सहारनपुर मस्जिद ध्वस्तीकरण को उन्होंने चुनावी कार्रवाई बताते हुए कहा कि समय बदलने पर कड़ी कार्रवाई होगी। मायावती पर पलटवार करते हुए उन्होंने कहा कि सपा की लड़ाई पीडीए, युवाओं और महिलाओं के हक की है।

अखिलेश यादव ने बलिया की दिव्यांग छात्रा रागिनी राजभर से मुलाकात कर उसके पैर के इलाज के लिए चिकित्सकीय मदद और 2 लाख रुपये दिए। उसकी पढ़ाई बीएन इंटरनेशनल स्कूल में होगी। अखिलेश ने कहा कि सपा केजी से पीजी तक मुफ्त शिक्षा को घोषणापत्र में शामिल करेगी।

इलाहाबाद हाईकोर्ट ने अभिनेता चंद्रचूड़ सिंह के पैतृक संपत्ति विवाद में रिश्तेदार गायत्री देवी समेत तीन याचिकाकर्ताओं की गिरफ्तारी पर अगली सुनवाई तक रोक लगा दी। कोर्ट ने जांच में सहयोग की शर्त पर राहत दी है। मामले की अगली सुनवाई 30 अक्तूबर को होगी।

लखनऊ के राजाजीपुरम में पानी की टंकी तोड़ते समय उसका एक हिस्सा आबादी की ओर गिर गया। मलबे से कई मकानों के गेट, बाउंड्री और एसी क्षतिग्रस्त हो गए। तेज आवाज से लोग भूकंप समझकर घरों से बाहर निकल आए। गनीमत रही कि कोई घायल नहीं हुआ

आतंकी संगठन AQIS की विचारधारा का सोशल मीडिया पर प्रचार करने के आरोप में यूपी एटीएस ने आजमगढ़ से 19 वर्षीय मोहम्मद नबील को गिरफ्तार किया। एटीएस के मुताबिक नबील व्हाट्सऐप ग्रुप के जरिए युवाओं को जोड़ रहा था। ग्रुप में जम्मू-कश्मीर के युवाओं के साथ विदेशी लोग भी जुड़े थे।

बसपा सुप्रीमो मायावती ने परिवारवाद पर बड़ा फैसला लेते हुए कहा कि आनंद कुमार के बेटों आकाश और ईशान आनंद को पार्टी में कोई राजनीतिक जिम्मेदारी नहीं दी जाएगी। भविष्य में उनके बच्चों को भी पद नहीं मिलेगा। जरूरत पड़ने पर आनंद कुमार की बेटी दीपिका को जिम्मेदारी दी जा सकती है।

बसपा चीफ मायावती ने जेन-जी को साधने के लिए संगठन में युवाओं को करीब 50% भागीदारी देने की बात कही है। यूपी, उत्तराखंड और पंजाब विधानसभा चुनाव में युवा प्रतिभाओं को टिकट में प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने इसे अंबेडकरवादी राजनीति और संवैधानिक मूल्यों को मजबूत करने की दिशा में कदम बताया

कानपुर के महाराजपुर में मां ने प्रेमी के साथ मिलकर 14 वर्षीय बेटे की गला दबाकर हत्या कर दी। बेटा मां को प्रेमी के साथ देखकर विरोध कर रहा था और परिजनों को बताने की धमकी दे रहा था। वारदात के बाद प्रेमी ने फंदा लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया, तब मामला खुला।

मथुरा के जैंत थाना क्षेत्र के तेहरा गांव में सिगरेट न देने पर चार बदमाशों ने 18 वर्षीय ई-रिक्शा चालक रामू को चाकू मार दिया। शुक्रवार को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मुकदमे में हत्या की धाराएं बढ़ाकर सीसीटीवी फुटेज से आरोपियों की पहचान शुरू कर दी है।

देवरिया के लार क्षेत्र में शुक्रवार को एक किशोरी प्रेमी से शादी की जिद में मोबाइल टावर पर चढ़ गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया। किशोरी ने चेहरा ढक रखा था। पुलिस ने समझाकर उसे नीचे उतारा और आरोपी युवक की तलाश शुरू की।

बलिया की 7 वर्षीय दिव्यांग रागिनी ने सीएम योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की। सीएम ने उसके स्वास्थ्य, पढ़ाई और परिवार की जरूरतों की जानकारी लेकर मदद का भरोसा दिया। रागिनी का एक पैर से स्कूल जाने का वीडियो वायरल हुआ था, जिसके बाद उसे दो ट्राइसाइकिल भी उपलब्ध कराई गईं।

ललितपुर में अग्निवीर भर्ती में फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ है। जांच में सामने आया कि तीन युवकों ने दूसरे लोगों के नाम और दस्तावेजों पर अपनी फोटो लगाकर चयन हासिल किया। पुलिस ने कन्हैयालाल, आकाश और वीरेंद्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

बुलंदशहर में छह वर्षीय पोती से गलत कृत्य के मामले में पॉक्सो कोर्ट ने 75 वर्षीय दादा को दोषी करार दिया। अदालत ने उसे 20 साल की कैद और 20 हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई। घटना 21 जून 2022 को जहांगीराबाद क्षेत्र के एक गांव में खेत की झोपड़ी में हुई थी।

गोंडा के विनोद साहनी हत्याकांड पर अखिलेश यादव ने संजय निषाद पर निशाना साधते हुए कहा कि सहयोगी मंत्री को धरने के बजाय सरकार को डराना चाहिए। उन्होंने कहा कि पीडीए समाज की सुनवाई नहीं हो रही। भाजपा के लोगों पर हत्या में शामिल होने का आरोप लगाते हुए परिवार की मांगें मानने की अपील की।

इलाहाबाद हाईकोर्ट ने कानपुर विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष, सचिव और प्रवर्तन जोन-4 प्रभारी को नोटिस जारी कर अवैध कॉलोनी के निर्माण पर जवाब मांगा है। कोर्ट ने पूछा कि बिना स्वीकृत ले-आउट प्लान के कॉलोनी कैसे बनी और अवैध निर्माण क्यों नहीं रोका गया। अगली सुनवाई 29 सितंबर को होगी।

लखनऊ के बंथरा में अंडे की दुकान लगाने को लेकर दो पड़ोसियों में विवाद के बाद मारपीट हो गई। भाजपा बूथ अध्यक्ष ने दरोगा पर घर में घुसकर मारपीट और पिस्टल की बट से सिर फोड़ने का आरोप लगाया। विरोध में ग्रामीणों ने हाईवे जाम कर हंगामा किया। दरोगा निलंबित।

कानपुर में केडीए ने फर्जीवाड़े के मामलों में तीन कर्मचारियों पर कार्रवाई की। तीन प्लॉटों की फ्रीहोल्ड रजिस्ट्री में गड़बड़ी पर लिपिक प्रदीप सविता बर्खास्त, भूखंड को रिक्त दिखाकर ई-ऑक्शन कराने पर कश्यप कांत दुबे निलंबित और 12 लाख मांगने वाले अमीन संतोष कुमार को पदावनत किया गया।