किस दिन है पितृ दिवाली, इस दिन दीपदान कैसे करते हैं और इससे पितर क्यों प्रसन्न होते हैं?
pitru paksha : देव दीपावली और दिवाली की तरह पितृपक्ष में पितृदिवाली किस दिन है, इस दिन आपको क्या करना चाहिए, इससे क्या होता है। इसके बारे में जानें

आश्विन मास के कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी तिथि (पितृ पक्ष) को पितृ दिवाली मनाई जाती है। ऐसी मान्यता है कि आश्विन कृष्ण त्रयोदशी तिथि को यमराज सभी पितरों को पृथ्वी लोक पर भेजते हैं। ऐसा माना जाता है कि सभी पितृ केवल अपनी श्राद्ध तिथि पर ही भोजन ग्रहण करने पितृ लोक से पृथ्वी पर आते हैं, लेकिन इस दिन सभी पितृ अपने परिवार के बीच भोजन ग्रहण करने आते हैं।
क्या करें पितृ दिवाली के दिन?
इस दिन गया के विष्णुपद मंदिर और फल्गु नदी के देवघाट पर महादीपदान किया जाता है। इसके अलावा बड़ी संख्या में लोग विष्णुपद मंदिर के समीप प्राचीन दक्षिणार्क सूर्य मंदिर के सूर्यकुंड पर भी दीपदान करते हैं। इस दौरान श्रद्धालु अपनी सामर्थ्य और श्रद्धा के अनुसार 108 से लेकर 1000 तक दिये जलाते हैं। इस अवसर पर यहां शाम के समय आतिशबाजी करके अपने पितरों के प्रति श्रद्धा व्यक्त की जाती है। ऐसी मान्यता है कि पितृ दिवाली के दिन दीपदान करने से पितरों के स्वर्ग जाने का रास्ता खुलता है और उन्हें मोक्ष की प्राप्ति होती है।
खीर का भोग लगाकर कैसे पितर होगें प्रसन्न
इस दिन गया धाम के विष्णुपद मंदिर के गर्भगृह में जहां विष्णु के चरण पहाड़ी पर अंकित हैं, वहां पर उन्हें 56 भोग अर्पित किए जाते हैं। गया में विष्णु को ही मुक्तिदाता माना गया है, इसलिए उन्हें अर्पित यह भोग पितरों को सीधे तृप्त करता है।
इनमें खीर को सबसे महत्वपूर्ण भोग माना गया है। मान्यता है कि इस दिन पितर भूख और प्यास से व्याकुल होकर अपने परिजनों से खीर की कामना करते हैं। इस दिन ब्राह्मणों को खीर खिलाकर पितरों को तृप्त करने और उन्हें मोक्ष दिलाने की परंपरा पूरी की जाती है। कहा जाता है कि इस दिन खीर का भोग लगाने से पितर बहुत प्रसन्न होते हैं।
कैसे जलाएं दीपक और इससे क्या होता है?
अगर कोई व्यक्ति गया नहीं जा सके, तो इस दिन अपने घर पर भी दक्षिण दिशा में मिट्टी के चौमुखे दीये में सरसों या तिल का तेल डालकर उसमें काले तिल और दो लौंग डालकर दीया जला सकते हैं। साथ ही व्यक्ति हाथ में थोड़ा जल और काले तिल लेकर पितरों का ध्यान करके कहे- ‘यह प्रकाश हमारे पूर्वजों के मार्ग को आलोकित करे। वे प्रसन्न होकर अपने लोक लौटें।’ इतना कहकर जल को जमीन पर छोड़ दें। एक और मान्यता के अनुसार कुछ लोग आश्विन मास की अमावस्या को भी दीप जलाकर पितरों के पितृ लोक जाने का मार्ग प्रशस्त करते हैं। वहीं कुछ लोग दिवाली की अमावस्या तिथि को भी आकाशदीप जलाकर पितरों के मार्ग पर प्रकाश करते हैं।
-अश्वनी कुमार

