अक्टूबर में 14 दिन 4 राशियों की रहेगी मौज, मित्र के नक्षत्र में आ रहे सूर्य
Surya chitra nakshatra Gochar 2026: सूर्य एक निश्चित समय में अपने नक्षत्र में परिवर्तन करते हैं। अक्टूबर में सूर्य चित्रा नक्षत्र में आ रहे हैं, जिस पर मंगल का स्वामित्व है। जानें सूर्य का चित्रा नक्षत्र गोचर किन राशियों को देगा अच्छे परिणाम।

Surya chitra nakshatra parivartan 2026: वैदिक ज्योतिष शास्त्र में सूर्य का चित्रा नक्षत्र में गोचर अत्यंत महत्वपूर्ण और प्रभावशाली घटना मानी जाती है। चित्रा नक्षत्र के स्वामी मंगल हैं। सूर्य करीब 13-14 दिन में अपने नक्षत्र में परिवर्तन करते हैं। 10 अक्टूबर को सूर्य का चित्रा नक्षत्र में प्रवेश होगा और इस नक्षत्र में 24 अक्टूबर तक रहेंगे। सूर्य और मंगल के बीच मित्रता का भाव है। ज्योतिष शास्त्र में दोनों ग्रहों को मित्र माना जाता है। कहते हैं कि जब सूर्य चित्रा नक्षत्र में आते हैं तो जातकों को ऊर्जा, साहस और आत्मविश्वास में वृद्धि का अनुभव होता है। इसके साथ ही करियर में सफलता और उपलब्धि हासिल होती है। मंगल के चित्रा नक्षत्र में आकर सूर्य मेष से लेकर मीन राशि को प्रभावित करेंगे। लेकिन कुछ राशियां ऐसी हैं जिन्हें सकारात्मक परिणामों की प्राप्ति होगी। जानें सूर्य का चित्रा नक्षत्र परिवर्तन किन राशियों के लिए रहेगा लाभकारी।
चित्रा नक्षत्र में सूर्य गोचर का प्रभाव:
पंडित नरेंद्र उपाध्याय बताते हैं कि सूर्य का चित्रा नक्षत्र में गोचर शुभता का प्रतीक माना जाता है। सूर्य अपने मित्र ग्रह मंगल के घर में आते हैं। इस समय लोगों को अच्छे फलों की प्राप्ति होती है लेकिन मंगल के कारण थोड़ा अग्रेसन बढ़ा रहता है।
सूर्य का चित्रा नक्षत्र गोचर 4 राशियों के लिए शुभ:
मेष राशि:
मंगल मेष राशि के स्वामी ग्रह भी हैं। इस गोचर के प्रभाव से आपके साहस, पराक्रम और आत्मविश्वास में वृद्धि होगी। कार्यक्षेत्र में सफलता प्राप्त होगी। विरोधी परास्त होंगे और शत्रुओं पर विजय हासिल होगी। किसी पुरानी स्वास्थ्य समस्या से मुक्ति मिल सकती है। आर्थिक तौर पर स्थिति सुदृढ़ होगी। व्यापारिक सफलता मिलने के योग हैं।
कर्क राशि:
कर्क राशि के स्वामी चंद्रमा हैं। सूर्य के प्रभाव से आपकी वाणी प्रभावशाली रहेगी और आकर्षण बढ़ेगा। इस समय आपकी आर्थिक स्थिति में मजबूती आएगी। आकस्मिक धन लाभ के योग हैं। किसी पुराने निवेश से लाभ मिल सकता है। परिवार के साथ आप अच्छा समय गुजार सकते हैं। यात्राएं लाभकारी रहेंगी। विद्यार्थियों के लिए अच्छा समय रहेगा। रोजी-रोजगार में तरक्की के संकेत हैं।
धनु राशि:
धनु राशि वालों को सूर्य गोचर के प्रभाव से आय के नए स्रोत मिल सकते हैं। पुराने अटके हुए धन की वापसी हो सकती है। नौकरी करने वालों को प्रमोशन के साथ आय में वृद्धि मिल सकती है। उच्चाधिकारी आपके काम से प्रभावित हो सकते हैं। प्रभावशाली लोगों से मुलाकात हो सकती है। अटके हुए काम गति पकड़ सकते हैं।
मीन राशि:
मीन राशि के लिए करियर और व्यापार के लिहाज से समय अच्छा रहेगा। इस समय आपको नौकरी में नई जिम्मेदारी मिल सकती है। सामाजिक मान-प्रतिष्ठा में वृद्धि होगी। आय के नए अवसर मिलेंगे। पुराने साधनों से भी रुपए-पैसे का आगमन होगा। आत्मविश्वास और ऊर्जा में वृद्धि कार्यों में सफलता दिला सकते हैं। किसी शुभ समाचार की प्राप्ति हो सकती है। परिवार के साथ अच्छा समय बिताएंगे।


