ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News Astrologytop five Success mantra

सक्सेस मंत्र: अपने डर का सामना करें और कदम उठाएं

खुद को धोखा देना या खुद से झूठ बोलना सफलता की राह में आने वाली चुनौतियों को नजरअंदाज करने का सबसे अच्छा तरीका है। अगर आप सफल होना चाहते हैं तो आप उन चीजों से न भागें, जिनमें आपका मन नहीं लग रहा या...

सक्सेस मंत्र: अपने डर का सामना करें और कदम उठाएं
लाइव हिन्दुस्तान ,नई दिल्लीSat, 23 Dec 2017 10:07 PM
ऐप पर पढ़ें

खुद को धोखा देना या खुद से झूठ बोलना सफलता की राह में आने वाली चुनौतियों को नजरअंदाज करने का सबसे अच्छा तरीका है। अगर आप सफल होना चाहते हैं तो आप उन चीजों से न भागें, जिनमें आपका मन नहीं लग रहा या फिर जीवन से जुड़ी उन समस्याओं का सामना करें, जो फिलहाल आपको परेशान कर रही हैं। यह समझना जरूरी है कि सफल लोग ऐसी बातों से भागते नहीं हैं। जानते-समझते हुए उन पर काम करते हैं। वे जिंदगी में समस्याओं के मिलने वाले संकेतों को पहचानने के तुरंत बाद ही उन पर काम करना शुरू कर देते हैं। बिना यह परवाह किए कि वह काम कितना असहज और चुनौती भरा है!

असलियत से भागना कैसे छोड़ें

कई बार हम असहज, शर्मिंदा करने वाली दर्द से भरी स्थितियों के साथ जीने की आदत बना लेते हैं। कई बार समस्या को स्वीकार नहीं करते तो कई बार इन्हें मामूली समझ कर उस पर ध्यान नहीं देते। हमें पता नहीं होता कि हम सच्चाई से भाग रहे हैं।

खुद से झूठ बोलना कोई उपाय नहीं

कभी-कभी हम परिस्थितियों को अच्छा दिखाने की कोशिश करते हैं, जबकि वे बुरी होती हैं। हम यह महसूस नहीं करते कि जितनी जल्दी समस्या को समझ लेंगे, उस पर काम करना उतना ही आसान होगा। हो सकता है कि हल आसान हो और उससे जुड़े लोगों के साथ संबंध भी बेहतर बन जाएं। 

बुरी स्थिति को समझें

सफल लोग इस बात को जानने की कोशिश करते हैं कि स्थिति क्यों बिगड़ रही है और उसका उपाय क्या हो सकता है? वे अपनी गलतियों को सही साबित नहीं करते और न ही किसी बात को नजरअंदाज करते हैं। बुरी स्थितियों को समझना और उस पर काम करना सबसे जरूरी है। खुद को समझाना जरूरी है कि खुद से झूठ बोलने से स्थिति और बुरी होगी। दूसरे शब्दों में कहें तो हम सच्चाई का सामना करने से न डरें।

अपने डर का सामना करें और कदम उठाएं

सबसे पहले उन चीजों को पहचानने की जरूरत है, जिनकी वजह से आप कमतर महसूस कर रहे हैं। जितना असहज स्थितियों का सामना करेंगे, आप उतना ही उनमें बेहतर होते जाएंगे। जब भी आप परेशान कर रही बातों का सामना करें तो उनसे भागने की जगह, उन्हें चुनौती के रूप में स्वीकारें और कदम उठाने की कोशिश करें। जितना जल्दी कदम उठाएंगे, उतना जल्दी बात को संभाल लेंगे।  
 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें