Eid 2018 : नहीं दिखा चांद, भारत में कल मनाई जाएगी ईद
देश में कहीं से भी चांद नजर नहीं आने की वजह से अब ईद शनिवार को मनाई जाएगी। जामा मस्जिद की 'मरकजी रुयते हिलाल कमेटी की बैठक के बाद यह घोषणा की गई कि देश में कहीं चांद नजर नहीं आया है और ऐसे में कल...

देश में कहीं से भी चांद नजर नहीं आने की वजह से अब ईद शनिवार को मनाई जाएगी। जामा मस्जिद की 'मरकजी रुयते हिलाल कमेटी की बैठक के बाद यह घोषणा की गई कि देश में कहीं चांद नजर नहीं आया है और ऐसे में कल ईद नहीं होगी।
फतेहपुरी मस्जिद के शाही इमाम मुफ्ती मुकर्रम अहमद ने 'समाचार एजेंसी को बताया, 'देश के किसी भी हिस्से में चांद नहीं दिखा। इसलिए अब ईद शनिवार को होगी। इस बार के रमजान का कल आखिरी रोजा होगा। इस्लामी कैलेंडर के तहत रमजान का महीना पूरा होने पर ईद मनाई जाती है।
गुरुवार को लोग घंटों अपने घरों की छतों पर चढ़कर चांद का दीदार करने की कोशिश करते रहे लेकिन चांद नहीं दिखा। लोगों ने फोन कर अपने रिश्तेदारों से चांद दिखने की देर शाम तक तस्दीक की लेकिन कहीं से भी भारत में चांद दिखने की बात सामने नहीं आई। इसके बाद लोग दिल्ली और लखनऊ के प्रमुख मस्जिदों के शाही इमामों के ऐलान का घंटों इंतजार करते रहे। कुछ लोग तो सउदी अरब में मौजूद अपने रिश्तेदारों से ईद कब मनाई जाने की बात पूछते रहे। तो कुछ ने कल ईद मनाने की सभी तैयारियां भी पूरी कर ली थीं।
Eid Mubarak 2018: ईद उल फितर पर अपनों को भेजें ये शायरी और SMS
ईद उल फितर 2018: ईद क्यों मनाते हैं? इसके पीछे है एक रोचक कहानी
इंडोनेशिया और सऊदी अरब में ईद शुक्रवार को
मुस्लिमों का पवित्र त्योहार ईद उल फितर सऊदी अरब समेत लगभग सभी खाड़ी देशों में शुक्रवार यानी 15 जून 2018 को मनाया जाएगा। गुरुवार को शाम 3:43 बजे चांद दिखने पर यूएई की चांद देखने वाली समिति ने इस बात का आधिकारिक तौर पर ऐलान किया। समिति ने अपने आधिकारिक बयान में बताया कि शुक्रवार का दिन शाव्वल महीने पहला दिन होगा और इसी दिन ही ईद उल फितर मनाया जाएगा।
इंडोनेशिया ने अपने यहां ईद का पवित्र त्यौहार शुक्रवार को मनाने का ऐलान किया है। गल्फ न्यूज के अनुसार, जकार्ता ने गुरुवार शाम चांद दिखने की पुष्टि की है।
संयुक्त अरब अमीरात में भी दिखा चांद-
रिपोर्ट में कहा गया कि 'अल ऐन' अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष केंद्र के अनुसार शव्वल मून गुरुवार को संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के जबील हफीट में देखा गया। इसका मतलब यहां संभवत: शुक्रवार को ईद मनाया जाएगा।


