ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News AstrologyLathmaar Holi of birthplace started 40 years ago

40 वर्ष पहले शुरू हुई थी श्रीकृष्ण जन्मस्थान की लठामार होली

श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर होने वाली लठामार होली करीब चार दशक पूर्व प्रारंभ हुई थी। तब यह होली दो दिन की होती थी। पहले दिन ध्रुव व भक्त प्रह्लाद की लीला का मंचन होता था और दूसरे दिन होली के सांस्कृतिक...

40 वर्ष पहले शुरू हुई थी श्रीकृष्ण जन्मस्थान की लठामार होली
हिन्दुस्तान संवाद,मथुरा Wed, 04 Mar 2020 09:09 AM
ऐप पर पढ़ें

श्रीकृष्ण जन्मस्थान पर होने वाली लठामार होली करीब चार दशक पूर्व प्रारंभ हुई थी। तब यह होली दो दिन की होती थी। पहले दिन ध्रुव व भक्त प्रह्लाद की लीला का मंचन होता था और दूसरे दिन होली के सांस्कृतिक कार्यक्रम होते थे। करीब सात वर्ष बाद यह आयोजन एक दिन का हो गया। अब इस लठामार होली की अपनी अलग पहचान है।

जय श्रीकृष्ण लठामार होली समित के अध्यक्ष किशोर भरतिया बताते हैं कि 1978 में उनके साथ बाबूलाल बजाज, जय किशोर बजाज, प्रेमचंद सुनार, बुलाकी दास वर्मा, राधारमन ब्रह्मचारी, बांकेलाल कनौडिया आदि श्रीकृष्ण जन्मस्थान के केशवदेव मंदिर में दर्शन करने आते थे। उस समय रंगभरनी एकादशी के दिन जन्मस्थान पर होली के आयोजन करने की भूमिका तैयार हुई। तब जतीपुरा से छड़ीमार हुरंगा खेलने वाले महिला-पुरुषों तथा कुछ स्कूलों के बच्चों लेकर सांस्कृतिक कार्यक्रम व ध्रुव-प्रह्लाद की लीला का आयोजन शुरू किया गया।

Holi 2020: हुरियारे तेज, आज खेली जाएगी विश्वप्रसिद्ध लठामार होली

इस पहले आयोजन में जयदयाल डालमियां की धर्मपत्नी ने 500 रुपये व जन्मस्थान के तत्कालीन मैनेजर मनोहरलाल शर्मा ने 250 रुपये का सहयोग दिया। इसके कुछ वर्ष बाद जाव-बठैन के कलाकारों को लठामार होली के लिए बुलाया गया, जिसका बरसाना के लोगों ने विरोध कर दिया। मामला तत्कालीन डीएम तक पहुंचा। परंतु, लठामार होली का यह आयोजन नहीं रुका। परंतु, जाव-बठैन के कलाकारों के न आने की वजह से मलपुरा के ग्वालिन-ग्वालों को बुलाया जाने लगा। परंतु, ये भी कुछ वर्ष ही आए।

मलपुरा के ग्वाल-ग्वालिनों की मनाही के बाद यहां ग्राम रावल के हुरियारे व हुरियारिनों को लठामार होली के आयोजन के लिए बुलाया जाने लगा। श्रीकृष्ण जन्मस्थान के सचिव कपिल शर्मा ने इस आयोजन में अपनी विशेष रूचि दिखाते हुए इसे आज इस ऊंचाई तक पहुंचा दिया है। 

अब यहां ब्रज ही नहीं राजस्थान, हरियाणा व दिल्ली के कलाकार अपनी प्रस्तुति देते हैं। होली के इस आयोजन के लिए बड़े पैमाने पर प्रबंध किए जाने लगे हैं। वर्तमान में श्रीकृष्ण जन्मस्थान सेवा संस्थान के साथ जयश्री कृष्ण लठामार होली समिति के अध्यक्ष किशोर भरतिया, महामंत्री नंदकिशोर स्टील वाले, कोषाध्यक्ष विजय बंसल, महेश चंद्र प्रेस वाले, सुरेश चंद अग्रवाल स्वीटी, अनिल भाई ड्रेस वाले, अशोक बेरीवाल आदि होली की तैयारियों में जुटे हुए हैं।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें