Eid ul-Fitr 2018: शनिवार को मनाई जाएगी ईद, केरल में ईद आज
देश में कहीं भी चांद नजर नहीं आने की वजह से केरल को छोड़कर पूरे देश में ईद शनिवार को मनाई जाएगी। केरल में ईद शुक्रवार को मनाई जाएगी। जामा मस्जिद की मरकजी रुयते हिलाल कमेटी की बैठक के बाद यह घोषणा की...

देश में कहीं भी चांद नजर नहीं आने की वजह से केरल को छोड़कर पूरे देश में ईद शनिवार को मनाई जाएगी। केरल में ईद शुक्रवार को मनाई जाएगी। जामा मस्जिद की मरकजी रुयते हिलाल कमेटी की बैठक के बाद यह घोषणा की गई कि देश में कहीं चांद नजर नहीं आया है और ऐसे में शुक्रवार को ईद नहीं होगी।
इस्लामी कैलेंडर के तहत रमजान का महीना पूरा होने पर ईद मनाई जाती है। केरल के कोझिकोड में गुरुवार को चांद दिखाई देने के बाद ईद शुक्रवार को मनाई जाएगी।
फतेहपुरी मस्जिद के शाही इमाम मुफ्ती मुकर्रम अहमद ने बताया, देश के किसी भी हिस्से में चांद नहीं दिखा। इसलिए अब ईद शनिवार को होगी। इस बार के रमजान का शुक्रवार को आखिरी रोजा होगा।
इंडोनेशिया और सऊदी अरब में ईद शुक्रवार को
मुस्लिमों का पवित्र त्योहार ईद उल फितर सऊदी अरब समेत लगभग सभी खाड़ी देशों में शुक्रवार यानी 15 जून 2018 को मनाया जाएगा। गुरुवार को शाम 3:43 बजे चांद दिखने पर यूएई की चांद देखने वाली समिति ने इस बात का आधिकारिक तौर पर ऐलान किया। समिति ने अपने आधिकारिक बयान में बताया कि शुक्रवार का दिन शाव्वल महीने पहला दिन होगा और इसी दिन ही ईद उल फितर मनाया जाएगा।
इंडोनेशिया ने अपने यहां ईद का पवित्र त्यौहार शुक्रवार को मनाने का ऐलान किया है। गल्फ न्यूज के अनुसार, जकार्ता ने गुरुवार शाम चांद दिखने की पुष्टि की है।
संयुक्त अरब अमीरात में भी दिखा चांद-
रिपोर्ट में कहा गया कि 'अल ऐन' अंतरराष्ट्रीय अंतरिक्ष केंद्र के अनुसार शव्वल मून गुरुवार को संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के जबील हफीट में देखा गया। इसका मतलब यहां संभवत: शुक्रवार को ईद मनाया जाएगा।


