ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News Astrology Spiritualvenkateswara temple birla mandir hyderabad

भगवान वेंकटेश्वर विराजते हैं यहां

हैदराबाद शहर के बीचोबीच स्थित है संगमरमर से बना विशाल वेंकटेश्वर मंदिर, जिसे लोग बिड़ला मंदिर के नाम से भी जानते हैं।  हैदराबाद के स्थानीय लोगों के बीच ये मंदिर आस्था का केंद्र है। देश भर में कई...

भगवान वेंकटेश्वर विराजते हैं यहां
लाइव हिन्दुस्तान टीमMon, 22 Feb 2016 08:25 PM
ऐप पर पढ़ें

हैदराबाद शहर के बीचोबीच स्थित है संगमरमर से बना विशाल वेंकटेश्वर मंदिर, जिसे लोग बिड़ला मंदिर के नाम से भी जानते हैं।  हैदराबाद के स्थानीय लोगों के बीच ये मंदिर आस्था का केंद्र है। देश भर में कई प्रमुख शहरों में बिड़ला परिवार द्वारा बनवाए गए मंदिर हैं, जिन्हें लोग बिड़ला मंदिर के नाम से जानते हैं।

हैदराबाद का ये बिड़ला मंदिर 1976 में बन कर तैयार हुआ। यह हैदराबाद के बीच 280 फीट ऊंचे नौबत पहाड़ पर बना हुआ है।  मंदिर 13 एकड़ में फैला है। इसके निर्माण में दस साल लगे। रामकृष्ण मिशन के स्वामी रंगनाथ नंद की इस मंदिर के निर्माण में बड़ी भूमिका थी।

मंदिर के स्थापत्य में द्रविड़, उत्कल और राजस्थानी शैली का मिल-जुला रूप देखने को मिलता है। इसके निर्माण में तकरीबन 2000 टन सफेद संगमरमर का इस्तेमाल हुआ है।  इसलिए मंदिर दूर से भी काफी भव्य दिखाई देता है।  मंदिर में भगवान वेंकटेश्वर की 11 फीट ऊंची प्रतिमा है। प्रतिमा के ऊपर एक सुंदर-सी छतरी है।

परंपरागत मंदिरों की तरह यहां घंटियां नहीं लगाई गई हैं। मंदिर के निर्माण में लगे स्वामी रंगनाथ नंद चाहते थे कि यह जगह बिल्कुल शांत हो, जहां बैठ कर लोग ध्यान कर सकें। मंदिर परिसर में भगवान विष्णु की पत्नी पद्मावती का भी मंदिर है। इसके अलावा मंदिर परिसर में शिव, शक्ति, गणेश, सरस्वती, ब्रह्मा, लक्ष्मी आदि देवी-देवताओं की भी प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। मंदिर की दीवारों पर गुरबाणी का पाठ भी लिखा गया है। ये मंदिर जाति भेद से ऊपर सबके लिए खुला है।
बिड़ला मंदिर सुबह 7 बजे दर्शन के लिए खुलता है और दोपहर 12 बजे बंद हो जाता है। फिर यह दोपहर में दो बजे खुलता है और रात्रि नौ बजे तक खुला रहता है। मंदिर में तिरुपति बालाजी के प्रसाद की भांति प्रसाद में लड्डू मिलता है। इसे आप खरीद भी सकते हैं।

मंदिर परिसर से आप हैदराबाद शहर का नजारा कर सकते हैं। खासतौर पर यहां से हुसैन सागर झील का सुंदर नजारा दिखाई देता है। मंदिर के पास बीएम बिरला प्लेनेटोरियम, बीएम बिरला साइंस म्यूजियम, जीपी बिरला आब्जरवेटरी और निर्मला बिरला गैलरी आफ मॉडर्न आर्ट भी स्थित है। इन सबके लिए अलग -अलग प्रवेश शुल्क है। परिसर को बड़ी ही सुंदरता से सजाया गया है। हैदराबाद शहर के लोग छुट्टियों के दिन यहां घूमने आते हैं। आध्यात्मिक सुख के साथ यहां ज्ञान वर्धन और मनोरंजन भी हो जाता है। 2003 में शुरू हुई मॉडर्न आर्ट गैलरी में जाने-माने कलाकारों जैसे जेमिनी राय और तैयब मेहता की कृतियां देखी जा सकती हैं।

कैसे पहुंचे: लोकल ट्रेन के रेलवे स्टेशन 'लकड़ी का पुल' से मंदिर काफी नजदीक है।  नेकलेस रोड की ओर जाने वाली सड़क पर रिजर्व बैंक के बगल वाली गली से आप बिरला मंदिर पहुंच सकते हैं। मंदिर के पास निजी वाहनों की पार्किंग का इंतजाम है।    
 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें