
Vivah Panchami: मटकोर संग सीताराम विवाह उत्सव हुआ शुरू, आज शाम निकाली जाएगी श्रीराम बरात शोभायात्रा
श्रीसीताराम विवाह पंचमी महोत्सव का शुभारंभ सोमवार को अस्सी स्थित रामजानकी मठ में हुआ। तीन दिवसीय महोत्सव के पहले दिन मटकोर की लोक परंपरा का निर्वाह किया गया।
श्रीसीताराम विवाह पंचमी महोत्सव का शुभारंभ सोमवार को अस्सी स्थित रामजानकी मठ में हुआ। तीन दिवसीय महोत्सव के पहले दिन मटकोर की लोक परंपरा का निर्वाह किया गया। मठ के प्रमुख रामलोचन दास की देखरेख में आयोजित उत्सव में पारंपरिक परिधान में सजी महिलाओं ने लोकाचार पूर्ण किए। महिलाओं का समूह आश्रम से गाजेबाजे के साथ मां जानकी को लेकर मंगल गीत गाते हुए अस्सी चौराहा होते घाट पहुंचीं। वहां जानकी के निर्बाध विवाह की कामना से गंगा पूजन किया और मंगल गीत गाते वापस मठ पहुंची। जगह जगह मां जानकी पर पुष्पवर्षा कर आरती उतारी गई। इस अवसर पर काफी संख्या में महिलाएं, संत, महात्मा, बटुक तथा काशीवासी शामिल रहे। सचिन शर्मा ने समस्त कार्यक्रम का संयोजन किया। 25 नवंबर की शाम 4 बजे श्रीराम बरात शोभायात्रा निकाली जाएगी।
हनुमान मंदिर में मानस पारायण: संकटहरण श्री हनुमान मंदिर सेवा ट्रस्ट की ओर से शुकुलपुरा स्थित हनुमान मंदिर में श्रीराम चरित मानस का नवाह्न पाठ 25 नवंबर से आरंभ होगा। पारायण 3 दिसंबर को पूरा होगा। ट्रस्ट के सचिव एस. राजू के अनुसार सीताराम विवाह पंचमी पर मानस पारायण का यह 12वां वर्ष है।
नगवा में अखंड कीर्तन : सीताराम विवाह पंचमी पर नगवां स्थित बड़े हनुमान मंदिर में ट्रस्ट श्रीजगन्नाथ जी की ओर से 25 नवंबर को अखण्ड श्रीराम कीर्तन का आयोजन होगा। शुभारंभ प्रात: सुबह बजे होगा जिसका समापन 26 नवंबर को सुबह 10 बजे होगा।
संकटमोचन मंदिर में नवाह्न पाठ आज से
संकटमोचन मंदिर में श्रीसीताराम विवाह पंचमी महोत्सव 25 नवंबर से तीन दिसंबर तक होगा। इसके अंतर्गत रोज सुबह 8 बजे से दोपहर 12 बजे तक 111 ब्राह्मणों श्रीराम चरित मानस का पारायण करेंगे। शाम 5 से रात 10 बजे तक मानस सम्मेलन होगा। मंदिर के महंत प्रो.विश्वम्भरनाथ मिश्र के अनुसार मानस सम्मेलन में स्थानीय एवं बाहर से आमंत्रित मानस मर्मज्ञ प्रवचन करेंगे। 4 एवं 5 दिसंबर को भजन सम्मेलन होगा। इसमें ख्यातिलब्ध गायक शाम 7 से 10 तक प्रस्तुति देंगे।





