पहले वक्री फिर नीच राशि में आएंगे शुक्र, इन 7 राशियों का आएगा शानदार समय
Venus Transit November 2026: नवंबर में शुक्र वक्री अवस्था में अपनी नीच राशि कन्या में वापसी करेंगे। कन्या राशि में आने से सात राशि वालों का अच्छा समय शुरू हो सकता है। जानें शुक्र गोचर की लकी राशियां।

Shukra Gochar Kanya Rashi November 2026: वैदिक ज्योतिष शास्त्र में शुक्र को दैत्यों का गुरु के साथ ही धन, संपदा, वैभव, ऐश्वर्य और भोग-विलासिता का कारक भी माना जाता है। शुक्र समय-समय पर अपनी राशि बदलकर सभी 12 राशियों का जीवन प्रभावित करते हैं। शुक्र इस समय तुला राशि में हैं और 3 अक्तूबर को वक्री होंगे। इसके बाद 06 नवंबर को फिर से अपनी नीच कन्या राशि में वापसी करेंगे। कन्या राशि में शुक्र 22 नवंबर तक रहेंगे। इस तरह से लगभग 17 दिनों तक शुक्र का नीच राशि में प्रभाव रहेगा। पंडित नरेंद्र उपाध्याय बताते हैं कि शुक्र का गोचर आमतौर पर सभी राशियों के लिए शुभ माना जाता है। कुछ विशेष परिस्थितियों में ही शुक्र अच्छे परिणाम नहीं देते हैं। कन्या राशि के स्वामी बुध हैं। बुध की राशि में आकर शुक्र नीच के हो जाते हैं। बुध की राशि में शुक्र के प्रभाव वाला यह समय कुछ राशियों के लिए विशेष रूप से लाभकारी साबित होगा। जानें शुक्र गोचर की शुभ राशियों के बारे में।
मिथुन राशि: भूमि, भवन या वाहन की खरीदारी के संकेत
पंडित उपाध्याय के अनुसार, मिथुन राशि वालों के लिए भूमि, भवन और वाहन की खरीदारी के प्रबल योग बन रहे हैं। इस समय आपको किसी सकारात्मक समाचार की प्राप्ति भी हो सकती है। आय के नए-नए रास्ते खुलेंगे और पुराने स्रोतों से भी रुपए-पैसे आते रहेंगे। निवेश के लिए यह अवधि अच्छी रहेगी। रोजी-रोजगार में तरक्की हासिल करेंगे। परिवार में खुशियां बनी रहेंगी।
कर्क राशि: पराक्रम रंग लाएगा
पंडित उपाध्याय बताते हैं कि कर्क राशि वालों के लिए शुक्र का गोचर लाभकारी रहेगा। इस समय साहस और पराक्रम में वृद्धि होगी और यह रंग भी लाएगा। कार्यस्थल पर आपको अच्छे परिणाम मिलेंगे। धन की स्थिति सुधरती जाएगी, जिससे किसी कर्ज या बिल से छुटकारा मिल सकता है। सेहत अच्छी रहेगी। व्यापार में बढ़ोतरी के संकेत हैं।
सिंह राशि: पारिवारिक सुख में वृद्धि
शुक्र गोचर के प्रभाव से सिंह राशि वालों के पारिवारिक सुख में वृद्धि हो सकती है। इस समय आपके भौतिक सुख बढ़ेंगे। धन का आगमन होगा। खर्चों में कमी आएगी। शुक्र कृपा से इस समय आपको जिस चीज की जरूरत होगी उसकी उपलब्धता भी होगी। आपके द्वारा किए गए कार्य सफल होंगे। अपनों का साथ मिलेगा। व्यापार में विस्तार के योग हैं।
कन्या राशि: भाग्य का साथ मिलेगा
कन्या राशि वालों को भाग्य का साथ मिलेगा। भाग्यवश आपके अटके हुए काम बन सकते है। संतान पक्ष से किसी शुभ समाचार की प्राप्ति हो सकती है। धन की स्थिति में सुधार के संकेत हैं। बचत करने में सफलता प्राप्त होगी। मित्रों का सहयोग व्यापार में उन्नति दिला सकता है।
धनु राशि: व्यावसायिक सफलता
धनु राशि वालों को शुक्र के कन्या गोचर से व्यावसायिक सफलता प्राप्त होगी। इस समय किसी प्रभावशाली व्यक्ति के संपर्क में आ सकते हैं, जिससे आपको लाभ मिलेगा। करियर में अच्छे परिणाम मिलेंगे। शुभ समाचार की प्राप्ति के संकेत हैं। परिवार की समस्याएं खत्म हो सकती हैं। अपनों का सहयोग कार्यों में सफलता दिला सकता है।
मकर राशि: भाग्यवर्धक दिनों का निर्माण
शुक्र के नीच राशि कन्या में आने से मकर राशि वालों का भाग्य साथ देगा। यह कहना भी गलत नहीं होगा कि इस समय आपके भाग्यवर्धक दिनों का निर्माण होगा। भौतिक सुख-संपत्ति में वृद्धि होगी। किसी अच्छी खबर के मिलने से मन प्रसन्न रहेगा। रोजी-रोजगार में तरक्की के प्रबल योग बन रहे हैं। धन की स्थिति पहले से मजबूत होगी और लंबे समय से अटके हुए धन की वापसी हो सकती है।
मीन राशि: चारों ओर से होगा लाभ
पंडित उपाध्याय के अनुसार, मीन राशि के लिए यह समय गोल्डन पीरियड के समान साबित होगा। इस दौरान आपको चारों ओर से लाभ होगा। हर तरफ से खुशियों की प्राप्ति होगी और मानसिक तौर पर राहत पाएंगे। धन में वृद्धि के संकेत हैं। किसी अच्छी खबर के मिलने से परिवार में खुशियां बनी रहेंगी। व्यापार में उन्नति या विस्तार मिल सकता है।


