शिवलिंग पर हल्दी चढ़ाना सही है या गलत? जानिए क्या कहते हैं शास्त्र
शिवलिंग पर हल्दी चढ़ाने को लेकर कई लोग कन्फ्यूज रहते हैं कि ये सही नियम है या नहीं? जानिए आखिर धर्म शास्त्रों में इस बार में क्या लिखा हुआ है?

सावन का महीना आज से शुरू हो चुका है। इस पूरे महीने शिव भक्त शिवलिंग पर पूरी श्रद्धा के साथ गंगाजल, दूध, बेलपत्र और धतूरे समेत बाकी चीजें अर्पित करते हैं। हालांकि शिव पूजा में हल्दी के इस्तेमाल को लेकर लोग कन्फ्यूजन में रहते हैं कि इसका इस्तेमाल करना है या नहीं? आपके भी मन में ये सवाल जरूर आता होगा ना कि क्या शिवलिंग पर हल्दी चढ़ाना सही माना जाता है? हालांकि कई लोग शिवलिंग पर हल्दी चढ़ा भी देते हैं तो वहीं कई लोग इसे सही नहीं मानते हैं। ऐसे में जानना जरूरी है कि आखिर धर्म ग्रंथों में इस बारे में क्या लिखा हुआ है? शिव पूजा में हल्दी का इस्तेमाल करना सही है या नहीं?
हिंदू धर्म मान्यता के अनुसार शिवलिंग पर सीधे हल्दी चढ़ाने की परंपरा नहीं मानी जाती है। इसके पीछे कुछ खास वजहें भी बताई गई है जिनका संबंध भगवान शिव के स्वरूप और उनकी पूजा विधि से ही जुड़ा है।
क्यों नहीं चढ़ाते हैं शिवलिंग पर हल्दी?
1. भगवान शिव को एक तपस्वी और वैरागी देव के रूप में माना जाता है। वहीं शिवलिंग उनके पुरुष स्वरूप के प्रतीक के रूप में होता है। इसी वजह से शिवलिंग पर वहीं चीजें चढ़ाई जाती हैं सादगी और शीतलता प्रदान करते हैं। शिवलिंग पर विशेष रूप से गंगाजल, दूध, दही, सफेद चंदन और बेलपत्र के साथ-साथ आक के फूल वगैरह अर्पित किए जाते हैं।
2. अब बात करें हल्दी की तो इसे शुभता और मांगलिक काम से जोड़कर देखते हैं। इसका इस्तेमाल भी खासतौर पर शादी से जुड़ी रस्मों में भी किया जाता है। इसी वजह से शिवलिंग पर हल्दी अर्पित करने की परंपरा नहीं है। हालांकि रंगभरी एकादशी और महाशिवरात्रि के दौरान काशी विश्वनाथ में भगवान शिव को हल्दी अर्पित किया जाता है।
शिवलिंग पर हल्दी बिल्कुल भी नहीं चढ़ा सकते हैं?
अगर आपके मन में ये सवाल है तो ऐसा बिल्कुल भी नहीं है। शिवलिंग पर जलधारी के पास हल्दी अर्पित किया जाता है। धार्मिक मान्यता के हिसाब से जलधारी को मां पार्वती के प्रतीक के रूप में देखा जाता है। ऐसे में यहां पर हल्दी चढ़ाना शुभ माना जाता है। भगवान शिव को हल्दी भले ना चढ़ाई जाती हो लेकिन मां पार्वती के साथ-साथ भगवान गणेश की पूजा में हल्दी का विशेष महत्व बताया जाता है।
शिवलिंग पर इन चीजों को भी चढ़ाने की है मनाही
हल्दी ही नहीं बल्कि शिवलिंग पर कुछ और चीजों को अर्पित करना वर्जित है। सिंदूर से लेकर कुमकुम समेत तुलसी और केतकी के फूल भी शिवलिंग पर नहीं चढ़ाए जाते हैं। भगवान शिव की पूजा में इन चीजों को शामिल ना करने की सलाह दी जाती है। इन चीजों के पीछे भी अलग-अलग धार्मिक मान्यताएं जुड़ी हुई मानी जाती हैं।


