सप्तश्लोकी दुर्गा पाठ: इन 7 श्लोकों में है दुर्गा सप्तशती का संपूर्ण सार, जानें इनका हिंदी अर्थ
Saptashloki Durga Path Hindi Meaning: नवरात्रि में करें सप्तश्लोकी दुर्गा पाठ। सर्वमंगल मांगल्ये से रोगानशेषानपहंसि तक जानें सातों श्लोकों का सहज हिंदी अर्थ।

शारदीय नवरात्रि में मां दुर्गा की पूजा और मंत्र जाप का विशेष महत्व माना जाता है। इस दौरान सप्तश्लोकी दुर्गा स्तोत्र का पाठ करना भी शुभ माना गया है। इसमें मां भगवती की महिमा बताने वाले सात श्लोक हैं। धार्मिक मान्यता के अनुसार, श्रद्धा के साथ इसका पाठ करने से मां दुर्गा की कृपा प्राप्त होती है।
भगवान शिव और माता पार्वती के संवाद से प्रकट सप्तश्लोकी दुर्गा स्तोत्र जीवन के सभी कष्टों, दुखों और भयों को नष्ट करके सुख-समृद्धि प्रदान करता है। सप्तश्लोकी दुर्गा स्तोत्र एक संक्षिप्त संग्रह नहीं है, बल्कि इसमें दुर्गा सप्तशती के संपूर्ण 700 श्लोकों का सार है। आइए जानते हैं सप्तश्लोकी दुर्गा के सभी सात श्लोक और उनका हिंदी अर्थ।
पहला श्लोक: महामाया की महिमा
ॐ ज्ञानिनामपि चेतांसि देवी भगवती हि सा।
बलादाकृष्य मोहाय महामाया प्रयच्छति॥
अर्थ: मां भगवती महामाया हैं। उनकी माया इतनी प्रभावशाली है कि वह ज्ञानी व्यक्तियों के मन को भी मोह में डाल सकती हैं। यह श्लोक देवी की उस शक्ति को बताता है, जिसके प्रभाव से मनुष्य कई बार सही ज्ञान होने के बावजूद भ्रम में पड़ जाता है।
दूसरा श्लोक: भय, दुख और दरिद्रता से मुक्ति
दुर्गे स्मृता हरसि भीतिमशेषजन्तोः
स्वस्थैः स्मृता मतिमतीव शुभां ददासि।
दारिद्र्यदुःखभयहारिणि त्वदन्या
सर्वोपकारकरणाय सदार्द्रचित्ता॥
अर्थ: हे मां दुर्गा! आपका स्मरण करने से जीवों का भय दूर होता है और सुखी मन से आपकी आराधना करने पर शुभ बुद्धि प्राप्त होती है। आप दरिद्रता, दुख और भय को दूर करने वाली हैं। आपके समान करुणामयी कौन है, जो सभी का कल्याण करने के लिए सदैव तत्पर रहती हैं।
तीसरा और चौथा श्लोक: मां नारायणी को प्रणाम
सर्वमंगलमांगल्ये शिवे सर्वार्थसाधिके।
शरण्ये त्र्यम्बके गौरि नारायणि नमोऽस्तुते॥
अर्थ: हे नारायणी! आप सभी मंगलों में सबसे मंगलकारी हैं। आप कल्याण करने वाली, सभी शुभ उद्देश्यों को पूरा करने वाली और भक्तों को शरण देने वाली हैं। हे त्रिनेत्री गौरी, आपको प्रणाम है।
शरणागतदीनार्तपरित्राणपरायणे।
सर्वस्यार्तिहरे देवि नारायणि नमोऽस्तुते॥
अर्थ: हे मां नारायणी! आप शरण में आए दीन-दुखियों की रक्षा करती हैं और सभी के कष्ट दूर करने वाली हैं। आपको बार-बार प्रणाम है।
पांचवां और छठा श्लोक: भय और रोगों से रक्षा
सर्वस्वरूपे सर्वेशे सर्वशक्तिसमन्विते।
भयेभ्यस्त्राहि नो देवि दुर्गे देवि नमोऽस्तुते॥
अर्थ: हे मां दुर्गा! आप सभी स्वरूपों में विद्यमान हैं और समस्त शक्तियों से संपन्न हैं। हमारी सभी प्रकार के भय से रक्षा करें। आपको प्रणाम है।
रोगानशेषानपहंसि तुष्टा रुष्टा तु कामान् सकलानभीष्टान्।
त्वामाश्रितानां न विपन्नराणां त्वामाश्रिता ह्याश्रयतां प्रयान्ति॥
अर्थ: हे देवी! प्रसन्न होने पर आप सभी रोगों को दूर करती हैं और अप्रसन्न होने पर मनोकामनाओं की पूर्ति में बाधा डालती हैं। आपकी शरण में आए भक्त विपत्तियों से सुरक्षित रहते हैं और दूसरे लोगों को भी आपकी शरण में आने का सहारा मिलता है।
सातवां श्लोक: सभी बाधाओं का नाश
सर्वाबाधाप्रशमनं त्रैलोक्यस्याखिलेश्वरि।
एवमेव त्वया कार्यमस्मद्वैरिविनाशनम्॥
अर्थ: हे तीनों लोकों की अधीश्वरी मां! आप सभी बाधाओं को शांत करने वाली हैं। हमारी प्रार्थना है कि आप इसी प्रकार हमारे शत्रुओं और विरोधी शक्तियों का नाश करें और हमें परेशानियों से मुक्ति प्रदान करें।
सप्तश्लोकी दुर्गा स्तोत्र के इन सात श्लोकों में दुर्गा सप्तशती का पूरा सार समाहित है। सात छंदों में मां भगवती की शक्ति, करुणा और रक्षक स्वरूप की स्तुति की गई है। नवरात्रि के दौरान भक्त श्रद्धा के साथ इनका पाठ करते हैं और मां दुर्गा से सुख-शांति, कल्याण तथा संकटों से रक्षा की प्रार्थना करते हैं।

