नवरात्रि में अगर अखंड ज्योत बीच में बुझ जाए तो क्या करना चाहिए? जानें ज्योतिर्विद की राय
Akhand Jyot bujh jaye to kya kare: नवरात्रि में अखंड ज्योत का विशेष महत्व है। मान्यता है कि नवरात्रि के नौ दिन अखंड ज्योत जलाने से साधक के जीवन में सुख-समृद्धि और खुशहाली आती है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि अगर अखंड ज्योत बीच में बुझ जाए तो क्या करना चाहिए।

Navratri me akhand jyoti bujh jaye to kya kare: शारदीय नवरात्रि 11 अक्टूबर 2026 (रविवार) से प्रारंभ हो रहे हैं। नवरात्रि के नौ दिन मां दुर्गा की कृपा पाने के लिए अति उत्तम माने जाते हैं। इस दौरान भक्त माता रानी की कृपा पाने के लिए व्रत के साथ कई उपाय भी करते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि नवरात्रि में अखंड ज्योत जलाने से भी मां दुर्गा प्रसन्न होती हैं और उनका आशीर्वाद प्राप्त होता है। पंडित नरेंद्र उपाध्याय बताते हैं कि नवरात्रि में अखंड ज्योत मां दुर्गा के प्रति अटूट विश्वास, श्रद्धा, समर्पण और भरोसे का प्रतीक मानी जाती है। अखंड का अर्थ है 'जो कभी न बुझे' और ज्योत का अर्थ 'प्रकाश' है। ऐसा माना जाता है कि नवरात्रि के नौ दिनों तक अखंड ज्योत जलने से माता रानी की मौजूदगी, ऊर्जा और कृपा परिवार में बनी रहती है। लेकिन कई बार नवरात्रि में अखंड ज्योत अचानक बुझ जाती है, इससे साधक के मन में भय या नकारात्मक विचार आने लगते हैं। आइए जानते हैं पंडित जी से अगर नवरात्रि में अखंड ज्योत बुझ जाए तो क्या करना चाहिए।
नियमों के अनुसार पुन: प्रज्वलित करें:
पंडित नरेंद्र उपाध्याय के अनुसार, अगर नवरात्रि पूजा के दौरान अखंड ज्योत अचानक बुझ जाए, तो मन में डर, भय या नकारात्मक विचारों को लाने की आवश्यकता नहीं है। इसे किसी अनहोनी का संकेत मानने के बजाए शास्त्रों में बताए गए नियमों के अनुसार पुन: प्रज्वलित कर क्षमा प्रार्थना करनी चाहिए। पंडित जी बताते हुए आगे कहते हैं कि मां दुर्गा को हिंदू धर्म में जगत जननी यानी संपूर्ण संसार की माता और आदिशक्ति माना जाता है। मां दुर्गा अत्यंत दयालु हैं और केवल भक्त की सच्ची श्रद्धा और भक्ति देखती हैं।
अखंड ज्योत जलाने के बाद क्या करना चाहिए:
पंडित उपाध्याय का कहना है कि अगर पूजा स्थल पर पहले से ही कोई छोटा या साक्षी दीपक जला रखा है, तो उसकी लौ से अखंड ज्योत को प्रज्वलित करना शुभ माना जाता है। दीपक की साफ-सफाई करनी चाहिए और पर्याप्त घी डालना चाहिए। अखंड ज्योत दोबारा जलने के बाद मां दुर्गा से अपना संकल्प फिर से दोहराना चाहिए। अखंड ज्योत दोबारा प्रज्वलित करने के बाद हाथ जोड़कर मां दुर्गा का ध्यान लगाना चाहिए और अनजाने में हुई भूल के लिए सच्चे मन से क्षमा प्रार्थना करनी चाहिए।
अखंड ज्योत लगाने से क्या होता है:
नवरात्रि में अखंड ज्योत जलाने का विशेष महत्व है। मान्यता है कि इससे घर का वातावरण पवित्र और शांत होता है। कहा जाता है कि इससे मानसिक शांति मिलती है और घर में सुख-संपदा का वास होता है। अखंड ज्योत जलाने से घर में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और नकारात्मक ऊर्जा दूर होती है।

