शारदीय नवरात्रि: हाथी पर आगमन और मुर्गे पर गमन, जानें मां दुर्गा की सवारी से जुड़े संकेत
Navratri 2026 Maa Rani Sawari Meaning: हिंदू धर्म में शारदीय नवरात्रि अत्यंत महत्वपूर्ण माने जाते हैं। नवरात्रि के नौ दिन मां शैलपुत्री से लेकर मां सिद्धिदात्री तक की पूजा की जाती है। जानें इस बार मां दुर्गा की सवारी क्या संकेत दे रही है।

Maa Durga Sawari Shardiya Navratri 2026: हिंदू धर्म में नवरात्रि का पर्व बहुत धूमधाम से मनाया जाता है। यह पर्व मां दुर्गा को समर्पित है। नवरात्रि के नौ दिन मां दुर्गा के अलग-अलग स्वरूपों की पूजा की जाती है। हिंदू पंचांग के अनुसार, शारदीय नवरात्रि आश्विन माह के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि से प्रारंभ होते हैं। इस बार नवरात्रि 11 अक्टूबर 2026 से शुरू होंगे। मान्यता है कि नवरात्रि के नौ दिन मां दुर्गा पृथ्वी लोक पर आती हैं और अपने भक्तों पर कृपा बरसाती हैं। मां दुर्गा के आगमन और प्रस्थान की सवारी तिथि और वार के हिसाब से अलग-अलग होती है। मां दुर्गा की सवारी संकेत देती है कि नवरात्रि देश-दुनिया और जनमानस के लिए कैसे रहने वाले हैं? इस बार मां दुर्गा हाथी (गज) पर सवार होकर आएंगी और मुर्गे पर प्रस्थान करेंगी। जानें मां दुर्गा की सवारी के संकेत और घटस्थापना का मुहूर्त।
शारदीय नवरात्रि कब तक रहेंगे:
पंचांग के अनुसार, शारदीय नवरात्रि 11 अक्टूबर, रविवार से प्रारंभ होंगे। इस दिन ही घटस्थापना की जाएगी। नवरात्रि के पहले दिन मां शैलपुत्री की विधि-विधान से पूजा की जाती है। महानवमी 19 अक्टूबर को मनाई जाएगी और 20 अक्टूबर को दशहरा या विजयादशमी का पर्व मनाया जाएगा। इसी के साथ नवरात्रि पर्व का समापन हो जाएगा।
मां दुर्गा की सवारी क्या हैं:
ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, अगर नवरात्रि का प्रारंभ रविवार या सोमवार से होता है, तो मां दुर्गा हाथी पर आती हैं। शनिवार और मंगलवार को माता रानी घोड़े (अश्व) पर आती हैं। गुरुवार या शुक्रवार हो तो पालकी या डोली पर आती हैं। बुधवार को नवरात्रि प्रारंभ होते हैं तो मां दुर्गा नौका (नाव) पर आती हैं।
मां दुर्गा के हाथी पर सवार होकर आने का संकेत:
इस बार नवरात्रि रविवार से प्रारंभ हो रहे हैं, इसलिए मां दुर्गा गज (हाथी) पर सवार होकर आएंगी। ज्योतिष शास्त्र में माता रानी का हाथी पर आगमन अत्यंत शुभ और कल्याणकारी माना जाता है। हाथी को सुख-शांति, समृद्धि और ज्ञान का प्रतीक माना जाता है। मान्यता है कि इससे धन-धान्य में वृद्धि होती है और आर्थिक तंगी दूर होती है। जीवन में सुख-शांति और खुशहाली आती है। मां के गज आगमन से अच्छी वर्षा के योग बनते हैं, जिसका लाभ किसानों को मिलता है। लोगों का मानसिक तनाव दूर होता है और सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।
मां दुर्गा के मुर्गे पर प्रस्थान के क्या हैं संकेत?
इस बार शारदीय नवरात्रि का समापन 20 अक्टूबर 2026, मंगलवार को हो रहा है। ग्रंथों में मंगलवार और शनिवार को मां दुर्गा का प्रस्थान वाहन चरणायुध बताया गया है। चरणायुध का अर्थ मुर्गे से जोड़ा जाता है। मुर्गे पर माता रानी का गमन शुभ नहीं माना जाता है। इस वाहन को प्राकृतिक आपदाओं, आपसी कलह, शोक और अशांति का प्रतीक माना जाता है।
नवरात्रि घटस्थापना मुहूर्त 2026:
नवरात्रि में घटस्थापना या कलश स्थापना का विशेष महत्व है। इस बार घटस्थापना 11 अक्टूबर 2026, रविवार को की जाएगी। ये हैं कलश स्थापना के शुभ मुहूर्त:
घटस्थापना मुहूर्त: सुबह 6:19 बजे से 10:12 बजे तक।
अभिजीत मुहूर्त: सुबह 11:44 बजे से दोपहर 12:31 बजे तक।

