घटस्थापना मुहूर्त 2026: नवरात्रि में घर पर दुर्गा जी के कलश की स्थापना कैसे करें? चेक करें सामग्री लिस्ट
Shardiya navratri 2026 Ghat sthapana: शारदीय नवरात्रि का पर्व 11 अक्टूबर से प्रारंभ होने वाला है। नवरात्रि के पहले दिन कलश स्थापना की जाती है। अगर आप भी इस नवरात्रि कलश स्थापना करने वाले हैं, तो जान लें आसान विधि।

Navratri ghatasthapana muhurat and time 2026: शारदीय नवरात्रि हर साल आश्विन माह शु्क्ल की प्रतिपदा तिथि से प्रारंभ होते हैं। इस साल नवरात्रि 11 अक्टूबर 2026 से शुरू हो रहे हैं। नवरात्रि में घरों और मंदिरों में मां दुर्गा की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की जाती है। नवरात्रि के पहले दिन कलश स्थापना या घटस्थापना का विशेष महत्व होता है। मां दुर्गा के भक्त कलश स्थापना करके नवरात्रि के नौ दिन उनके अलग-अलग स्वरूपों की पूजा करते हैं। अगर आप भी घर पर कलश स्थापना करते हैं, तो यहां जान लें नवरात्रि में मां दुर्गा की कलश स्थापना कैसे करें और कलश में किन-किन चीजों को डाला जाता है।
नवरात्रि में कलश स्थापना के लिए क्या समान लगता है?
नवरात्रि में कलश स्थापना के लिए मिट्टी का पात्र (चौड़े मुंह वाला), साफ मिट्टी, जौ (ज्वार), तांबे, पीतल या मिट्टी का कलश, गंगाजल, शुद्ध जल, सिक्का, सुपारी, अक्षत (साबुत चावल), दूर्वा, रोली, आम या अशोक के 5 या 7 पत्ते, एक नारियल (पानी वाला), पान, इलायची, गाय का घी, फूल, फल, लाल चुनरी या कपड़ा, कलावा (मौली) और बताशे आदि सामग्री लगती है।
नवरात्रि में घर पर कैसे करें कलश स्थापना:
शारदीय नवरात्रि में घर पर कलश स्थापना करने के लिए सूर्योदय से पूर्व उठकर स्नान आदि करके स्वच्छ वस्त्र धारण करें। अब पूजा स्थल की साफ-सफाई करें। एक लकड़ी की चौकी लें और उस पर लाल रंग का साफ कपड़ा बिछाएं। चौकी पर मां दुर्गा की प्रतिमा या तस्वीर रखें। अब गंगाजल छिड़ककर शुद्धिकरण करें। मां दुर्गा को श्रृंगार का सामान अर्पित करें। इसके बाद माता रानी के सामने घी का दीपक जलाएं और उन्हें पान, सुपारी, लौंग, फल, मिठाई और इलायची आदि अर्पित करें।
अब एक कलश लें। कलश के चारों ओर कलावा बांधें और उस कलश पर नारियल रखें। अब एक मिट्टी का बर्तन या पात्र लें। उसमें शुद्ध मिट्टी भरें और फिर उसमें ज्वार या जौ फैलाएं। अब मिट्टी की एक और परत फैलाएं। अब इसमें थोड़ा सा पानी डालकर प्लेट से ढक दें। नवरात्रि के नौ दिन हर रोज थोड़ा-थोड़ा जौ को पानी देते रहें।
शारदीय नवरात्रि कलश स्थापना का शुभ मुहूर्त:
शारदीय नवरात्रि 2026 में कलश स्थापना या घटस्थापना 11 अक्टूबर 2026, रविवार को की जाएगी। कलश स्थापना के लिए प्रातःकाल शुभ मुहूर्त सुबह 6:19 बजे से 10:12 बजे तक रहेगा। घट स्थापना का अभिजित मुहूर्त सुबह 11:44 बजे से दोपहर 12:31 बजे तक रहेगा।
कलश के अंदर क्या-क्या डालना चाहिए:
नवरात्रि में स्थापना से पूर्व कलश के अंदर गंगाजल और जल डाला जाता है। इसमं शुभता का प्रतीक हल्दी की गांठ, अखंडता और मंगल की कामना के लिए साबुत सुपारी,धन-समृद्धि का प्रतीक सिक्का (रुपया), पूर्णता का प्रतीक अक्षत (बिना टूटे चावल) और सुगंध-शुभता के लिए लौंग-इलायची को डाला जाता है। कलश के मुख पर आम या अशोक के 5 या 7 हरे पत्ते रखे जाते हैं।
कलश पर नारियल का मुंह किधर होना चाहिए?
कलश पर रखे जाने वाले नारियल का मुख (डंठल वाला भाग) पूजा करने वाले भक्त की ओर या ऊपर की ओर होना चाहिए।
कलश स्थापना करते समय कौन-सा मंत्र बोलना चाहिए?
कलश को स्थापित करते समय इस प्रसिद्ध श्लोक को बोला जाता है:
“ॐ कलशस्य मुखे विष्णुः कण्ठे रुद्रः समाश्रितः।
मूले तत्र स्थितो ब्रह्मा मध्ये मातृगणाः स्मृताः॥
कुक्षौ तु सागराः सप्त सप्तद्वीपा च मेदिनी।
ऋग्वेदोऽथ यजुर्वेदः सामवेदो ह्यथर्वणः॥
अङ्गैश्च सहिता सर्वे कलशतु समागिताः।।”

