अगले 86 दिन तक इन 3 राशियों पर शनि की टेढ़ी नजर, साढ़ेसाती से कब मिलेगी राहत?
Shani Sade Sati on Mesh, Kumbh and Meen: शनि इस वक्त 11 दिसंबर तक मीन राशि में वक्री अवस्था में गोचर कर रहे हैं। जानिए शनि की साढ़े साती किन राशियों पर है और इन्हें कब राहत मिलने के चांस हैं?

वैदिक ज्योतिष शास्त्र में शनि की चाल सबसे पावरफुल मानी जाती है। शनि को कर्म और न्याय का देवता कहा जाता है। ऐसे में माना जाता है कि शनि हमेशा लोगों को कर्म और मेहनत के हिसाब से फल देते हैं। अच्छे कर्म किए हैं तो अच्छा फल और कुछ बुरा किया है तो उसी हिसाब से फल मिलेगा। बीते 27 जुलाई से शनि मीन राशि में हैं और तभी से उनकी चाल उलटी है। शनि की इस अवस्था को वक्री कहा जाता है। यानी शनि इस वक्त टेढ़ी चाल में हैं और इस दौरान कुछ राशियों को लाभ मिल रहा है तो वहीं कुछ को नुकसान हो रहा है। शनि की चाल का असर हर एक राशि पर पड़ता है।
इस वक्त मेष, कुंभ और मीन राशि वालों के लिए शनि की स्थिति सबसे महत्वपूर्ण है। शास्त्र के अनुसार इन तीनों राशियों पर अभी शनि की साढ़ेसाती है। तीनों राशियों पर 11 दिसंबर तक शनि की चाल का अलग-अलग असर होगा। 11 दिसंबर तक ही शनि वक्री अवस्था में हैं और इसी के बाद से वो मार्गी हो जाएंगे। ज्योतिष शास्त्र में माना जाता है कि जब भी शनि वक्री चाल चलते हैं तो लोगों के अधूरे काम या कोई भी पुरानी चीज दोबारा वापस लौटती है। इस दौरान जल्दबाजी में फैसला लेने की बजाय धैर्य रखना चाहिए।
साढ़ेसाती के पहले चरण में है मेष राशि
ज्योतिष शास्त्र के अनुसार मेष राशि वालों के लिए साढ़ेसाती का पहला चरण ही है। इस राशि के जातकों को महसूस हो सकता है कि नई जिम्मेदारियों से सब उलझ सा गया है। काम के पैटर्न में बदलाव नजर आ सकता है जिससे थोड़ी टेंशन वाली स्थिति बनी हुई है। फिलहाल के लिए टेंशन लेने से कुछ नहीं होगा। धैर्य से अपना काम करते रहें। पैसों के मामले में किसी भी तरह की जल्दबाजी ना दिखाएं।
आखिरी चरण में है कुंभ राशि की साढ़ेसाती
इस वक्त कुंभ राशि वालों पर साढ़ेसाती चल रही है। हालांकि ये आखिरी चरण में है। इस समय हो सकता है कि जिम्मेदारियां बढ़ी हुई लगे। भले ही लगातार मेहनत की जा रही हो लेकिन सही रिजल्ट पाने में थोड़ा समय लग सकता है। बस इस बात का ध्यान रखें कि अभी पैसे के मामले में जरा भी जल्दबाजी नहीं करनी है। कुंभ राशि पर साढ़ेसाती का आखिरी चरण ही है तो राहत भी जल्दी ही मिलने वाली है तब तक के लिए थोड़ा धैर्य रखना होगा।
साढ़ेसाती के महत्वपूर्ण चरण में है मीन राशि
इस समय मीन राशि वालों पर भी साढ़ेसाती है। इस राशि पर साढ़ेसाती का दूसरा यानी सबसे महत्वपूर्ण चरण चल रहा है। मीन राशि वालों को इस दौरान महसूस हो सकता है कि नौकरी या फिर बिजनेस के मामले में काम बढ़ रहा है। बस अपने खर्चों का सही बैलेंस बनाकर रखें। अगर कोई जरूरी फैसला लेना है तो पहले पूरा रोडमैप बना लें कि इसके अच्छे और बुरे पहलु क्या हो सकते हैं। सब कुछ समझने के बाद ही अंतिम फैसला लें।
साढ़ेपाती में राहत पाने के लिए करें ये उपाय
1. हर शनिवार शनिदेव की पूजा करें। उन्हें सरसों का तेल और काला तिल अर्पित करें।
2. शनिवार के दिन ही जरूरतमंद लोगों की सेवा करें। अपनी क्षमता के हिसाब से दान करें।
3. पीपल के पेड़ के नीचे हर शनिवार को सरसों का दीया जरूर जलाएं।


