अगले 9 महीने तक सिंह और धनु राशि पर भारी रहेंगे शनि, जानें कब हटेगी ढैय्या?
Shani dhaiya for singh and dhanu rashi: इस समय सिंह और धनु राशि पर शनि ढैय्या चल रही है। शनि ढैय्या की अवधि को ज्योतिष शास्त्र में अत्यंत कष्टकारी माना गया है। जानें शनि ढैय्या का सिंह और धनु राशि पर क्या असर रहेगा और कब मिलेगी मुक्ति?

Shani dhaiya end date for leo and sagittarius: आमतौर पर शनिदेव का नाम सुनते ही लोगों का मन भयभीत हो जाता है। लोगों को लगता है कि शनिदेव सिर्फ दंडित करते हैं लेकिन ऐसा नहीं है। ज्योतिष शास्त्र में शनि को न्याय देवता और कर्मफलदाता माना गया है। शनि के बारे में बताते हुए पंडित नरेंद्र उपाध्याय कहते हैं कि शनि हर मनुष्य को उसके कर्म के आधार पर फल प्रदान करते हैं। सभी को कर्म के अनुरूप फल देना ही न्याय कहलाता है। शनि की स्थिति को ज्योतिष शास्त्र में बहुत महत्वपूर्ण माना गया है। जब शनि राशि परिवर्तन या राशि गोचर करते हैं तो सभी 12 राशियां प्रभावित होती हैं। लेकिन कुछ विशेष राशियों राशियों पर शनि ढैय्या प्रारंभ होती है। इस समय शनि मीन राशि के गोचर में हैं और धनु और सिंह राशि पर शनि ढैय्या का प्रभाव है। अगर आप सिंह या धनु राशि के जातक हैं, तो जानें शनि का प्रभाव आपकी राशि से कब हटेगा और आने वाले 9 महीने कैसे बीतेंगे।
शनि की ढैय्या क्या होती है:
जब शनि ग्रह कुंडली में चौथे या आठवें भाव में आता है, तो शनि ढैय्या प्रारंभ होती है। शनि ढैय्या की अवधि 2.5 वर्ष की होती है। शनि की ढैय्या का हर व्यक्ति को सामना करना पड़ता है। आमतौर पर शनि ढैय्या के समय मानसिक तनाव, आर्थिक कष्ट और स्वास्थ्य संबंधी दिक्कतें व्यक्ति को रह सकती हैं। हालांकि व्यक्ति के अच्छे कर्म शनि के कष्टों को कम कर सकते हैं।
सिंह और धनु राशि से कब हटेगी शनि ढैय्या:
पंडित उपाध्याय के अनुसार, सिंह राशि पर शनि की ढैय्या 29 मार्च 2025 को प्रारंभ हुई थी। जब शनि मेष राशि के गोचर में आएंगे तब सिंह राशि से ढैय्या हट जाएगी। शनि का मेष गोचर 03 जून 2027 को होगा। धनु राशि से भी शनि के मेष राशि में आते ही ढैय्या हट जाएगी। इस तरह से करीब 9 महीने बाद जून 2027 के पहले सप्ताह में धनु और सिंह राशि से शनि ढैय्या खत्म हो जाएगी।
सिंह राशि पर शनि ढैय्या का प्रभाव:
पंडित उपाध्याय बताते हैं कि जब किसी राशि पर ढैय्या प्रारंभ होती है तो उसके नकारात्मक पक्ष के अलावा एक सकारात्मक पक्ष भी होता है। इस समय आध्यात्मिक झुकाव बढ़ता है। अचानक से धन लाभ या पैतृक संपत्ति से लाभ मिलने की संभावना बनती है। गूढ़ विद्याओं में रुचि जागती है। ढैय्या के दौरान सिंह राशि वालों को स्वास्थ्य संबंधी खास तौर पर पेट, जोड़ों या मानसिक तनाव का सामना रना पड़ सकता है। कार्यक्षेत्र में अचानक बदलाव हो सकता है। काम का अतिरिक्त बोझ या रुकावटें आ सकती हैं। वाहन प्रयोग में विशेष सावधानी बरतनी होती है।
धनु राशि पर शनि ढैय्या का प्रभाव:
धनु राशि पर शनि ढैय्या के सकारात्मक पक्ष की बात करें तो संपत्ति, भूमि या वाहन की खरीदारी के योग बन सकते हैं। हालांकि इस समय आप अति उत्साही होने से बचें। ढैय्या के प्रभाव के चलते आपको पारिवारिक जीवन में अशांति या कलह महसूस हो सकती है। मानसिक सुख-शांति में कमी आएगी। माता के स्वास्थ्य को लेकर चिंता हो सकती है। जीवनसाथी या किसी अन्य के साथ वैचारिक मतभेद हो सकते हैं। कार्यस्थल पर माहौल तनावपूर्ण रह सकता है। मेहनत का फल देर से मिल सकता है।
शनि ढैय्या के दौरान क्या उपाय करें:
1. प्रत्येक शनिवार को हनुमान चालीसा का पाठ करना चाहिए।
2. शनिदेव की कृपा पाने के लिए छाया दान (सरसों के तेल में अपना चेहरा देखकर दान) करना चाहिए और जरूरतमंदों की मदद करनी चाहिए।

