सावन पूर्णिमा पर चंद्र ग्रहण: क्या बदलेंगे स्नान-दान के नियम? जानें कब मनाएं रक्षा बंधन
Sawan Purnima Vrat Kab hai: हिंदू धर्म में पूर्णिमा तिथि का खास महत्व है लेकिन सावन माह की पूर्णिमा अत्यंत शुभ और महत्वपूर्ण मानी गई है। इस बार सावन पूर्णिमा पर चंद्र ग्रहण लग रहा है। जानें चंद्र ग्रहण के कारण क्या पूर्णिमा पर बदलेंगे स्नान-दान के नियम।

Sawan Purnima kab hai 2026: हिंदू कैलेंडर के अनुसार, किसी भी महीने का समापन पूर्णिमा तिथि से होता है। हिंदू धर्म में यूं तो हर पूर्णिमा तिथि महत्वपूर्ण मानी गई है लेकिन सावन माह की पूर्णिमा का विशेष महत्व है। इस दिन शिव भक्त भगवान शिव की पूजा और जलाभिषेक करने के साथ ही व्रत-उपवास करते हैं। इस दिन रक्षा बंधन या राखी का त्योहार भी मनाया जाता है। मान्यता है कि इस दिन भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा करने से जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। ज्ञान की प्राप्ति होती है और सुख-समृद्धि और खुशहाली आती है। सावन पूर्णिमा पर स्नान-दान का भी विशेष महत्व माना गया है। मान्यता है कि इस दिन किए गए दान-पुण्य का अक्षय फल प्राप्त होता है। हालांकि इस बार सावन पूर्णिमा पर चंद्र ग्रहण लग रहा है, जिसके कारण लोगों के बीच पूर्णिमा व्रत और स्नान-दान के नियमों को लेकर भ्रम की स्थिति है। आइए जानते हैं कि सावन पूर्णिमा का व्रत कब रखा जाएगा और स्नान-दान के नियम क्या चंद्र ग्रहण के कारण बदलेंगे।
सावन पूर्णिमा व्रत 27 या 28 अगस्त कब है:
पंचांग के अनुसार, सावन माह के शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा तिथि 27 अगस्त को सुबह 09 बजकर 09 मिनट पर प्रारंभ होगी और 28 अगस्त को सुबह 09 बजकर 47 मिनट पर समाप्त होगी। उदया तिथि मान्य होने के कारण सावन पूर्णिमा का व्रत 28 अगस्त को रखा जाएगा।
28 अगस्त को चंद्र ग्रहण पर क्या बदलेंगे स्नान-दान के नियम:
सावन पूर्णिमा पर साल का दूसरा और अंतिम चंद्र ग्रहण लगेगा। पूर्णिमा तिथि पर पवित्र नदी में स्नान और कुछ वस्तुओं का दान अत्यंत शुभ माना गया है। हिंदू धर्म में चंद्र ग्रहण के समय शुभ कार्यों की मनाही होती है, जिसके कारण पूर्णिमा पर स्नान-दान के नियम बदल जाते हैं। लेकिन सावन पूर्णिमा पर लगने वाला चंद्र ग्रहण भारत में नहीं दिखेगा। देश में ग्रहण की दृश्यता नहीं होने के कारण इसका सूतक काल भी मान्य नहीं होगा। जिसके कारण बिना किसी बाधा के पूर्णिमा तिथि पर धार्मिक कार्य या अनुष्ठान किए जा सकेंगे।
सावन पूर्णिमा पर स्नान-दान का शुभ मुहूर्त 2026:
सावन पूर्णिमा पर स्नान और दान का ब्रह्म मुहूर्त सुबह 04 बजकर 28 मिनट से सुबह 05 बजकर 12 मिनट तक रहेगा। इस दिन अभिजित मुहूर्त सुबह 11 बजकर 56 मिनट से दोपहर 12 बजकर 48 मिनट तक रहेगा।
रक्षा बंधन का त्योहार कब मनेगा:
रक्षा बंधन का त्योहार हर साल सावन पूर्णिमा पर मनाया जाता है। लेकिन पिछले चार सालों से भद्रा का साया होने के कारण रक्षा बंधन कई वर्ष दो दिन भी मनाया गया। लेकिन इस साल सूर्योदय से पूर्व ही भद्रा खत्म हो जाएगी, जिसके कारण सावन पूर्णिमा पर बिना किसी अड़चन के पूरे दिन राखी का त्योहार मनाया जा सकेगा। इस साल रक्षा बंधन 28 अगस्त को मनाया जाएगा।
राखी बांधने का शुभ मुहूर्त क्या है:
28 अगस्त को राखी बांधने का शुभ मुहूर्त सुबह 05 बजकर 57 मिनट से सुबह 09 बजकर 48 मिनट तक रहेगा। हालांकि इस दिन भद्रा का प्रभाव नहीं रहेगा। इस वजह से राहुकाल का विचार करके पूरे दिन राखी बांधी जा सकेगी।
भारत में कितने बजे से चंद्र ग्रहण शुरू होगा:
भारत में चंद्र ग्रहण सुबह 06:53 बजे प्रारंभ होगा और आंशिक चंद्र ग्रहण की शुरुआत सुबह 08:03 बजे होगी। ग्रहण अपने चरम पर सुबह 09:43 बजे रहेगा। ग्रहण का समापन सुबह 11:21 बजे होगा। पूरी तरह से ग्रहण का प्रभाव दोपहर 12:31 बजे समाप्त होगा।

