
आज भौम प्रदोष व्रत पर करें ये 5 उपाय, भगवान शिव के साथ प्रसन्न होंगे बजरंगबली
Bhaum pradosh vrat: सावन माह में भौम प्रदोष व्रत का संयोग दिन का महत्व बढ़ा रहा है। मान्यता है कि इस दिन भगवान शिव के साथ हनुमान जी की पूजा करने से साधक को शुभ फल मिलते हैं। जानें भौम प्रदोष व्रत के उपाय-
Bhaum Pradosh Vrat Upay: मंगलवार के दिन पड़ने वाले प्रदोष व्रत को भौम प्रदोष व्रत कहते हैं। इस समय सावन चल रहा है। सावन माह में भौम प्रदोष व्रत का संयोग बनने से भगवान शिव के साथ हनुमान जी की कृपा पाने का मंगलकारी योग बना है। भौम प्रदोष व्रत 22 जुलाई को है। मान्यता है कि भौम प्रदोष व्रत के दिन कुछ उपायों को करने से भगवान शिव के साथ बजरंगबली की कृपा प्राप्त होती है। जानें भौम प्रदोष व्रत के उपाय:

1. भगवान शिव व हनुमान जी की पूजा: भौम प्रदोष व्रत के दिन भगवान शिव के साथ हनुमान जी की पूजा का विशेष महत्व है। मंगलवार का दिन हनुमान जी को समर्पित है, जबकि प्रदोष व्रत भोलेनाथ को। इस दिन सूर्योदय से पूर्व उठकर शुभ मुहूर्त में पूजा-पाठ करना चाहिए। शिव चालीसा के साथ हनुमान चालीसा का पाठ करना चाहिए। मान्यता है कि ऐसा करने से सुख-समृद्धि की प्राप्ति होती है और मनोकामना पूर्ण होती है।
2. शिवलिंग का अभिषेक: भौम प्रदोष व्रत के दिन शिवलिंग पर गंगाजल, दूध, दही, कच्चा दूध और बेलपत्र अर्पित करना चाहिए। इस समय सावन चल रहा है, जिसके कारण शिवलिंग के अभिषेक का महत्व अधिक है। भगवान शिव का अभिषेक करते समय ओम नम: शिवाय मंत्र का जाप करना अत्यंत शुभ माना गया है। मान्यता है कि ऐसा करने से शुभता में वृद्धि होती है और कष्टों से मुक्ति मिलती है।
3. घी का दीपक: वैवाहिक जीवन या सेहत से जुड़ी परेशानियों को दूर करने के लिए भौम प्रदोष व्रत के दिन हनुमान चालीसा का पाठ करने के बाद बजरंगबाण का पाठ करना चाहिए। शाम के साथ हनुमान जी के सामने लाल बत्ती से घी का दीपक जलाना चाहिए। मान्यता है कि ऐसा करने से मनवांछित फल की प्राप्ति होती है।
4. कर्ज से मुक्ति के लिए: भौम प्रदोष के दिन कर्ज से मुक्ति होने के लिए आसन पर बैठकर हाथ जोड़कर ऋणमोचक मंगल स्रोत का 11 बार पाठ करना चाहिए। मान्यता है कि ऐसा करने से कर्ज से अतिशीघ्र मुक्ति मिलती है।
5. हनुमान जी को लगाएं भोग: जन्मकुंडली में मंगल ग्रह की अशुभ स्थिति होने पर हनुमान जी पूजा विशेष रूप से करनी चाहिए। भौम प्रदोष व्रत के दिन हनुमान जी की आटे व गुड़ से बने रोट लड्डू का भोग लगाना चाहिए। मान्यता है कि ऐसा करने से हनुमान जी की कृपा प्राप्त होती है।
इस आलेख में दी गई जानकारियों पर हम यह दावा नहीं करते कि ये पूर्णतया सत्य एवं सटीक हैं। इन्हें अपनाने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञ की सलाह जरूर लें।



