Santan saptami vrat katha: यहां पढ़ें संतान सप्तमी व्रत की सबसे पौराणिक कथा
Santan saptami vrat katha in hindi: हिंदू धर्म में संतान सप्तमी व्रत का विशेष महत्व है। इस दिन माताएं अपनी संतान की खुशहाली, लंबी आयु और सुख-समृद्धि के लिए उपवास रखती हैं। मान्यता है कि व्रत कथा पढ़ने या सुनने के बाद ही संपूर्ण फल की प्राप्ति होती है। पढ़ें संतान सप्तमी व्रत की कहानी।

Santan saptami vrat katha: भाद्रपद महीने के शुक्ल पक्ष की सप्तमी तिथि को संतान सप्तमी व्रत किया जाता है। यह व्रत करने वाले व्यक्ति को संतान सुख मिलता है और समस्त पापों का नाश होता है। इस व्रत के पुण्य प्रभाव से संतान दीर्घायु होती है और संकटों से मुक्ति मिलती है। इस व्रत में भगवान शिव और माता पार्वती की पूजा की जाती है। संतान सप्तमी का व्रत कथा के बिना अधूरा माना जाता है। कहा जाता है कि व्रत करने वाले हर व्यक्ति को व्रत कथा पढ़ना या श्रवण अवश्य करना चाहिए। यहां पढ़ें संतान सप्तमी व्रत की पौराणिक कहानी।
संतान सप्तमी व्रत की कथा:
एक दिन महाराज युधिष्ठिर ने भगवान से कहा- हे प्रभु! कोई ऐसा उत्तम व्रत बताएं जिसके प्रभाव से मनुष्य के सांसारिक दुख-दर्द दूर होकर वे पुत्र और पौत्रवान हो जाए। यह सुनकर भगवान बोले - हे राजन! तुमने बहुत ही उत्तम प्रश्न किया है। मैं तुमको एक पौराणिक इतिहास सुनाता हूं।
एक समय लोमष ऋषि ब्रजराज की मथुरापुरी में वसुदेव देवकी के घर गए । ऋषिराज को देखकर दोनों बहुत प्रसन्न हुए तथा उनको आसन पर बैठा कर उनका वंदन और सत्कार किया। वह प्रसन्न होकर उनको कथा सुनाने लगे। कथा कहते हुए लोमष ऋषि ने कहा -हे देवकी! दुष्ट दुराचारी कंस ने तुम्हारे कई पुत्र मार डाले हैं जिसके कारण तुम्हारा मन अत्यंत दुखी है। इसी प्रकार राजा नहुष की पत्नी चंद्रमुखी भी दुखी रहा करती थी, किंतु उसने संतान सप्तमी का व्रत विधि विधान सहित किया । जिसके प्रताप से उनको संतान का सुख प्राप्त हुआ।
रानी चंद्रमुखी का संपूर्ण वृतांत्त:
यह सुनकर देवकी ने हाथ जोड़कर मुनि से कहा - हे ऋषिराज! कृपा करके रानी चंद्रमुखी का संपूर्ण वृतांत्त और इस कथा का विधान विस्तार पूर्वक बताएं जिससे मैं भी इस दुःख से छुटकारा पा सकूं।
लोमष ऋषि ने कहा कि - हे देवकी ! अयोध्या का राजा नहूष थे उनकी पत्नी चंद्रमुखी अत्यंत सुंदर थी। उनके नगर में विष्णु गुप्त नाम का एक ब्राह्मण रहता था । उसकी पत्नी का नाम भद्रमुखी था। वह भी अत्यंत रूपवती सुंदर थी । रानी और ब्राह्मणी में अत्यंत प्रेम था। एक दिन दोनों सरयू नदी में स्नान करने के लिए गई। वहां उन्होंने देखा कि बहुत सी स्त्रियां सरयू नदी में स्नान करके निर्मल वस्त्र पहन कर एक मंडप में भगवान शिव और माता पार्वती की मूर्ति स्थापित कर पूजा कर रहीं।
रानी और ब्राह्मणी ने यह देखकर उन स्त्रियों से पुछा की बहनों ! तुम यह किस देवता का और किस कारण से पूजन व्रत आदि कर रही हो । यह सुन स्त्रियों ने कहा की हम संतान सप्तमी का व्रत कर रही है और हमने शिव पार्वती का पूजन चंदन आदि से पूजन किया है।
यह सुनकर रानी और ब्राह्मणी ने भी इस व्रत के करने का मन ही मन संकल्प किया और घर वापस लौट आई। ब्राह्मणी भद्रमुखी इस व्रत को नियमपूर्वक करती रही लेकिन रानी चंद्रमुखी राजपद के कारण कभी इस को करती, कभी नहीं करती। कभी भूल हो जाती थी।
किसे मिली कौन-सी योनि
कुछ समय बाद दोनों मर गईं दूसरे जन्म में रानी बंदरिया और ब्राह्मणी को मुर्गी की योनि मिली।ब्राह्मणी मुर्गी की योनि में भी कुछ नहीं भूली और भगवान शंकर तथा पार्वती का ध्यान करती रही , उधर रानी बंदरिया की योनि में भी सब कुछ भूल गईं। थोड़े समय के बाद दोनों ने यह देह त्याग दिया। अब इनका तीसरा जन्म मनुष्य योनि में हुआ। उस ब्राह्मणी ने एक ब्राह्मणी के यहां कन्या के रूप में जन्म लिया और ब्राह्मण कन्या का नाम भूषण देवी रखा गया और विवाह गोकुल निवासी अग्नि शील ब्राह्मण से किया गया।
भूषणदेवी इतनी सुंदर थी कि वह आभूषण रहित होते हुए भी अत्यंत सुंदर लगती थी। कामदेव की पत्नी रति भी उसके सम्मुख लजाती थी। भूषणदेवी के अत्यंत सुंदर सर्वगुण संपन्न चंद्रमा के सामान धर्मवीर, कर्मनिष्ठ और सुशील स्वभाव वाले 8 पुत्र हुए। यह सब भगवान शिव के व्रत का फल था। दूसरी ओर शिव विमुख रानी के गर्भ से कोई पुत्र नहीं हुआ, वह निःसंतान दुखी रहने लगी । रानी और ब्राह्मणी में जो प्रीति पहले जन्म में थी वह अब भी बनी रही ।
रानी जब वृद्ध अवस्था को प्राप्त होने लगी तब उसके गंगा बहरा तथा बुद्धिहीन अल्प आयु वाला पुत्र हुआ वह नौ वर्ष की आयु में इस क्षण भंगुर संसार को छोड़कर चला गया । अब तो रानी पुत्र शोक से अत्यंत दुखी हो व्याकुल रहने लगी। दैवयोग से भूषण देवी ब्राह्मणी , रानी के यहां अपने पुत्रों को लेकर पहुंची रानी का हाल सुनकर उसे भी बहुत दुख हुआ किन्तु इसमें किसी का क्या वश था। कर्म के लिखे को स्वयं ब्रह्मा भी मिटा नहीं सकते थे।
रानी को आया ब्राह्मणी पुत्रों की हत्या का विचार
रानी कर्मच्युत भी थी ऐसी कारण उसे दुख भोगना पड़ा । इधर रानी ब्राह्मणी के इस वैभव और आठ पुत्रों को देखकर अपने मन में ईर्ष्या करने लगी तथा उसके मन में पाप उत्पन्न हुआ। उस ब्राह्मणी ने रानी का संताप दूर करने के निमित्त अपने आठों पुत्र रानी के पास छोड़ दिए। रानी ने पाप के वशीभूत होकर उन ब्राह्मणी पुत्रों की हत्या करने के विचार से लड्डू में विष मिलाकर उनको खिला दिया लेकिन भगवान शंकर की कृपा से एक भी बालक की मृत्यु नहीं हुई।
यह देखकर तो रानी अत्यंत आश्चर्य चकित हुई और इस रहस्य का पता लगाने की मन में ठान ली। भगवान की पूजा से निवृत्त होकर जब भूषणदेवी आई तो रानी ने उससे कहा की मैंने तेरे पुत्रों को मारने के लिए इनको जहर मिलाकर लड्डू खिलाया था लेकिन इनमें से एक भी नहीं मरा तूने कौन सा दान , पुण्य और व्रत किया है जिसके कारण तेरे यह पुत्र नहीं मरे और तू नित नए सुख भोग रही है। तेरा बड़ा सौभाग्य है । इसका भेद तू मुझसे बताएं मैं तेरी बड़ी ऋणी रहूंगी।
ब्राह्मणी ने बताया व्रत का महत्व:
रानी के ऐसे दीन वचन सुनकर भूषण ब्राह्मणी कहने लगी - सुनो तुमको तीन जन्म का हाल कहती हूं , सो ध्यानपूर्वक सुनना। पहले जन्म में तुम राजा नहुष की पत्नी थी और तुम्हारा नाम चंद्रमुखी था। मेरा भद्रमुखी था और ब्राह्मणी थी, हम तुम अयोध्या में रहते थे और मेरी तुम्हारी बड़ी प्रीति थी। एक दिन दोनों सरयू नदी में स्नान करने गए और दूसरी स्त्रियों को संतान सप्तमी का उपवास शिवजी का पूजन अर्चना करते देख कर हमने इस उत्तम व्रत को करने की प्रतिज्ञा की थी। लेकिन तुम सब कुछ भूल गई और झूठ बोलने का दोष तुमको लगा और तुम आज भी भोग रही हो ।
मैंने इस संतान सप्तमी व्रत को आचार विचार सहित नियम पूर्वक हमेशा किया और आज भी करती हूं। दूसरे जन्म में तुमने बंदरिया का जन्म लिया और मुझे मुर्गी की योनि मिली। भगवान शंकर की कृपा से इस व्रत के प्रभाव और भगवान को इस जन्म में भी नहीं भूली और उस व्रत को नियमानुसार करती रही। तुम अपने बंदरिया के जन्म में भी भूल गई । मैं तो समझती हूं कि तुम्हारे ऊपर यह जो भारी संकट है उसका एकमात्र यही कारण है और दूसरा कोई इसका कारण नहीं हो सकता है। इसलिए मैं तो कहती हूं कि अब भी संतान सप्तमी व्रत को विधि सहित करिए जिससे तुम्हारा यह संकट दूर हो जाए।
लोमश ऋषि ने कहा - हे देवकी ! भूषण ब्राह्मणी के मुख से अपने पूर्व जन्म की कथा तथा संतान सप्तमी व्रत संकल्प इत्यादि सुनकर रानी को पुरानी बातें याद आ गई और पश्चाताप करने लगी तथा भूषण ब्राह्मणी के चरणों में पड़कर क्षमा याचना करने लगी और भगवान शंकर - माता पार्वती की अपार महिमा के गीत गाने लगी ।
रानी ने किया विधिपूर्वक व्रत
उस दिन से रानी नियमानुसार संतान सप्तमी का व्रत किया जिसके प्रभाव से रानी को संतान सुख भी मिला और सम्पूर्ण सुख भोग कर रानी शिवलोक को गई । भगवान शंकर के व्रत का ऐसा प्रभाव है व्यक्ति अनंत ऐश्वर्य भोगकर मोक्ष को प्राप्त होता है। लोमश ऋषि ने फिर कहा हे देवकी ! तुम भी इस संतान सप्तमी व्रत को करने का संकल्प अपने मन में करो तो तुमको भी संतान सुख मिलेगा । इतनी कथा सुनकर देवकी हाथ जोड़कर लोमश ऋषि से पुछने लगी हे ऋषिराज ! मैं इस पुनीत संतान सप्तमी के व्रत को अवश्य करुंगी , कृपा आप कल्याणकारी एवं संतान सुख देने वाले इस संतान सप्तमी व्रत का विधान , नियम विधि आदि विस्तार से समझाएं।
यह सुनकर ऋषि बोले - हे देवकी ! यह पुनीत संतान सप्तमी व्रत भादों के महीने में शुक्लपक्ष की सप्तमी के दिन लिया जाता है । उस दिन ब्रह्म मुहूर्त में उठकर किसी नदी अथवा कुएं के पवित्र जल में स्नान करके निर्मल वस्त्र पहनने चाहिए। भगवान शंकर और माता पार्वती जी की मूर्ति की स्थापना करनी चाहिए। मूर्ति या प्रतिमाओं के सम्मुख सोने चांदी के तारों या रेशम का एक गंडा बनवाकर उस गंडे में सात गांठे लगानी चाहिए। इस गंडे को धूप , दीप , अष्ट गंध से पूजा करके अपने हाथ में बांधे और भगवान शंकर से अपनी कामना सफल होने की प्रार्थना करें।
सात पुए का भोग
सात पुए बनाकर भगवान का भोग लगाएं और सात ही पुए और समार्थ्य अनुसार सोने या चांदी की अंगूठी बनाकर इन सबको एक तांबे के बर्तन में रखकर और उनका विधि से पूजन करके किसी ब्राह्मण को दान दें। इसके बाद सात पुए स्वयं प्रसाद के रूप में ग्रहण करें ।
इस प्रकार इस संतान सप्तमी व्रत का परायण करना चाहिए । प्रतिसाल की शुक्लपक्ष की सप्तमी के दिन , हे देवकी ! इस व्रत को इस प्रकार करने से समस्त पाप नष्ट होते हैं और भाग्यशाली संतान उत्पन्न होती है तथा अंत में शिवलोक की प्राप्ति होती है । हे देवकी! मैंने तुमको संतान सप्तमी का व्रत सम्पूर्ण विधान विस्तार सहित वर्णन किया है। उसको अब तुम नियम पूर्वक करो , जिससे तुमको उत्तम संतान पैदा होगी । इतनी कथा कहकर भगवान श्री कृष्ण ने युधिष्ठिर से कहा कि श्री लोमष ऋषि इस प्रकार हमारी माता को शिक्षा देकर चले गए। ऋषि के कथानुसार हमारी माता देवकी ने इस व्रत को नियमानुसार किया जिसके प्रभाव से मेरा जन्म हुआ।
विशेष कल्याणकारी है व्रत
यह व्रत विशेष रूप से स्त्रियों के लिए कल्याणकारी है लेकिन पुरुषों को भी समान फल प्रदान करता है। संतान सुख देने वाला पापों का नाश करने वाला यह उत्तम व्रत है। नियम पूर्वक जो कोई इस व्रत को करता है और भगवान शंकर और पार्वती जी की सच्ची मन से आराधना करता है निश्चय ही अंत में शिवलोक को जाता है।

